)
दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज 'बाइनेंस' में हुई क्रिप्टोकरेंसी चोरी के मामले में अमेरिका और उत्तर कोरिया आमने-सामने आ गए हैं. अमेरिकी खुफिया एजेंसी FBI ने दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल करेंसी चोरी के लिए उत्तर कोरिया को जिम्मेदार ठहराया है. अमेरिका के इन आरोपों से उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग भड़क गईं और उन्होंने अमेरिका को हद में रहने की चेतावनी दी है. किम की बहन ने कहा कि अमेरिका को वार्निंग देते हुए कहा कि उनके देश के प्रति वाशिंगटन हमेशा से शत्रुतापूर्ण नीति रखता है. किम यो जोंग ने कहा कि अगर अमेरिका ने अपनी नीतियों को नहीं बदला, तो उत्तर कोरिया भी कड़ा जवाब देगा. उन्होंने कहा कि हम 'बाइनेंस' हैकिंग की घटना को कोई अचानक हुई दुर्घटना या किसी निजी साजिश के रूप में नहीं देखते, बल्कि इसे DPRK के प्रति वाशिंगटन की लगातार शत्रुतापूर्ण नीति का ही एक हिस्सा मानते हैं.
अमेरिका के आरोपों पर भड़कीं किम यो जोंग
किम यो जोंग ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले साइबर क्राइम मामलों में सीधे नॉर्थ कोरिया का नाम घसीट रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भ्रम फैला रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका की ऐसी उकसावे वाली गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं. सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के अनुसार, किम यो जोंग ने कहा कि जब DPRK (उत्तर कोरिया) के प्रति अमेरिका की शत्रुतापूर्ण नीति को लागू करने में नए रिकॉर्ड बन रहे हैं, तो यह स्वाभाविक है कि हमारी जवाबी कार्रवाई में भी नए रिकॉर्ड बनें.
नॉर्थ कोरिया ने फिर किया मिलाइल परीक्षण
क्रिप्टोकरेंसी चोरी के मामले पर अमेरिका के साथ तनातनी के बीच उत्तर कोरिया ने एक बार फिर से अपनी सैन्य क्षमताओं का प्रदर्शन करते हुए रणनीतिक क्रूज मिसाइलों का परीक्षण भी किया. इस दौरान किम यो जोंग ने अमेरिका के साथ बातचीत और परमाणु निरस्त्रीकरण की संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका के साथ आमने-सामने बैठकर बात करने की कोई आवश्यकता नहीं है. KCNA के मुताबिक, सोमवार (2 नवंबर) को उत्तर कोरिया ने नई क्लस्टर-म्यूनिशन वॉरहेड (विस्फोटक सामग्री) से लैस रणनीतिक क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया.
परमाणु निरस्त्रीकरण से साफ इनकार
बता दें कि परमाणु हथियारों से लैस उत्तर कोरिया ने हाल ही में कई तरह के हथियारों का परीक्षण किया है, जिनमें अटैक ड्रोन, एक नया प्रिसिजन-गाइडेड टॉरपीडो सिस्टम और मध्यम दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल शामिल हैं. नॉर्थ कोरिया की परमाणु नीति पर किम यो जोंग ने साफ कहा कि शांति के विकल्प में बेशक बातचीत शामिल है, लेकिन हमारे लिए इसे राष्ट्रीय हितों के बराबर नहीं माना जा सकता. उन्होंने साफ कहा कि हमारा स्पष्ट रुख यह है कि हमें ऐसे अविश्वसनीय और शत्रुतापूर्ण लोगों के साथ आमने-सामने बैठने की कोई जरूरत नहीं है, जो बातचीत की बात तो करते हैं, लेकिन टकराव की अपनी नीति को छोड़ने से इनकार करते हैं.