App

हर महीने 90 किलो सोना चोरी... इतना गोल्ड कहां से आता और किसके पास जाता था? पाकिस्तान के गवर्नर के खुलासे से मचा हड़कंप

यह मामला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से सामने आया है, जहां हर महीने करीब 90 किलो सोना अवैध रूप से निकाले जाने के खुलासे ने हड़कंप मचा दिया है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला...

हर महीने 90 किलो सोना चोरी... इतना गोल्ड कहां से आता और किसके पास जाता था? पाकिस्तान के गवर्नर के खुलासे से मचा हड़कंप
Image Credit: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोने की खदान से अवैध खनन का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. ये खुलासा प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने किया है. उनका दावा है कि खदान से चोरी किए गए सोने से होने वाली करोड़ों की कमाई का एक बड़ा हिस्सा सीधे अफगानिस्तान भेजा जा रहा था, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंकवाद फैलाने में हो रहा था.

अवैध खनन का खुलासा होने के बाद प्रांत में सोने की खुदाई (गोल्ड माइनिंग) पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है. इस पूरे खेल को संरक्षण देने वाले बड़े नेताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है.

गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सोने की अवैध माइनिंग के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान यह सामने आया है कि हर महीने लगभग 90 किलोग्राम सोना अवैध रूप से निकाला जा रहा था. गैरकानूनी धंधे से होने वाली कमाई का एक बड़ा हिस्सा अफगानिस्तान भेजा जा रहा था, जिसका इस्तेमाल आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ गतिविधियों में हो रहा था. अवैध खनन करने वाले तत्व आतंकियों को भत्ता (रंगदारी) देते थे और बदले में उनसे संरक्षण हासिल करते थे.

12 बड़े नेताओं पर लगा संरक्षण देने का आरोप

गवर्नर फैसल करीम कुंडी का दावा है कि इस गोरखधंधे को 12 बड़े नेताओं या उनसे जुड़े लोगों की शह मिली हुई थी. उन्होंने सीधे तौर पर कई नाम लेते हुए कहा कि इनमें पूर्व मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के भाई नवीद, पीटीआई (PTI) नेता शहरयार अफरीदी, आफताब आलम, सीनेटर खुर्रम जीशान, पीपुल्स पार्टी (PPP) के अमजद अफरीदी और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (JUI) के सेठ गौहर सैफुल्लाह समेत कई अन्य रसूखदार लोग शामिल हैं.

न्यायिक आयोग बनाने का ऐलान

गवर्नर करीम कुंडी ने मामले की तह तक जाने के लिए हाई कोर्ट के एक पूर्व जज की अगुवाई में न्यायिक आयोग बनाने का ऐलान किया है. उन्होंने साफ किया कि जांच में चाहे कोई भी बड़ा नेता या सरकारी अफसर दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी एक्शन लिया जाएगा.

मशीनरी हटाने के लिए एक हफ्ते का अल्टीमेटम

गवर्नर ने खनन करने वाले सभी लीज होल्डर्स और ठेकेदारों को एक हफ्ते के अंदर अपनी भारी मशीनरी हटाने का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय के बाद मशीनरी जब्त कर ली जाएगी. साथ ही, कानून में 5 लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान होने के बावजूद मजिस्ट्रेट द्वारा महज 30 हजार रुपये जुर्माना लगाकर छोड़ने के मामलों की भी जांच होगी.

हजारों वाहन और मजदूर जुटे थे अवैध खनन में

गवर्नर ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि सोने के इस अवैध खनन में 8,350 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, 1,730 हेवी डंपर और हजारों मजदूर जुटे हुए थे. कोहाट में खनिज के दो ब्लॉक (सी और डी) हैं, जिनमें से एक ब्लॉक 4 अरब 92 करोड़ रुपये की लीज पर दिया गया था.

विदेशी निवेशकों को मिलेगा बढ़ावा

करीम कुंडी का कहना है कि पिछले 13 सालों के दौरान खैबर पख्तूनख्वा के प्राकृतिक संसाधनों को जमकर लूटा गया है, लेकिन अब प्रांत में 'सजा और इनाम' (जजा व सजा) का सख्त सिस्टम लागू होगा. उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में खनन और खनिज (माइंस एंड मिनरल्स) पर हुए एक सम्मेलन में दुनिया भर के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था. अब विदेशी निवेशकों को भी इस सेक्टर में पैसा लगाने के लिए न्योता दिया जा रहा है, ताकि प्रांत के संसाधनों का सही इस्तेमाल हो सके, विकास की रफ्तार बढ़े और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More