App

इजरायल में आइजनकोट गुट का बड़ा दांव, नेसेट में चुना अपना स्पीकर; भड़के नेतन्याहू ने कहा- आतंक समर्थकों ने मिलकर वोट किया

इजरायल के कार्यवाहक पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को बड़ा झटका लगा है. आइजनकोट गुट ने संसद में अपना स्पीकर चुन लिया है. नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने उम्मीदवार ओफिर काट्ज को हार का सामना करना पड़ा. नेतन्याहू ने कहा कि यह एक कलंक है.

इजरायल में आइजनकोट गुट का बड़ा दांव, नेसेट में चुना अपना स्पीकर; भड़के नेतन्याहू ने कहा- आतंक समर्थकों ने मिलकर वोट किया
Image Credit: इजरायल में नेतन्याहू को बड़ा झटका

इजरायल में सरकार बनाने की कवायद के बीच कार्यकारी प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को बड़ा झटका लगा है. इजरायल की राजनीति में एक अहम बदलाव देखने को मिला है. इजरायल की संसद को अपना नया स्पीकर मिल गया है. इजरायल के विपक्षी नेता गदी आइजनकोट के करीबी मतान कहाना इजरायली संसद नेसेट के नए स्पीकर चुने गए हैं.

दरअसल, आइजनकोट फिलहाल इजरायल में नई सरकर बनाने में जुटे हैं. आइजनकोट नेतन्याहू को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं. मंगलवार (17 नवंबर) को संसद में स्पीकर पद के लिए वोटिंग हुई. 120 सदस्यों में मतान कहाना को 66 वोट मिले, जिसके बाद उन्होंने जीत दर्ज की. वहीं, नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने ओफिर काट्ज को अपना उम्मीदवार बना था, जिन्हें केवल 52 वोट मिले थे.  मतान की जीत को नेतन्याहू ने कलंक करार दिया.

क्यों अहम होता है कि स्पीकर का पद?

इजरायल में संसद के स्पीकर के पद को काफी ताकतवर माना जाता है. संसद के कामकाज की पूरी समय सारणी स्पीकर ही तय करता है. इसका मतलब है कि वह किसी भी बिल पर बस या वोटिंग को अपनी मर्जी से तेज या धीमा करने की क्षमता रखता है. स्पीकर पद पर मिली जीत के बाद मतान कहाना ने अपना संबोधन दिया और कहा कि वह किसी जाति, धर्म या लिंग के भेदभाव के सभी के लिए संसद का स्पीकर के तौर पर काम करेंगे.

नेतन्याहू ने कहा- हमेशा के लिए कलंक

नए स्पीकर की जीत पर बेंजामिन नेतन्याहू भड़क उठे हैं. उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि आतंकवाद के समर्थकों ने एकतरफा वोट किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा कि हमेशा के लिए एक कलंक, आज रात, आतंकवाद के समर्थकों के वोटों से एकतरफा तरीके से नेसेट (संसद) के अध्यक्ष की नियुक्ति की गई. यह नेसेट के इतिहास का सबसे निचला स्तर है.

आगे उन्होंने लिखा कि इजरायल की जनता देश की सरकार की बागडोर उन लोगों को सौंपने का विरोध करती है, जो राष्ट्रगान का अपमान करते हैं. इजरायल के लोग एकता चाहते हैं. आइसेनकोट, बेनेट और लिबरमैन ने आज राष्ट्रीय एकता के बजाय आतंकवाद के समर्थकों को चुना. इतिहास इसे याद रखेगा.

स्पेशल फोर्सेज में रहे हैं कहाना

इजरायली संसद के नए स्पीकर मतान कहाना 54 साल के हैं और वह स्पेशल फोर्सेज में सैनिक भी रह चुके हैं. माना जा रहा है कि नया पद मिलने के बाद वह नेतन्याहू की नीतियों को पलटने का काम करेंगे. इनमें न्यायपालिका से जुड़े कुछ विवादित फैसले सबसे अहम हैं.

गौरतलब है कि बेंजामिन नेतन्याहू इजरायल के सबसे लंबे समय तक पीएम रहने वाले नेता रहे हैं. पिछले तीन दशकों से वह  सत्ता में आते-जाते रहे हैं. गत 27 अक्टूबर को इजरायल में आम चुनाव हुए थे, जिसमें किसी नेता को बहुमत नहीं मिला. नेतन्याहू गुट के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, तो आइजनकोट गठबंधन ने 48 सीटें हासिल कीं. इस चुनाव में अरब-बहुल पार्टियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और 19 सीटें जीत लीं. दावा किया जा रहा है कि नेतन्याहू की सरकार से नाराज होकर लोगों ने अरब पार्टियों को वोट किया.

आइजनकोट और नेतन्याहू ने की मुलाकात

इससे पहले रविवार को गादी आइजनकोट और बेंजामिन नतन्याहू के बीच बैठक हुई, जिसमें दोनों ने मिलकर सरकार बनाने पर विचार किया. दावा किया जा रहा है कि इस बैठक का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिल सका. आइजनकोट का एक ही लक्ष्य है नेतन्याहू को सत्ता से हटाकर पीएम की कुर्सी पर बैठना.

इस बीच कहाना के स्पीकर बनने के बाद आइजनकोट काफी मजबूत बन गए हैं. अरब पार्टियों ने अगर समर्थन दिया, तो नई सरकार बनने से पहले ही नेतन्याहू के कई फैसलों को पलटा जा सकता है. बताया जाता है कि नेतन्याहू ने अपने शासनकाल में न्यायपालिका की आजागी कम करने के लिए कई कड़े कानून बनाए थे, जिसमें अब परिवर्तन किया जा सकता है.

हमास हमले की जांच कराएंगे आइजनकोट

आम चुनाव में गादी आइजनकोट ने एक बड़ा वादा किया था. उन्होंने कहा था कि वह 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले की सुरक्षा खामियों की जांच कराने के लिए एक आयोग बनाएंगे.

मतान कहाना याशर पार्टी के सदस्य हैं और वह साल 2021 और 2022 की सरकार में धार्मिक मामलों के मंत्री थे. तब उन्होंने मुख्य रब्बीनेट की ताकत कम करने की कोशिश की थी. इन्हीं कारण उनका यहूदियों से विवाद हुआ था. कहाना खुद भी एक धार्मिक यहूदी हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More