SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्या अंतरिक्ष से एलियंस भेज रहे हैं सिग्नल? 63 प्रकाश वर्ष दूर से आई रहस्यमयी आवाज ने वैज्ञानियों को चौंकाया!

वैज्ञानिकों ने पृथ्वी से 63 प्रकाश वर्ष दूर एक बहुत बड़े ग्रह से बार-बार आ रहे रेडियो सिग्नल पकड़े हैं, जो अपने बृहस्पति से भी करीब 12 गुना भारी है.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Sep 23, 2026, 11:11 PM IST | Updated: Sep 23, 2026, 11:16 PM IST
Image Credit: अंतरिक्ष की अथाह गहराइयों से पहली बार एक अनोखा रेडियो सिग्नल मिला.
Join

क्या हमारे सौरमंडल के बाहर भी कोई दुनिया है, जो सिग्नल भेज रही है? यह सवाल इसलिए उठा है, क्योंकि अंतरिक्ष की अथाह गहराइयों से पहली बार एक अनोखा रेडियो सिग्नल मिला है, जिसने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है. दक्षिण अफ्रीका के एक हाईटेक टेलीस्कोप से पता चला है कि यह सिग्नल किसी तारे से नहीं, बल्कि सीधे उसी ग्रह से निकल रहा है, जहां हमारी पृथ्वी से हजारों गुना ज्यादा ताकतवर चुंबकीय तूफान आ रहे हैं. यह किसी एलियन का संदेश नहीं है, बल्कि उस ग्रह पर होने वाली एक बेहद ताकतवर कुदरती घटना का नतीजा है, जिसे वैज्ञानिक पहली बार इतने करीब से समझ पाए हैं.

'हार्वर्ड एंड स्मिथसोनियन सेंटर फॉर एस्ट्रोफिजिक्स' और 'यूनिवर्सिटी ऑफ ओरेगन' के शोधकर्ताओं की एक टीम ने पुष्टि की है कि ये रेडियो तरंगें पृथ्वी से लगभग 63 प्रकाश वर्ष दूर स्थित 'बीटा पिक्टोरिस बी' (Beta Pictoris b) नाम के एक विशाल गैसीय एक्सोप्लैनेट (सौरमंडल के बाहर स्थित ग्रह) से आ रही हैं.

बृहस्पति से करीब 12 गुना बड़ा है यह ग्रह

'बीटा पिक्टोरिस बी' नाम का यह ग्रह पहली बार साल 2008 में खोजा गया था. अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के मुताबिक, यह इतना विशाल है कि इसका द्रव्यमान हमारे सौरमंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति से भी करीब 12 गुना ज्यादा है. यह अपने तारे से काफी दूर है और उसका एक चक्कर लगाने में इसे 23 साल से भी ज्यादा का समय लग जाता है. वैज्ञानिकों को इस इलाके से पहले भी रेडियो सिग्नल मिल रहे थे, लेकिन उस वक्त ऐसी तकनीक नहीं थी जिससे यह साफ हो सके कि आवाज तारे की है या उसके चक्कर लगा रहे ग्रह की.

दक्षिण अफ्रीका के टेलीस्कोप ने सुलझाई पहेली

सिग्नल असल में कहां से आ रहा है, यह पक्का करने के लिए वैज्ञानिकों ने दक्षिण अफ्रीका के ताकतवर 'मीरकैट' (MeerKAT) रेडियो टेलीस्कोप की मदद ली. इस टेलीस्कोप से पूरे इलाके की कई बार बारीकी से जांच की गई. इस आधुनिक टेलीस्कोप की वजह से वैज्ञानिक तारे के शोर को अलग कर पाए और सीधे 'बीटा पिक्टोरिस बी' से निकल रही रेडियो तरंगों को साफ-साफ पकड़ लिया. इस पूरी रिसर्च की जानकारी फिलहाल arXiv प्लेटफॉर्म पर शेयर की गई है, जिसकी समीक्षा जल्द ही एक प्रतिष्ठित साइंस जर्नल में पूरी की जाएगी.

क्या यह किसी एलियन का मैसेज है?

अंतरिक्ष से जब भी कोई रहस्यमयी सिग्नल मिलता है, तो सबसे पहले यही ख्याल आता है कि कहीं दूसरी दुनिया के जीवों (एलियंस) ने संपर्क तो नहीं साधा? लेकिन वैज्ञानिकों ने साफ कर दिया है कि यह किसी एलियन का भेजा हुआ मैसेज नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष में होने वाली एक कुदरती घटना है.

वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह सिग्नल उस ग्रह पर उठने वाले बेहद विशाल 'ऑरोरा' (ध्रुवीय रोशनी) की वजह से निकल रहा है. जैसे हमारी पृथ्वी के उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों पर आसमान में खूबसूरत हरी-नीली रोशनी चमकती है, ठीक वैसा ही वहां भी हो रहा है फर्क सिर्फ इतना है कि उस ग्रह पर यह नजारा पृथ्वी से लाखों गुना ज्यादा बड़ा और भयंकर है.

आखिर कैसे पैदा हो रही हैं ये रहस्यमयी रेडियो तरंगें?

अंतरिक्ष से आ रहे बेहद तेज और ऊर्जा से भरे कण जब इस ग्रह के भारी-भरकम चुंबकीय क्षेत्र के असर में आकर इसके वायुमंडल से टकराते हैं, तो वहां से बड़े पैमाने पर रेडियो ऊर्जा निकलती है. 'बीटा पिक्टोरिस बी' अपनी धुरी पर बहुत तेज रफ्तार से लट्टू की तरह घूमता है. यह ग्रह सिर्फ 8 से 9 घंटे में ही अपना एक चक्कर पूरा कर लेता है. इतनी तेज रफ्तार की वजह से वहां जबरदस्त करंट (इलेक्ट्रिकल करंट) पैदा होता है, और यही वजह है कि ये रेडियो सिग्नल थोड़ी-थोड़ी देर में बार-बार छूटते हैं. वैज्ञानिकों के अनुसार, इस ग्रह की चुंबकीय ताकत हमारी पृथ्वी से करीब 2,500 गुना ज्यादा है.

खगोल विज्ञान के लिए यह खोज इतनी खास क्यों है?

सौरमंडल के बाहर मौजूद किसी ग्रह के चुंबकीय क्षेत्र (मैग्नेटिक फील्ड) का यह पहला सीधा सबूत और नाप-जोख है. वैज्ञानिकों का मानना है कि इस खोज से दूर मौजूद नए ग्रहों की अंदरूनी बनावट, उनके माहौल और वहां जीवन की संभावनाओं को समझने में काफी मदद मिलेगी. रिसर्चर्स का कहना है कि हमारे अपने सौरमंडल के ग्रहों में ऐसी रोशनी और रेडियो तरंगें पहले भी देखी गई हैं, लेकिन अंतरिक्ष के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब सौरमंडल के बाहर किसी ग्रह से आ रहे रेडियो सिग्नल की बिना किसी संशय के 100% पक्की पहचान हुई है.

ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका को एआई सुपरपावर बनाये रखना चाहते हैं तो एंथ्रोपिक के पीछे क्यों पड़े हैं?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES