App

बिहार के 3 खिलाड़ियों ने एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट में जीता गोल्ड, सरकार से की सम्मान की मांग

चेन्नई में आयोजित एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में बिहार के तीन खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीता. 12 देशों की टीमों के बीच हुए मुकाबले में रॉय प्रिंस, दीक्षा सिंह और अभिनव कुमार सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया.

बिहार के 3 खिलाड़ियों ने एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट में जीता गोल्ड, सरकार से की सम्मान की मांग
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बिहार के तीन खिलाड़ियों ने एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर देश और बिहार का नाम रोशन किया है. चेन्नई में आयोजित इस चैंपियनशिप में 12 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया था. प्रतियोगिता तीन अलग-अलग वर्गों में आयोजित की गई थी. इसमें हाजीपुर के जढुआ निवासी रॉय प्रिंस ने पुरुष टीम, बिहार की दीक्षा सिंह ने महिला टीम और दरभंगा के अभिनव कुमार सिंह ने अंडर-19 वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया. तीनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया. पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में भारत ने बहरीन को हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया.

जिला स्तर से भारतीय टीम तक पहुंचने का सफर

रॉय प्रिंस ने अपनी क्रिकेट यात्रा के बारे में बताया कि उन्होंने जिला स्तर से खेलना शुरू किया था. अपने बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने लगातार दो वर्षों तक स्टेट स्तर पर जगह बनाई. यहां शानदार प्रदर्शन के बाद उनका चयन भारतीय टीम में हुआ. भारत और भूटान के बीच खेले गए मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद उन्हें एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली. इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतना उनके लिए गौरव का क्षण रहा.

गोल्ड मेडल जीतने के बाद भी सम्मान नहीं मिलने से निराशा

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए यह बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बावजूद खिलाड़ियों को बिहार सरकार की ओर से अब तक उचित सम्मान नहीं मिला है. रॉय प्रिंस ने इस पर निराशा जताते हुए कहा कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की उपलब्धि को सराहेगी और उनका उत्साह बढ़ाएगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है.

तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित करने की बिहार सरकार से अपील

उन्होंने बिहार सरकार से अपील की कि रॉय प्रिंस, दीक्षा सिंह और अभिनव कुमार सिंह तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाला सम्मान और प्रोत्साहन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है. इससे उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और बिहार का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलती है.

रिपोर्ट: जी मीडिया

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More