App

ठंडी हवाओं से कांपेगा बिहार! 19 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी, जानें अपने जिले का हाल

बिहार में ठंड का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग ने पटना समेत 19 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है.

ठंडी हवाओं से कांपेगा बिहार! 19 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी, जानें अपने जिले का हाल
Image Credit: बिहार वेदर अपडेट (AI IMAGE)

बिहार में अब धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है, नवंबर का महीना खत्म होने वाला है और मौसम में बदलाव साफ दिखने लगा है. सुबह और शाम के समय ठंड अब ज्यादा महसूस हो रही है जबकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है. मौसम विभाग ने आज पटना समेत राज्य के 19 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है.

पिछले 24 घंटे में समस्तीपुर और बेगूसराय में घना कोहरा देखने को मिला. यहां सुबह के समय विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो गई थी ऐसे में सुबह सड़क और हाईवे पर गाड़ी चलाने वालों को परेशानी हो सकती है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान तापमान में बदलाव की संभावना जताई है. अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.

दिन में धूप के कारण मौसम थोड़ा गर्म रहेगा लेकिन सुबह और रात में ठंड बढ़ेगी. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आसमान साफ रहने से दिन में धूप निकल रही है जबकि रात में तापमान तेजी से गिर रहा है. उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं का भी असर दिख रहा है और ऐसे में आने वाले दिनों में बिहार में ठंड और बढ़ सकती है.

पटना समेत अन्य जिलों में कितना रहेगा तापमान?
- उत्तर-पश्चिम बिहार: पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 14 से 16 डिग्री रहने का अनुमान है.
- उत्तर-मध्य बिहार: सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री रह सकता है.
- उत्तर-पूर्व बिहार: सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री रहने की संभावना है.
- दक्षिण-पश्चिम बिहार: बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री रह सकता है.
- दक्षिण-मध्य बिहार: पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री रहने का अनुमान है.
- दक्षिण-पूर्व बिहार: भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री रह सकता है.

24 नवंबर को कोहरे को लेकर क्या है अलर्ट?
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, 24 नवंबर को बिहार के किसी भी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है. इससे पहले समस्तीपुर और बेगूसराय में घना कोहरा देखने को मिला था. कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है.

कहां सबसे कम और कहां सबसे ज्यादा रहेगा तापमान?
पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री रह सकता है.

अधिकतम तापमान की बात करें तो सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर समेत उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में पारा 28 से 30 डिग्री तक पहुंच सकता है. पश्चिम चंपारण समेत उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री रहने का अनुमान है.

वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी है. कम दृश्यता के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है. इसके अलावा, कोहरे में मौजूद सूक्ष्म कणों और प्रदूषकों से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

संध्या यादव एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News की रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हाइपरलोकल खबरों, राजनीति, अपराध और जनहित से जुड़े मुद्दों की कवरेज उनकी खासियत है.उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. इसके बाद मीडिया जगत में अपने करियर की शुरुआत की. Zee News से पहले वे Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम कर चुकी हैं. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने न्यूज प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.Mail : sandhya.yadav@zeemedia.comX Handle : https://x.com/JournosandhyaFacebook : https://www.facebook.com/sandhya.yadav.7906
Read More