'नतीजों में हुई गड़बड़ी!' अमेरिका मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप
यूएस मिडटर्म चुनाव के परिणामों पर डोनाल्ड ट्रंप द्वारा उठाए गए सवालों और चुनावी धांधली के गंभीर आरोपों की पूरी कवरेज. जानिए ट्रंप के इन दावों के पीछे के मुख्य कारण और अमेरिकी राजनीति पर इसके क्या प्रभाव पड़ सकते हैं.
अमेरिका में मिड टर्म चुनाव में मिली करारी हार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पचा नहीं पा रहे हैं. अब उन्होंने मिड टर्म चुनाव के नतीजों को लेकर नए राग अलापने शुरू कर दिए हैं. उनका कहना है कि चुनाव के नतीजे स्वाभाविक नहीं थे. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया के ट्रूथ प्लेटफॉर्म पर कहा कि पोलिंग के गलत साबित होने, अर्ली वोटिंग के दौरान अचानक आए वोटों की संख्या और वोटिंग मशीनों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया और इस पूरी चुनावी प्रक्रिया की ईमानदारी को पूरी तरह खारिज किया है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, क्या सच में कोई मानता है कि यह "चुनाव" ईमानदार था? मतदान के नतीजे इतने गलत कैसे हो सकते हैं??? शुरुआती वोटिंग के दौरान कुछ जगहों पर इतने भारी संख्या में वोट डाले गए कि किसी और के लिए जीतना नामुमकिन था, चाहे कितने भी लोग वोट देने क्यों न जाते. यह सब मशीनों का खेल है, जो मतदाताओं से कहीं ज़्यादा अहम हैं!'
क्या वाकई यह चुनाव निष्पक्ष था?
डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव के नतीजों पर सीधा सवाल उठाते हुए पूछा है कि क्या वाकई कोई इस बात पर विश्वास कर सकता है कि यह चुनाव पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से हुआ था? उनके मुताबिक, नतीजों को देखकर ऐसा लगता है जैसे मतदान की पूरी प्रक्रिया में सब कुछ वैसा नहीं था जैसा कि होना चाहिए था.
यह भी पढ़ेंः मिड-टर्म में हार से तिलमिलाए डोनाल्ड ट्रंप, बोले- अमेरिका पीछे चला गया, पहले से ज्यादा ताकतवर होकर लौटेंगे!
ओपिनियन पोल इतने गलत कैसे साबित हो गए?
चुनावी नतीजों से पहले जो पोल और सर्वे दिखाए जा रहे थे, वे हकीकत से बिल्कुल अलग निकले. ट्रंप का सवाल है कि जो ओपिनियन पोल लगातार कुछ और ही इशारा कर रहे थे, वे अचानक इतने बड़े पैमाने पर गलत कैसे साबित हो सकते हैं? इतने बड़े अंतर को केवल अनुमान की भूल मान लेना आसान नहीं है.
अर्ली वोटिंग में वोटों के अचानक 'डंपिंग' का खेल
ट्रंप ने अर्ली वोटिंग (समय से पहले दिए गए वोट) की गिनती की प्रक्रिया पर बड़ा आरोप लगाया है. उनका कहना है कि गिनती के दौरान अचानक वोटों के इतने बड़े-बड़े 'डंप' (अचानक एक साथ भारी संख्या में वोट आना) सामने आए, जिन्होंने मुकाबले का पूरा पासा ही पलट दिया. ये संख्याएं इतनी चौंकाने वाली और विशाल थीं कि चुनाव के दिन चाहे कितने भी लोग वोट देने पहुंचे हों, उनके लिए इस अंतर को पाट पाना या जीतना पूरी तरह से असंभव हो गया था.
जनता का वोट नहीं, मशीनों का रोल सबसे बड़ा?
बयान का सबसे अहम और तीखा हिस्सा चुनाव में इस्तेमाल होने वाली वोटिंग मशीनों से जुड़ा है. ट्रंप का मानना है कि इस बार के चुनाव का फैसला आम जनता की राय या उनके वोटों से तय नहीं हुआ, बल्कि मशीनों की भूमिका सबसे प्रमुख रही. उनका कहना है कि आज के समय में मतदाता के अपने वोट से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण और असरदार ये मशीनें बन चुकी हैं, जो सीधे तौर पर नतीजों की दिशा तय कर रही हैं.
यह भी पढ़ेंः समंदर के बाद अब जमीन से ईरान का दम घोंटने की तैयारी! अमेरिका ने उतारे 20 'सीक्रेट' खिलाड़ी, क्या है मकसद?