App

एलियंस की नजर अब अमेरिकी एयरबेस पर? अलास्का में दिखा रहस्यमयी साया, कपल ने कैमरे में कैद किया खौफनाक नजारा

सारा नाम की महिला असल में रेनबो की तस्वीर ले रही थी, तभी उसकी नजर इस विशालकाय और अजीब चीज पर पड़ी, जो करीब तीन मिनट तक हवा में मंडराती रही और फिर अचानक गायब हो गई. अब सवाल है कि आखिर ये था क्या? इस सवाल का जवाब अब तक नहीं मिला है.

एलियंस की नजर अब अमेरिकी एयरबेस पर? अलास्का में दिखा रहस्यमयी साया, कपल ने कैमरे में कैद किया खौफनाक नजारा
Image Credit: अलास्का में दिखा रहस्यमयी साया

अमेरिका के अलास्का में एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला है. यहां पेड़ों के ऊपर एक बड़ी और काली चीज मंडराती दिखी, जिसके नीचे पैर की तरह कई टेंटेकल्स लटक रही थीं. देखने में यह बिल्कुल किसी समुद्री जीव 'जेलीफिश' जैसा था, यह अजीबोगरीब चीज करीब तीन मिनट तक हवा में रही और फिर अचानक गायब हो गई. अब इसका वीडियो सामने आया है, जिसे एक कपल ने रिकॉर्ड किया है. 

दरअसल, सारा नाम की महिला इंद्रधनुष की फोटो खींच रही थी, तभी उसकी नजर इस अनजान चीज पर पड़ी. यह घटना जॉइंट बेस एल्मेंडोर्फ-रिचर्डसन (JBER) के पास की बताई जा रही है. यह वीडियो 15 जून रात करीब 10 बजकर 13 मिनट पर रिकॉर्ड किया गया है.

सारा ने बताया कि यह चीज हवा में मंडरा रही थी और दाएं-बाएं घूम रही थी. इसके नीचे लटक रहे हिस्से अपने आप हिल रहे थे. करीब 3 मिनट बाद वह अचानक गायब हो गई. डेली मेल से बात करते हुए सारा ने कहा, 'यह जितनी तेजी से आया, उतनी ही तेजी से गायब भी हो गया.'

कपल ने क्यों खारिज किया पतंग होने का शक?

सारा ने जिस वक्त यह वीडियो रिकॉर्ड किया वो उस वक्त पुराने नॉर्थवे मॉल के पास गाड़ी में बैठी थीं. उन्होंने बताया कि वो अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत इंद्रधनुष देख रही थीं, तभी अचानक यह विशालकाय चीज उन्हें दिखी. पहले कपल को लगा कि शायद यह कोई पतंग है, लेकिन सारा कई सालों से एंकोरेज में रह रही हैं. उन्होंने साफ कहा कि इसकी बनावट और हरकतें बिल्कुल पतंग जैसी नहीं थीं.

सारा के मुताबिक, 'पतंगें रंग-बिरंगी होती हैं, जबकि यह चीज काले और सिल्वर रंग की थी. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पास के छोटे पार्क में इतनी बड़ी पतंग उड़ाई ही नहीं जा सकती.' 

इस अजीबोगरीब चीज का सच जानने के लिए कपल ने मुलडून पार्क और आर्कटिक वैली की तरफ करीब 30 मिनट तक गाड़ी घुमाई, लेकिन उन्हें कोई नहीं मिला जो इस बारे में कुछ बता सके. सारा ने वीडियो के अलावा कुछ ही मिलीसेकेंड के अंतर पर इसकी कई तस्वीरें भी खींची हैं.

क्या मिलिट्री बेस से जुड़ा है इसका कनेक्शन?

दरअसल, यह चीज दिखी उधर ही जॉइंट बेस एल्मेंडोर्फ-रिचर्डसन (JBER) है. यहां F-22 रैप्टर फाइटर जेट्स रहते हैं और यह अमेरिकी एयर डिफेंस व निगरानी का बड़ा केंद्र है. सारा के पति पीट को लगता है कि यह चीज करीब तीन मील दूर रही होगी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है. कपल ने बाद में पास के पहाड़ों के पास एक छोटा विमान उड़ते देखा, जिससे उन्हें अंदाजा हुआ कि वह अनजान चीज आकार में काफी बड़ी थी.

क्या यह ड्रोन था?

सारा ने इसके ड्रोन होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है. उन्होंने कहा, 'हो सकता है यह ड्रोन जैसा कुछ हो.' फिलहाल इस घटना की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही इसका मिलिट्री बेस से कोई संबंध साबित हुआ है. इस चीज का आकार और पहचान अब भी एक पहेली बनी हुई है, लेकिन सारा के लिए यह बात काफी मायने रखती है कि उनके पति ने भी इसे देखा. वह कहती हैं, वह चीज वहां थी और फिर अचानक गायब हो गई. मैं इस बात से इनकार नहीं कर सकती कि ऐसा हुआ था.

क्या एलियन आए थे?

यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं. क्या वाकई आसमान में दिखने वाली यह अजीबोगरीब चीज किसी दूसरी दुनिया से आई थी? क्या अमेरिकी मिलिट्री बेस के आसपास एलियंस की मौजूदगी है, या फिर यह किसी गुप्त मिशन का हिस्सा है? फिलहाल इन सवालों का कोई ठोस जवाब नहीं है, लेकिन इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर एलियन और UFO यानी 'अज्ञात उड़न तश्तरी' को लेकर बहस तेज कर दी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More