)
धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी एक बार फिर अपने सबसे भव्य और अलौकिक उत्सव के लिए सजने जा रही है. 24 नवंबर को शिव की नगरी में देव दीपावली मनाई जाएगी. जिसकी तैयारियां हो रही हैं. देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित होगा, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन तैयारियों की समीक्षा की है. सीएम की बैठक में इस साल आयोजन को भव्यता के साथ-साथ हाई-टेक सुरक्षा और सुगम यातायात के नए मानकों पर उतारने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया.
11 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाएंगे घाट/कुंड
इस साल देव दीपावली की रात काशी के सभी पक्के घाट, गंगा का रेतीला तट और शहर के 100 से अधिक कुंड 11 लाख से ज्यादा दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे. मुख्यमंत्री ने देव दीपावली को काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत बताया है. साथ ही उन्होंने निर्देश दिए हैं कि इस आयोजन का उल्लास केवल मुख्य घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि सारनाथ, प्रमुख धार्मिक स्थलों और ग्रामीण इलाकों तक भी पहुंचे.
पर्यटकों के लिए खास इंतजाम
श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए कई इंतजाम किए जा रहे हैं. जहां दशाश्वमेध घाट पर होने वाली महाआरती आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगी, वहीं चेत सिंह घाट पर भव्य लेजर शो का आयोजन होगा. इसके अलावा, श्री काशी विश्वनाथ धाम के ठीक सामने आसमान में ग्रीन आतिशबाजी का नजारा देखने को मिलेगा, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा.
गंगा में टू-वे लेन सिस्टम, हाई-टेक सुरक्षा घेरा
भारी भीड़ और जल यातायात को नियंत्रित करने के लिए इस बार कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं. जल परिवहन को सुरक्षित बनाने के लिए गंगा नदी में पहली बार नावों के संचालन के लिए 'टू-वे लेन सिस्टम' लागू किया जाएगा, जिससे नौका विहार के दौरान जाम या टकराव की स्थिति न बने. सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर बनाए जाएंगे. चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 27 वॉच टावर बनाए जा रहे हैं और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी. साथ ही, पर्यटकों की तत्काल सहायता के लिए पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी.
जानें क्या है ट्रैफिक और पार्किंग प्लान?
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट और वाहनों के लिए 31 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं. किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटने के लिए शहर के 14 अस्पतालों को जोड़ते हुए 'ग्रीन कॉरिडोर' तैयार होगा. इसके अलावा, घाटों और शहर को साफ रखने के लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा.
कुल मिलाकर, प्रशासन का पूरा फोकस इस बात पर है कि काशी आने वाला हर श्रद्धालु और पर्यटक सुरक्षित, सुगम और दिव्य अनुभूति के साथ वापस लौटे.