)
बीती रात भारत में जब करोड़ों लोग चैन की नींद सो रहे थे. उसी दौरान अमेरिका की मिसीसिपी नदी में एक भयानक हादसा हो गया. क्रूज में सवार लोग मौज-मस्ती कर रहे थे, तभी अचाक उनके रंग में भंग पड़ गया. न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर खड़े 'अमेरिकन क्रूज लाइन्स' के एक पैसेंजर शिप से एक टैंकर जहाज टकरा गया. इस हादसे के कुछ वीडियो सामने आए हैं. जिन्हें अमेरिका के लोकल टीवी चैनल्स और न्यूज़ वेबसाइट्स पर प्रसारित किया जा रहा है. टक्कर के बाद कई लोग लाइफ वेस्ट (बचाव जैकेट) पहनकर अपने रेस्क्यू की गुहार लगा रहे थे. क्रूज से निकाले गए लोगों को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यूएस कोस्ट गार्ड ने एक ईमेल बयान में कहा कि उनकी टीम खबर मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी. उन्होंने आसपास के पूरे इलाके में मिसीसिपी नदी का सारा ट्रैफिक रोक दिया गया है. उन्होंने इसके अलावा कोई और जानकारी नहीं दी. हालांकि टीवी न्यूज़ चैनल्स पर क्रूज के एक तरफ झुकने के वीडियो भी दिखाए गए. सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम 14 लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला गया है. कुछ यात्रियों के जूते पानी में उतराते नजर आए. छोटी बोट्स के जरिए लोगों को निकाला जा रहा है.
'अमेरिकन क्रूज लाइन्स' ने अपनी वेबसाइट पर बताया है कि इस क्रूज जहाज़ की क्षमता 150 लोगों की है और इसे 2015 में बनाया गया था. न्यूज़ पेपर 'द एडवोकेट' ने न्यू ऑरलियन्स पोर्ट के अज्ञात अधिकारियों के हवाले से बताया है कि जिस समय अटलांटिक एस्फाल्ट नाम के टैंकर ने 'अमेरिकन हेरिटेज' क्रूज को टक्कर मारी, तब उस पर 129 यात्री सवार थे.
यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई. फिलहाल किसी की मौत या घायल होने के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है. वहीं न्यू ऑरलियन्स पोर्ट ने मीडिया के किसी सवाल का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया है.
'अमेरिकन क्रूज़ लाइन्स' ने एक ईमेल बयान में पुष्टि की है कि उनका क्रूज एक टक्कर का शिकार हुआ है. कंपनी ने कहा, 'हम यूएस कोस्ट गार्ड और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं. मेहमानों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, और हम इस घटना से प्रभावित सभी लोगों को लेकर बहुत चिंतित हैं. जैसे-जैसे और जानकारी मिलेगी, हम उसे साझा करेंगे.'
इस हादसे की वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है. अमेरिकी फेडरल एजेंसियों को भी इस टक्कर की खबर मिल चुकी है. तमाम अमेरिकी एजेंसियां अपने-अपने हिसाब से इस मामले को देख रही हैं.