)
Medical Seats Donor Quota Controversy: एक बार फिर मेडिकल कॉलेजों में दाखिले को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. इस बार मामला MBBS सीटों से जुड़ा हुआ है और आरोप है कि मेडिकल की सीटें करोड़ों रुपये में बेची जा रही हैं. ये मामला 'डोनर कोटा' और 'ट्रस्ट कोटा' से संबंधित है. आरोप है कि इन कोटे के तहत मेडिकल सीटों का आवंटन पारदर्शी तरीके से नहीं किया जा रहा है. इस मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है.
कोर्ट ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) से शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इन कोटे के तहत दाखिला लेने वाले सभी छात्रों का रिकॉर्ड मांगा है, जिसमें उन छात्रों के मार्क्स और रैंक भी शामिल होने चाहिए. आइए इस पूरे मामले के बारे में विस्तार से जानते हैं.
मेडिकल सीट का डोनर कोटा विवाद मामला पश्चिम बंगाल के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में से जुड़ा है. एक छात्र ने डोनर और ट्रस्ट कोटे के तहत एडमिशन में कथित अनियमितताओं और पैसों के लेनदेन का आरोप लगाते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की है.
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील का कहना है कि राज्य मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने 11 अगस्त 2026 को एक नोटिफिकेशन जारी कर ऑफलाइन तरीके से सीटों के आवंटन की अनुमति दी थी. इस पर सवाल उठाते हुए दलील दी गई कि NEET UG की मेरिट लिस्ट और निर्धारित ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया से अलग हटकर इस तरह एडमिशन कैसे दिया जा सकता है?
याचिकाकर्ता के वकील ने आरोप लगाया कि डोनर और ट्रस्ट कोटे के नाम पर सीट अलॉट की प्रक्रिया में ट्रांसपेरेंसी की कमी है. इससे पैसों के लेनदेन के माध्यम से सीटें दिए जाने की आशंका पैदा होती है और मेरिट के आधार पर दाखिला पाने के योग्य उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है. दाखिला लेने वाले कुछ छात्रों के डोमिसाइल सर्टिफिकेट की वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं.
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान डोनर कोटे को लेकर कहा गया कि अगर कोई उम्मीदवार योग्य नहीं है तो वो कैसे बड़ी रकम देकर MBBS में दाखिला हासिल कर सकता है? इसके अलावा कोर्ट ने एनएमसी और एमसीसी से पूछा कि MBBS में दाखिले के लिए NEET UG की परीक्षा और मेरिट आधारित काउंसलिंग की व्यवस्था हैं तो ऐसे में किस आधार पर सीटों को अलॉट किया जा रहा है? जानकारी के लिए बता दें कि अभी कोर्ट ने करोड़ों रुपये के लेनदेन और सीटों की बिक्री के आरोपों की पुष्टि नहीं की है. इसे लेकर आगे जांच की जा रही है. इन आरोपों पर संबंधित पक्षों और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कोई फैसला लिया जा सकता है.
कलकत्ता हाई कोर्ट ने NMC और MCC से सीट बिक्री मामले को लेकर अपना पक्ष रखने के अलावा रिपोर्ट जमा करने के लिए भी कहा है. दोनों को 4 दिसंबर 2026 तक कोर्ट को जवाब देना होगा और रिपोर्ट जमा करनी होगी. अगली सुनवाई तक कोर्ट की ओर से आदेश दिया गया है कि डोनर और ट्रस्ट कोटे की संबंधित सीटों पर कोई नया दाखिला नहीं किया जाएगा.