)
लीबिया के तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी की जिंदगी रहस्यों और रोचक किस्सों से भरी पड़ी है. वो महलों और शानदार इमारतों को पसंद नहीं करता था, अपनी सुरक्षा को लेकर इतना सतर्क रहता था कि कभी-भी अपनी उठने-बैठने और सोने की जगह बदल लिया करता था. खुद अफ्रीका के राजाओं का राजा मानता था. वर्दी वाले लिबास में रहता था, जिसपर बड़ी संख्या में मेडल भी लटके रहते थे. इसी तरह के किस्सों के बीच एक दिलचस्प कहानी यह भी है कि वो एक यूक्रेनी महिला के महिला के बगैर कोई सफर नहीं करता था. यह खुलासा गद्दाफी की मौत से लगभग एक बरस पहले एक अमेरिकी रिपोर्ट में किया गया था.

जिस महिला के बगैर गद्दाफी कोई सफर करना पसंद नहीं करता था, वो एक यूक्रेनी नर्स थी, जो गद्दाफी को बहुत करीब से जानती थी. इस नर्स का नाम 'गलीना कोलोत्नित्स्का' था. गलीना गद्दाफी की मेडिकल टीम का हिस्सा थी. नवंबर 2010 में सामने आई अमेरिकी रिपोर्ट्स में दावा किया गया,'गद्दाफी के साथ काम करने वाले लीबियाई अफसरों का मानना था कि वह गलीना के बिना कोई सफर नहीं कर सकता था, क्योंकि गलीना उसकी दिनचर्या को अच्छी तरह जानती थी.'यह जानकारी सितंबर 2009 में लीबिया में मौजूद अमेरिकी दूतावास से भेजे गए एक खुफिया राजनयिक संदेश में दर्ज थी. बाद में WikiLeaks ने इस संदेश को सार्वजनिक किया, जिसके बाद इंटरनेशनल मीडिया में यह मामला चर्चा में आया.

दावा तो यहां तक किया जाता है कि 2009 में जब गद्दाफी को संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जाना था, इसी सफर के दौरान गलीना उसे पुर्तगाल में मिलने वाली थी. गलीना के वीजा संबंधी दस्तावेज में कुछ देरी हो रही थी, जिसकी वजह से वो गद्दाफी के साथ रवाना नहीं हो पाई. ऐसे में गद्दाफी पुर्तगाल में रुका रहा और गलीना का इंतजार किया. यहां तक कि उसने निजी विमान भेजकर गलीना को लीबिया से पुर्तगाल बुलवाया और फिर अपने साथ न्यूयॉर्क लेकर गया.

जब रिपोर्ट सामने आई, तो दोनों के रिश्ते को लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े हुए. गलीना और गद्दाफी के बीच कथित निजी संबंधों को लेकर भी मीडिया में अटकलें लगाई गई थीं. हालांकि, किसी भी पक्ष की तरफ से इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की गई थी. यहां तक कि गलीना के बेटी ने भी अपनी मां और गद्दाफी के बीच प्रेम संबंध होने के दावों को सिरे से खारिज किया था. जब 2011 में गद्दाफी के खिलाफ लीबिया के अंदर विद्रोह शुरू हुआ, तो गलीना यूक्रेन वापस आ गई थी. जिस समय गलीना ने लीबिया छोड़ा था, तो उनकी वापसी भी मीडिया में चर्चा का विषय बनी थी.