यमन में सऊदी का कहर, हूतियों का पलटवार: एयरस्ट्राइक में 27 की मौत, रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल-ड्रोन से हमला
यमन के हूती विद्रोहियों ने कहा कि सऊदी गठबंधन ने एयरस्ट्राइक की है, जिसमें कई लोगों की जान गई. हुतियों ने दावा किया कि उनकी ओर से भी जवाबी कार्रवी की गई और रियाद एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया.
सऊदी अरब और यमन के हूतियों के बीच फिर से संघर्ष बढ़ा है. हूती नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि राजधानी सना के पूर्व में स्थित अल-शरिया गांव में सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के हवाई हमलों में 27 लोग मारे गए और 36 अन्य घायल हो गए. इतना ही नहीं हूतियों ने दावा किया कि इस हमले के जवाब में सऊदी पर पलटवार भी किया गया है. हूतियों का दावा है कि मिसाइल और ड्रोन से सऊदी अरब पर निशाना साधा गया.
हूती संचालित अल-मसीरा टीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, गांव में बचावकर्मियों और घरों को निशाना बनाया गया. दावा है कि आसमान में लगातार सैन्य विमान उड़ते नजर आए. चैनल ने दावा किया कि उसके दो कर्मचारी भी इस हमले में घायल हुए हैं. इससे ठीक एक दिन पहले यानी शनिवार (07 नवंबर) को यमन में एक बड़ा हमला हुआ था. उस वक्त दक्षिण-पश्चिमी ताइज प्रांत के एक भीड़भाड़ वाले बाजार को निशाना बनाया गया था. हमले में कम से कम 30 लोगों की जान गई थी.
रियाद एयरपोर्ट पर हमले का दावा
शनिवार देर रात हूती विद्रोहियों की ओर ओर से अपने जवाबी एक्शन का ऐलान किया गया. यमन के हुतियों ने कहा कि सऊदी अरब और यमन में उनके लड़ाकों ने कई बड़े सैन्य अभियान चलाएं हैं. इनमें क्रूज मिलाइल, ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया गया. हूतियों का कहना है कि इन हमलों में तेल सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया.
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारिया ने दावा किया कि पहला हमला सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हुआ था, जहां पर किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया. इसके अलावा तेल कंपनी अरामको के तेल भंडारण टैंक पर भी हमला किया गया.
वहीं, हूतियों के सैन्य प्रवक्ता ने दो अन्य अभियानों की जानकारी भी दी है, जिसमें सऊदी अरब के अल दुवादिमी इलाके में एक पंपिंग स्टेशन पर हुआ हमला शामिल है. हूतियों ने दावा किया कि ये हमले सफल रहे. हालांकि, किसी नुकसान की जानकारी दोनों ओर से स्पष्ट नहीं की गई है.
यमन में भी चलाए सैन्य अभियान
सबसे खास बात है कि हूती विद्रोहियों ने यमन के भीतर भी सैन्य अभियान चलाना शुरू कर दिया है. यमन में दो सैन्य अभियान चलाए जाने की जानकारी सामने आई है. ये हमले यमन के उत्तरी अल-जौफ प्रांत और पूर्वी यमन के तेल समृद्ध मारिब प्रांत में हुए, जहां पर सऊदी समर्थित यमनी सरकारी बलों को निशाना बनाया गया. (इनपुट- रॉयटर्स)
यह भी पढ़ें: न डॉक्टर बनने की चाह, न मेडिकल में दिलचस्पी; पाकिस्तान में क्यों बदली युवाओं की सोच?
यह भी पढ़ें: इजरायल में नेतन्याहू दौर खत्म! राष्ट्रपति ने आइजेनकोट को सरकार बनाने के लिए बुलाया, 67 सांसदों का मिला समर्थन