16 दिसंबर को ढाका लौटेंगी शेख हसीना? बांग्लादेश के Victory Day पर घर वापसी की तारीख तय! विमान भेजने की मांग
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत में निर्वासन के बाद स्वदेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है. बांग्लादेश की आजादी की सालगिरह और 'विजय दिवस' की धूम के बीच अपनी घरवापसी को लेकर उनकी एक ख्वाहिश यह भी है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार उन्हें दिल्ली से लाने के लिए राष्ट्रीय विमान सेवा का इंतजाम करे.
शेख हसीना 16 दिसंबर को सरकारी विमान से बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. निर्वासित और अपदस्थ प्रधानमंत्री हसीना, भारत में दो साल से अधिक समय तक निर्वासन में रहने के बाद वतन वापसी की तैयारियों में जुटी हैं. हसीना द्वारा निर्धारित तारीख आने में भले अभी तीन हफ्ते का वक्त बाकी हो, लेकिन 16 दिसंबर की तारीखी अहमियत ने सीमा के इस पार और उस पार तमाम अटकलों को हवा दे दी है. मंगलवार को हसीना के प्रवक्ता के बयान से साझा हुई इस जानकारी ने नई दिल्ली से ढाका तक की सियासी हलचल बढ़ा दी हैं.
अगर ऐसा हुआ तो कैसे होगा?
इस गंभीर और बेहद संवेदनशील विषय को लेकर दोनों देशों में भले ही सियासी चुप्पी छाई हो, लेकिन हसीना के प्रवक्ता के बयान की चर्चा जोर पकड़ चुकी है.
प्रत्यर्पण या फिर ससम्मान वापसी जैसे सवाल उमड़-घुमड़ रहे हैं. ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि 16 दिसंबर की ये तारीख, 1971 के मुक्ति संग्राम के बाद बांग्लादेश के पाकिस्तान से आजादी की सालगिरह के रूप में धूमधाम से मनाई जाती है.
हसीना की ख्वाहिश
हसीना ने पहली बार अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है, इसके बाद बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका है. शेख हसीना की सियासी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा है.
उनकी वतन वापसी की खबरों के बीच देश में एक बार फिर से हिंसा बढ़ी है. हाल ही में हसीना ने नया पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल करने की कोशिश की थी, क्योंकि अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़कर दिल्ली आने के कुछ महीनों बाद उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था.
अब शेख हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश सरकार उन्हें राष्ट्रीय विमान सेवा 'Biman Bangladesh Airlines' के जरिए दिल्ली से ढाका वापस लाने की व्यवस्था करे. हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बयान में कहा कि 5 अगस्त 2024 को हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था. इसलिए अब ये वर्तमान सरकार की जिम्मेदारी है कि वो उनकी वापसी के लिए भी एक विमान की व्यवस्था करे.
(ये भी पढ़ें- 'अगर मौत ही मुकद्दर है तो अपनी सरजमीं पर मरना पसंद करूंगी': शेख हसीना बोलीं- दिसंबर तक बांग्लादेश लौटूंगी)
प्रतिक्रिया का इंतजार
प्रवक्ता ने कहा कि हसीना 16 दिसंबर यानी Victory Day के दिन बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. खबर लिखे जाने तक बांग्लादेश सरकार की ओर से इस मांग पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. हालांकि, बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को कहा था कि हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. मंत्री के मुताबिक, हसीना को वापस लाने के लिए भारत से विमान भेजने को लेकर दोनों देशों के बीच अभी कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है.
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में शेख हसीना की सरकार के खिलाफ हुए कथित छात्र आंदोलन और उसके बाद भड़की हिंसा की आग में 1,400 तक लोग मारे गए थे.
बांग्लादेश की 'वॉर क्राइम' कोर्ट ने पिछले साल नवंबर के महीने में हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी. उन पर छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक कार्रवाई का आदेश देने का आरोप लगा था. हालांकि हसीना निर्वासन में रहते हुए अपने ऊपर लगे इन आरोपों से इनकार करती रही हैं.