जहरीले सांप का नाम सुनते ही अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं. कोबरा हो या ब्लैक मांबा, जंगल में इनका खौफ अलग ही लेवल का होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में कुछ ऐसे भी निडर जानवर हैं, जो इन जहरीले सांपों के लिए एक काल की तरह हैं. इन पर सांप के जानलेवा जहर का भी असर नहीं होता.
1/7
नेवला (Mongooses)
जहरीले सांपों से पंगा लेने और उन्हें धूल चटाने के मामले में नेवला सबसे आगे है. नेवले की सबसे बड़ी ताकत उसकी गजब की स्पीड, स्मार्ट स्ट्रैटेजी और बॉडी की खास बनावट है. उनके नर्व रिसेप्टर्स में एक स्पेशल म्यूटेशन होता है, जिसकी वजह से सांप का जानलेवा न्यूरोटॉक्सिक जहर भी इन पर बेअसर हो जाता है. ये इतनी तेजी से चकमा देकर अटैक करते हैं कि किंग कोबरा जैसा खतरनाक सांप भी इन्हें डस नहीं पाता.
2/7
2. हनी बैजर (Honey Badgers)
यह दुनिया के सबसे निडर जानवरों में शामिल है. इसकी स्किन काफी मोटी और ढीली होती है, जो फाइट के दौरान इन्हें सांप के दांतों से बचाती है. इनका शरीर ऐसे जहर को भी झेलने की ताकत रखता है, जो दूसरे बड़े स्तनधारियों की जान ले सकता है. यह जंगल में पफ एडर और बेहद जहरीले ब्लैक मांबा जैसे सांपों का शिकार करते हैं. खास बात ये है कि अगर इन्हें सांप काट भी ले तो यह थोड़ी देर सुस्त होने के बाद फिर से ठीक हो जाते हैं और अपना शिकार पूरा करते हैं.
3/7
सांप खाने वाले सांप
कुछ सांप ऐसे भी होते हैं, जो दूसरे जहरीले सांपों को ही अपना भोजन बनाते हैं. नॉर्थ अमेरिका में पाया जाने वाला किंगस्नेक (Kingsnake) अक्सर रैटलस्नेक को खा जाता है और उस पर रैटलस्नेक के जहर का कोई असर नहीं होता. इसके अलावा साउथ अमेरिका में मुसुराना (Mussurana) और अमेरिका में इंडिगो स्नेक भी दूसरे सांपों का शिकार करते हैं. यह अपने शिकार को जकड़कर मारते हैं और फिर जहर की थैली समेत पूरा निगल जाते हैं.
4/7
शिकारी पक्षी (Birds)
आसमान में उड़ने वाले कई पक्षी भी सांपों का शिकार करते हैं. अफ्रीका के घास के मैदानों में पाया जाने वाला सेक्रेटरी बर्ड (Secretary Bird) इस मामले में टॉप पर है, जो अपने लंबे पैरों से जहरीले सांपों को कुचलकर मार देता है. इसके अलावा स्नेक ईगल, रेड-टेल्ड हॉक और ग्रेट हॉर्न्ड उल्लू जैसे पक्षी ऊपर से सटीक निशाना लगाकर सांप को अपने मजबूत और कवच जैसे पंजों में दबोच लेते हैं, जिससे सांप को पलटवार करने का मौका नहीं मिलता और वो शिकार बन जाता है.
5/7
बड़ी छिपकलियां (Lizards)
कुछ बड़ी छिपकलियां भी जहरीले सांपों को खत्म कर देती हैं. इनमें ऑस्ट्रेलिया में पाई जाने वाली पेरेंटी मॉनिटर लिजर्ड (Perentie Monitor Lizard) का नाम शामिल है, जिसे 'इनलैंड ताइपन' के बच्चों का शिकार करते देखा गया है, जो दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक है. इन छिपकलियों की ताकत, तेज रफ्तार और मोटी खाल इन्हें सांप के हमलों से बचाती है.
6/7
6. अन्य स्तनधारी (Mammals)
लोमड़ी, रैकून, बॉबकैट, हेजहोग और ओपोसम जैसे जानवर भी जहरीले सांपों को मारकर खा जाते हैं. इनमें से ओपोसम के शरीर में तो खास तरह का प्रोटीन बनता है, जो सांप के जहर को पूरी तरह बेअसर कर देता है. बाकी जानवर अपनी फुर्ती, मोटी चमड़ी और चालाकी से सांपों पर भारी पड़ते हैं.
7/7
आखिर इन जानवरों में यह ताकत आई कहां से?
अब सवाल ये है कि आखिर इन जानवरों में इतनी ताकत कैसे आती है? दरअसल, हजारों सालों के विकास के बाद इन जानवरों ने जहर से लड़ने की यह क्षमता हासिल की है. कुछ जीवों के शरीर में जहर को रोकने वाले खास प्रोटीन होते हैं, तो कुछ अपनी मोटी चमड़ी, तेज रिफ्लेक्स और मजबूत पंजों के दम पर जीतते हैं. इसके साथ ही शिकार करने की सही तकनीक इन्हें बिना काटे सांप को खत्म करने में मदद करती है.