SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मकान की दरकार, सड़कों पर अंगार: किराया निगल रहा 99% कमाई, 14 साल बाद स्पेन में हड़ताल

स्पेन में बढ़ते किराए और आबादी के हिसाब से घरों की कमी ने लोगों के गुस्से की चिंगारी को और भड़का दिया है. देशव्यापी हड़ताल के दौरान बार्सिलोना-मैड्रिड समेत कई शहरों में प्रदर्शन जारी हैं. प्रदर्शनकारी रेंट में कटौती के साथ किरायेदारों के अधिकार और सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. इस आंदोलन ने 29 नवंबर को प्रस्तावित चुनाव से पहले सरकार पर सियासी दबाव बढ़ा दिया है.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 12, 2026, 05:49 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 07:16 AM IST
Image Credit: (एआई)
Join

स्पेन में बढ़ती महंगाई और आसमान छूते किराए के खिलाफ बार्सिलोना समेत कई शहरों में लाखों की तादाद में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल काटा. एक दिन की देशव्यापी हड़ताल के बीच प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने अपना उग्र रूप दिखाया. ये लोग किराये में भारी बढ़ोतरी और प्रॉपर्टी की आसमान छू रही कीमतों के खिलाफ हड़ताल पर उतरे थे. इस प्रदर्शन में 40 लाख कामगारों ने भी हिस्सा लिया. स्पेन के समुद्री पोर्ट और कार फैक्ट्रियों के करीब 90 फीसदी से ज्यादा कर्मचारियों ने इस हड़ताल में शामिल हुए. इस दौरान पुलिस के साथ हुई झड़पों में 20 प्रदर्शनकारी घायल हो गए और 40 लोगों को अरेस्ट किया गया.

प्रदर्शन के दो रंग कहीं हिंसा-कहीं दिखी पीड़ा

हालत ये है कि छोटा सा जनता फ्लैट या किसी ठीकठाक सोसायटी का 1 BHK फ्लैट भी आम लोगों की पहुंच से दूर हो गया हैं. घरों का किराया भी बेतहाशा बढ़ा है. बढ़े रेंट के खिलाफ तमाम संगठनों और ट्रेड यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया था. आम चुनावों से करीब महीने भर पहले हुई हड़ताल ने सरकार के पसीने छुड़ा दिए हैं. वो भी तब, जब स्पेन में 29 नवंबर को समय से पहले आम चुनाव होने हैं.

कई जगह प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्ति को आग के हवाले किया है. वहीं पुलिस के साथ कई झड़प होने की खबरें सामने आ रही हैं. सरकारी संपत्ति के साथ-साथ कुछ लोगों के घरों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया है. खिड़कियों के शीशे तोड़े जाने की खबरें आई हैं.

ट्रेड यूनियनों के बयान के मुताबिक स्पेन में 7,50,000 घरों की कमी है. वहां एक युवा कर्मचारी की औसत मंथली इनकम का करीब 99% हिस्सा किराए चुकाने में खत्म हो जाता है.

हिंसक हुआ प्रदर्शन-बारिश के बावजूद डटे

स्पेन में कई जगहों पर हिंसा और आगजनी की खबरें सामने आ रही हैं. प्रदर्शनकारी तेज बारिश के बावजूद सड़कों पर डटे रहे. हिंसा करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है. सरकार सोशल मीडिया पर मैसेजों की पड़ताल कर रही है.

स्पेन में बवाल

 

'किराया कमर तोड़ रहा' 

इस हड़ताल ने लोगों को 14 साल पहले 2012 में हुई स्ट्राइक की याद दिला दी है. तब 2012 में यूरो जोन के कर्ज संकट के दौरान स्पेन सरकार की किफायत वाली नीतियों के विरोध में देशभर में काम बंद किया गया था. एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि सैलरी का सबसे बड़ा हिस्सा किराया देने में निकल जाता है. अब तो हमारे पास खाने तक के लाले पड़ गए हैं.

ठप पड़ा स्पेन!

इस हड़ताल को स्पेन के दो सबसे बड़े श्रमिक संगठनों UGT और CCOO ने समर्थन दिया है. इनके साथ किरायेदारों के हक में आवाज उठाने वाले संगठन भी इस आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. ये लोग देश में लगातार बढ़ते किराए और मकान खाली कराए जाने की घटनाओं से भड़के हुए हैं.

मकान मालिकों की मनमानी के विरोध में ‘बेला चाओ’

बार्सिलोना में प्रदर्शनकारियों ने बेहतर जीवन और किफायती आवास की मांग करते हुए एक एंटी फासीवादी सॉन्ग ‘बेला चाओ’ को गाते हुए अपने इरादों को जता दिया. 

इन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में युवाओं के लिए अपना घर लेना तो दूर, ठीक से किराए का घर लेना मुश्किल हो गया है.

चुनाव के बाद सुधरेंगे हालात?

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बार्सिलोना के एक चौराहे पर उमड़ी हजारों लोगों खासकर युवाओं की भीड़ ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. इसी दौरान 35 साल  के एक प्रदर्शनकारी गेम्मा ट्रुलोल्स ने कहा, 29 नवंबर के बाद जो लोग सत्ता संभालेंगे, यह उनके लिए भी एक चेतावनी है. हमें हर हाल में सस्ता किराया चाहिए और सरकार को मकान मालिकों की कथित 'गुंडागर्दी' पर भी लगाम लगनी चाहिए. ये तभी संभव है जब किरायेदारों को भी उनके अधिकार मिले.

स्पेन के मजदूर संगठनों ने हड़ताल को सफल बताया, हालांकि देश के अलग अलग हिस्सों में इसका असर एक जैसा नहीं रहा. तटीय इलाकों में इसका प्रभाव ज्यादा दिखा, जहां घरों और किराए की बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों में नाराजगी सबसे ज्यादा है.

संबंधित खबरें

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES