)
प्रतापगढ़ जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया. जिला परिषद और चार पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए लोगों की कतारें देखने को मिलीं. पूरे जिले में कुल 81.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मतदान प्रतिशत के मामले में पीपलखूंट पंचायत समिति पहले स्थान पर रही, जबकि प्रतापगढ़ पंचायत समिति में सबसे कम वोटिंग हुई.
2.09 लाख से अधिक मतदाताओं ने डाले वोट
जिले की चार पंचायत समितियों में कुल 2 लाख 58 हजार 427 मतदाता पंजीकृत थे. इनमें से 2 लाख 9 हजार 927 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान की प्रक्रिया सुबह 7:15 बजे शुरू हुई. इसके बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया. दिनभर मतदान को लेकर लोगों में उत्साह बना रहा.
पीपलखूंट में सबसे ज्यादा 83.28 प्रतिशत वोटिंग
पंचायत समिति वार मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पीपलखूंट में सबसे अधिक 83.28 प्रतिशत मतदान हुआ. यहां कुल 85 हजार 696 मतदाताओं में से 71 हजार 367 ने वोट डाले.
अरनोद पंचायत समिति में 46 हजार 972 मतदाताओं में से 38 हजार 489 ने मतदान किया. यहां कुल 81.94 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. सुहागपुरा में 39 हजार 38 पंजीकृत मतदाताओं में से 31 हजार 595 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. यहां मतदान प्रतिशत 80.93 रहा.
वहीं प्रतापगढ़ पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 86 हजार 721 मतदाता पंजीकृत थे. इनमें से 68 हजार 476 मतदाताओं ने वोट डाले. यहां कुल मतदान प्रतिशत 78.96 दर्ज किया गया, जो जिले की चारों पंचायत समितियों में सबसे कम रहा.
सुबह प्रतापगढ़ आगे, दोपहर बाद पीपलखूंट ने बनाई बढ़त
मतदान के शुरुआती घंटों में प्रतापगढ़ पंचायत समिति में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई. सुबह 10 बजे तक यहां 22.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इस दौरान अरनोद में 18.94, सुहागपुरा में 17.13 और पीपलखूंट में 16.92 प्रतिशत मतदान हुआ. जिले का कुल मतदान प्रतिशत 19.12 था. दोपहर एक बजे तक प्रतापगढ़ 48.56 प्रतिशत मतदान के साथ आगे रहा. पीपलखूंट में 47.70, अरनोद में 46.97 और सुहागपुरा में 46.39 प्रतिशत वोटिंग हुई.
हालांकि, दोपहर तीन बजे के बाद तस्वीर बदल गई. पीपलखूंट ने 67.07 प्रतिशत मतदान के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया. इस समय सुहागपुरा में 65, अरनोद में 64.81 और प्रतापगढ़ में 63.91 प्रतिशत मतदान हुआ.
20 नवंबर को होगी मतगणना
शाम छह बजे तक पीपलखूंट ने अपनी बढ़त बरकरार रखी और 83.28 प्रतिशत मतदान के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया. चौथे चरण के मतदान के बाद जिला परिषद के 12 और चारों पंचायत समितियों के 64 वार्डों के प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है.
अब सभी को चुनाव परिणामों का इंतजार है. सोमवार 16 नवंबर को चारों पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा. वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर की जाएगी.
Reporter- Hitesh Upadhyay