)
एक कहावत आपने सुनी होगी कि 'सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली'. इस बिल्ली की तरह ही कुछ हरकतें पाकिस्तान भी कर रहा है. पाकिस्तान खुद पूरी दुनिया में आतंकवाद को लेकर सुर्खियों में बना रहता है और हाल ही में उसने अपने पड़ोसी देश अफगानिस्तान के अंदर मौजूद 25 आतंकवादी संगठनों की लिस्ट सौंप दी है. जबकि, इस दौरान वो यह भूल गया कि उसकी खुद की जमीन पर मसूद अजहर, हाफिज सईद, जकीउर्रहमान लखवी जैसे सैकड़ों ऐसे आतंकी पल रहे हैं, जिनपर संयुक्त राष्ट्र ने ही पाबंदी लगा रखी है.
सबसे पहले जानते हैं कि पाकिस्तान ने हाल ही में क्या किया है? संयुक्त राष्ट्र गुटेरेस पाकिस्तान दौरे पर हैं. उनका यह तीसरा पाकिस्तानी दौरा है. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर, उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार, गृह मंत्री मोहसिन नकवी से मुलाकात की. नकवी ने गुटेरेस से मुलाकात के दौरान अफगानिस्तान में एक्टिव 25 कथित आतंकवादी संगठनों की लिस्ट सौंपी है.
साथ ही नकवी ने यह भी कहा कि अफगानिस्तान में मौजूद ये 'आतंकवादी' संगठन पूरी दुनिया की शांति-सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं. हालांकि वो 25 नाम कौन से उनकी लिस्ट सामने नहीं आई है, लेकिन पाकिस्तान लगातार TTP समेत कई अन्य संगठनों को लेकर अफगानिस्तान पर आरोप लगाता रहता है. दोनों देश आपस में काफी लंबे से लड़ रहे हैं और एक दूसरे पर हमले करते रहते हैं. इसी कड़ी में पाकिस्तान ने यह लिस्ट संयुक्त राष्ट्र महासचिव को सौंपी है.
दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान इस दौरान खुद अपने 'मूल किरदार' को भूल गया. वो ये भूल गया कि दुनिया भर के तमाम बड़े आतंकियों का किसी ना किसी तरह पाकिस्तान से संबंध रहता ही है. इसके अलावा उसकी जमीन पर अभी भी हाफिज सईद और मसूद अजहर, जकीउर्रहमान लखवी जैसे खूंखार आतंकी पल रहे हैं. वो ये भूल गया कि 9/11 जैसे खौफनाक हमलों का मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन उनके घर में मारा गया था.
पाकिस्तानी न्यूज वेबासाइट पर कुछ वर्ष पहले छपी एक रिपोर्ट पर यकीन करें, तो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की लिस्ट में कुल मिलाकर 139 एंट्री पाकिस्तान से जुड़ी हुई हैं. हालांकि, रिपोर्ट थोड़ी पुरानी है इसलिए कुछ नाम ऊपर नीचे जरूर हुए होंगे, यह आंकड़ा यकीनन 100 के आसपास ही होगा. ये 139 एंट्री ऐसी हैं, जिनमें आतंकवादी/ संगठन पाकिस्तान में रहता है या पाकिस्तान की जमीन से आतंकी गतिविधियां चलाता है या फिर पाकिस्तान में एक्टिव किसी आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ है.