App

'क्वाड सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद समाधान', मनीला में PM मोदी ने बताया भारत का रुख, वैश्विक मंच पर फिर छाई कूटनीति

लंबे समय के बाद क्वाड के शीर्ष नेताओं की फिर मुलाकात हुई है. मनीला में आयोजित आसियान सम्मेलन के इतर क्वाड के चारों शासनाध्यक्षों ने बैठक की. इस मीटिंग में पीएम मोदी ने कहा कि क्वाड महज एक संगठन नहीं बल्कि शांति के लिए भरोसेमंद समाधान है.

'क्वाड सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद समाधान', मनीला में PM मोदी ने बताया भारत का रुख, वैश्विक मंच पर फिर छाई कूटनीति
Image Credit: फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित क्वाड समिट 2026 में बोलते हुए पीएम मोदी

फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं की समिट हो रही है. समिट में बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'भारत के लिए, क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है. समुद्री सुरक्षा से लेकर भरोसेमंद सप्लाई चेन तक, नई तकनीकों से लेकर आपदा प्रबंधन तक, हमारी यही कोशिश रही है कि क्वाड भरोसेमंद समाधान प्रदान करे.'

हमने जहां से शुरुआत की, वहीं पर मिल रहे- पीएम मोदी

क्वाड नेताओं के साथ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आप सभी से मिलकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है. मनीला और क्वाड का एक पुराना और विशेष संबंध रहा है. 2007 में, चारों देशों के अधिकारी पहली बार इसी स्थान पर मिले थे. इसके 10 साल बाद 2017 में, इसी शहर में हमने अपनी बातचीत फिर से शुरू की थी. आज इस ऐतिहासिक शहर में एक बार फिर क्वाड बैठक का आयोजन होना एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. पिछले साल जनवरी से लेकर अब तक हमारे विदेश मंत्रियों की 5 बार मुलाकात हो चुकी है. यह हमारी राजनीतिक इच्छाशक्ति और हमारी साझेदारी के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है.'

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समिट में कहा, 'क्वाड देशों की नौसेनाओं ने हाल ही में जापान के पास 30वां वार्षिक 'मालाबार' संयुक्त नौसेना अभ्यास आयोजित किया, जहां हमारे नौसैनिकों ने पनडुब्बी-रोधी और सतह-रोधी (Anti-Surface) युद्ध अभ्यास पूरा किया. आज के समय में पनडुब्बी-रोधी युद्ध अभ्यास बहुत महत्वपूर्ण है. हम सतह-रोधी युद्ध अभ्यास तो लंबे समय से करते आ रहे हैं, लेकिन पनडुब्बी-रोधी अभ्यास तेजी से और अधिक महत्वपूर्ण होता जा रहा है. हमारी पनडुब्बियां बेमिसाल हैं, हम दुनिया में सबसे बेहतरीन पनडुब्बियां बनाते हैं. अब हम ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों के साथ इस पर काम कर रहे हैं. हमारी पनडुब्बियां बेहद आधुनिक हैं.'

मोदी, ताकाइची सख्त इंसान, मैं भी ठीक-ठाक हूं- ट्रंप

पीएम मोदी और जापान की पीएम ताकाइची का जिक्र करते हुए ट्रंप बोले, 'इन लोगों और इन देशों के साथ हमारे बहुत बेहतरीन संबंध हैं. शुरुआत से ही. मैं लंबे समय से इन तीनों के साथ हूं और ये बहुत शानदार लोग हैं. ये मेरे दोस्त हैं. इसलिए इससे मदद मिलती है. वैसे, वह एक बहुत सख्त आदमी हैं, और वह (जापानी पीएम) शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं. हम भी ठीक ही हैं.'

क्वाड की मजबूती पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा, 'यह हमारे लिए काफी बेहतरीन साल रहा. क्वाड का पुनरुत्थान हुआ है और हमारा सहयोग केवल बढ़ा ही है, साथ ही हमारी दोस्ती और गहरी हुई है. हम सब दोस्त हैं. इस तरह काम करना बहुत आसान हो जाता है. ये देश पूरी दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों का प्रतिनिधित्व करते हैं. हम दुनिया के सबसे सफल देशों में से हैं और कुछ मायनों में दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल हैं. हमारे देश एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और बेहद समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार स्तंभ हैं. हमारे बीच बेहतरीन संबंध हैं और हम क्षेत्रीय सुरक्षा तथा आर्थिक कूटनीति के मुद्दों पर मिलकर निकटता से समन्वय करते हैं.'

(ये ब्रेकिंग खबर है. अपडेट की जा रही है.)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More