App

‘आजाद उड़ान’ का अमेरिकी संदेश: शी को ट्रंप का बाल्ड ईगल गिफ्ट, लाल रंग में सजा व्हाइट हाउस और मेन्यू में खास डिशेस

चीनी राष्ट्रपति की यात्रा को यादगार बनाने के लिए अमेरिका ने पलक-पांवड़े बिछा दिए हैं. वेन्यू को दुल्हन की तरह ट्रेडिशनल चाइनीज़ स्टाइल में सुर्ख लाल रंग की चीज़ों से सजाया गया है. ट्रंप ने जिनपिंग को गिफ्ट में 'बाल्ड ईगल' सौंपा है. स्टेट डिनर की कमान खुद मेलानिया ट्रंप ने संभाली है. डिनर में परोसी जाने वाली लजीज डिशेस के बारे में जानकर आपके पेट में भी चूहे दौड़ने लगेंगे.

‘आजाद उड़ान’ का अमेरिकी संदेश: शी को ट्रंप का बाल्ड ईगल गिफ्ट, लाल रंग में सजा व्हाइट हाउस और मेन्यू में खास डिशेस
Image Credit: (White House)

अमेरिका और चीन के बीच रिश्तों को मजबूत करने के नाम पर आयोजित शी जिनपिंग का दौरा अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुका है. मेल-मुलाकातों का लब्बोलुआब यानी निचोड़ यह रहा कि ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के रिश्ते परस्पर सम्मान पर टिके हैं. यूएस-चीन ने एक सच्ची और मजबूत दोस्ती बनाई है. वहीं, शी जिनपिंग ने अमेरिका के साथ बातचीत और सहयोग को और गहरा करने की पैरवी करते हुए कहा कि दोनों महाशक्तियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को किसी भी हाल में सैन्य टकराव की तरफ नहीं बढ़ना चाहिए.

इस बीच, ट्रंप ने शी जिनपिंग को जो खास गिफ्ट दिया है, उसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है.

यूं तो वैश्विक नेताओं और राष्ट्राध्यक्षों के दौरे में तोहफों का आदान-प्रदान सामान्य शिष्टाचार होता है. उसी परंपरा को फॉलो करते हुए ट्रंप ने जिनपिंग को अमेरिका के आधिकारिक पक्षी 'बाल्ड ईगल' की एक रेप्लिका सौंपी है. इस खास गिफ्ट की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा, 'मैं राष्ट्रपति शी को एक खास अमेरिकी कलाकार का बनाया हुआ तोहफा भेंट कर रहा हूं. यह कलाकार दुनिया के महानतम कलाकारों में से एक है और इस तोहफे को मेलानिया और मैंने मिलकर डिजाइन किया है. 'बाल्ड ईगल' अमेरिका का राष्ट्रीय प्रतीक है और यह अमेरिका की आजाद और ऊंची उड़ान भरने वाली भावना का प्रतीक है. हमें उम्मीद है कि इसे बीजिंग में एक अच्छी और शानदार जगह मिलेगी.'

बाल्ड ईगल का इतिहास

बाल्ड ईगल को अमेरिका में राष्ट्रीय पक्षी का दर्जा मिला है. यह पक्षी बीते 250 से अधिक वर्षों से अमेरिका की शक्ति और ताकत का प्रतीक रहा है. इस प्रतीक चिन्ह का इस्तेमाल सदियों से सरकारी दस्तावेजों में हो रहा था, लेकिन इसे विधिवत कानूनी दर्जा 24 दिसंबर 2024 को राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में मिला. बाल्ड ईगल अपने सफेद सिर, पीली चोंच और भूरे रंग के आकर्षक शरीर के लिए जाना जाता है.

बाल्ड ईगल संयुक्त राज्य अमेरिका की मुहर पर दिखाई देता है. इस मुहर का उपयोग अमेरिका के आधिकारिक दस्तावेजों में 1782 से किया जा रहा है. यह मुहर ईगल, एक जैतून की शाखा, तीर, एक ध्वज जैसी ढाल और सितारों के एक समूह से बनी है. इस पर 'ई प्लुरिबस यूनम' आदर्श वाक्य लिखा हुआ है.

कैंडल्स की रोशनी में प्रेजेंट किया गिफ्ट

जब ट्रंप शी जिनपिंग को दिए गिफ्ट को उन्हें सौंप रहे थे, तब वहां अंधेरा किया गया था. ट्रंप जब गिफ्ट के बारे में सबको बता रहे थे. उस दौरान उनके बगल में व्हाइट हाउस के दो कर्मचारी गिफ्ट की अनबॉक्सिंग करने के लिए तैयार खड़े थे. स्पीच के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की 'आजाद उड़ान' का संदेश देने वाले 'बाल्ड ईगल' को शी जिनपिंग को सौंपा.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के लिए व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में 'स्टेट डिनर' की मेजबानी करने जा रहे हैं. डिनर की सभी तैयारियों की कमान खुद फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने संभाली है.

स्टेट डिनर का मेनू है खास

इस स्टेट डिनर के मेनू में अमेरिकी खान-पान के स्वादों के साथ चीनी जायके का हल्का-सा टच दिया गया है, जो दोनों देशों की पाक कला की परंपराओं को एक साथ लाता है. डिनर की शुरुआत 'श्राम्सबर्ग ब्लैंक डी नोयर' वाइन के टोस्ट यानी जाम टकराने से होगी. यह 1972 में बीजिंग में राष्ट्रपति निक्सन और चीनी प्रधानमंत्री चाउ एनलाई के बीच हुए ऐतिहासिक 'टोस्ट टू पीस' (शांति के लिए जाम) की याद दिलाएगा.

इसके बाद स्टार्टर में 'येलो स्क्वैश वेलौटे' यानी कद्दू और पेठे का खास सूप परोसा जाएगा. इसमें ताजी जड़ी-बूटियों के साथ भुने हुए जंगली मशरूम का सोंधा स्वाद होगा. इसके जायके को और यम्मी बनाने के लिए इसमें कुरकुरा 'पैन्केटा' यानी पोर्क और हल्का-सा प्याज का ऑयल मिलाया गया है.

इसके बाद मेहमानों को 'सेसमी क्रस्टेड सी बास' यानी तिल की कोटिंग वाली समुद्री मछली परोसी जाएगी. इसे कुरकुरी बेबी बोक चॉय (चीनी बंदगोभी), रोस्टेड बैंगन और ताजी जड़ी-बूटियों से बनी ग्रीन सॉस के साथ पेश किया जाएगा.

इस आधिकारिक राजकीय डिनर का समापन 'वैनिला क्रेम्यू' नाम की एक खास वैनिला मिठाई के साथ होगा, जिसमें खट्टी चेरी का मुरब्बा (सॉर चेरी कन्फिट) और अखरोट से बनी 'फ्रैंगिपेन' होगी. डेजर्ट में व्हाइट हाउस के अपने ही बगीचे से निकाले गए शहद से बनी आइसक्रीम भी शामिल होगी. आपको बताते चलें कि फर्स्ट लेडी ने इसी साल अप्रैल में व्हाइट हाउस परिसर में एक नया मधुमक्खी का छत्ता लगवाया था.

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सजावट

स्टेट डिनर के दौरान क्लासिकल सिंगर क्रिस्टोफर मैकियो गाना सुनाएंगे. मैकियो ने ही 2025 के राष्ट्रपति शपथ ग्रहण समारोह में अपनी गायकी का जादू बिखेरा था. इसी दौरान अमेरिकी मरीन कॉर्प्स और अमेरिकी सेना के मिलिट्री बैंड भी संगीत प्रस्तुत करेंगे. व्हाइट हाउस की सजावट में चीनी और अमेरिकी परंपराओं की झलक साफ दिखाई दे रही है. मेज-कुर्सियों को लाल फूलों, गहरे लाल रंग के कपड़ों (लिनेन), डहेलिया, रैननकुलस और व्हाइट हाउस संग्रह के सुनहरे बर्तनों से बड़े शानदार तरीके से सजाया गया है. इस खास आयोजन में रोशनी यानी लाइटिंग का भी जबरदस्त इंतजाम किया गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More