Flydubai Cockpit Attack Case Omani Co-Pilot Update: सउदी अरब ने फ्लाईदुबई (flydubai) उड़ान के दौरान पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला करने वाले ओमान के को-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सौंप दिया है. इसके साथ ही, कैप्टन स्मित को भी बेहतर इलाज के लिए दुबई में शिफ्ट कर दिया गया है.
सऊदी अरब के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि उसकी शुरुआती जांच में संकेत मिलता है कि उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया था. तबुक में नीचे उतारे जाने के बाद दोनों पायलटों का अस्पताल में इलाज किया गया. इसके बाद उन्हें यूएई की सुरक्षा टीमों के साथ समन्वय करके अबू धाबी रवाना कर दिया गया.
यूएई के अधिकारी इस घटना की तह में जाने में जुटे हैं. वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों पायलटों में टकराव किस वजह से हुआ और आपातकालीन लैंडिंग के क्या कारण थे. फिलहाल कैप्टन मच्छार की हालत सुरक्षित और स्थिर है. जबकि ओमानी को-पायलट हिरासत में है.
यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह इस घटना पर करीब से नजर रख रहा है. घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है. यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कॉकपिट में आखिर क्या हुआ था, जिससे परिस्थितियां बिगड़ गईं. पायलट को चाकू मारने के बाद क्या सह-पायलट ने विमान को नियंत्रित करने का प्रयास किया या उसे दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की.
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना में ईरान का हाथ होने की आशंका से इनकार नहीं किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें घटना के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं है लेकिन इसमें शिया मुल्क ईरान का हाथ होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
कैप्टन मच्छार की सेहत अच्छी- भारतीय राजदूत
यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल में कैप्टन मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की. इसके बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करके मिशन ने कहा, 'कैप्टन मच्छार की सेहत अच्छी है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं. दूतावास उनकी निरंतर चिकित्सा देखभाल और भलाई सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है.'