App

दिल्ली में खूनी संघर्ष: लड़की से दोस्ती को लेकर भिड़े नाबालिग, चाकूबाजी में दो घायल; एक की हालत गंभीर

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में लड़की से दोस्ती को लेकर हुए विवाद में दो नाबालिग घायल हो गए. एक की हालत गंभीर है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया.

दिल्ली में खूनी संघर्ष: लड़की से दोस्ती को लेकर भिड़े नाबालिग, चाकूबाजी में दो घायल; एक की हालत गंभीर
Image Credit: Delhi Stabbing Case

सचिन बिड़लान/नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में लड़की से दोस्ती को लेकर हुआ विवाद चाकूबाजी में बदल गया. दो किशोरों के बीच हुई कहासुनी के बाद चाकू से हमला कर दिया गया. इस वारदात में दो नाबालिग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

लड़की से दोस्ती को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, घटना न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के सुभाष पार्क की है. जानकारी के मुताबिक, यहां दो नाबालिगों के बीच एक लड़की से दोस्ती को लेकर बहस हो गई.  देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक किशोर ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया. ये भी बताया जा रहा है कि बीच-बचाव करने आए दूसरे किशोर पर भी चाकू से वार किए गए.

एक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

चाकूबाजी की इस घटना में हिमांशु और सौरव नाम के दो नाबालिग घायल हो गए हैं. दोनों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई जा रही है.  घायलों को उपचार के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया.  हिमांशु की हालत स्थिर बताई गई है, जबकि सौरव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

प्रत्यक्षदर्शी मोनू ने बताया कि वह सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच जिम जा रहा था, तभी उसने सड़क पर ताजा खून देखा. आगे जाकर लोगों ने बताया कि चाकूबाजी हुई है. इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा, जहां घायल युवक को टांके लगाए जा रहे थे, बाद में पुलिस उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गई. मोनू के मुताबिक मौके पर कुछ किताबें भी पड़ी थीं और घायल युवक इलाके के स्थानीय निवासी नहीं लग रहे थे. वहीं इलाके में दहशत के सवाल पर उसने कहा कि घबराने वाली कोई बात नहीं है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

आरोपी नाबालिग हिरासत में

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है.उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More