App

न रेस जीतता है, न हल जोतता है... फिर किस बात के 21 करोड़? मिलिए अमीरों के सबसे महंगे 'शोपीस' से !

राजस्थान के पुष्कर मेले में हर साल कई सुर्खियां निकलकर सामने आती हैं. जैसे फलां घोड़े की कीमत 21 करोड़ है या फिर कोई भैंसा 25 लाख का रुपये का आंका गया. सोशल मीडिया की रील्स और सनसनीखेज खबरों के इस दौर में ये आंकड़े सभी को चौंकाते तो हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं ये कीमत असल कीमत से बिल्कुल अलग है.

न रेस जीतता है, न हल जोतता है... फिर किस बात के 21 करोड़? मिलिए अमीरों के सबसे महंगे 'शोपीस' से !
Image Credit: pushkar mela 21 crore horse reality

दरअसल, इन मेलों में करोड़ों की जो कीमतें बताई जाती हैं, वे किसी वास्तविक खरीद-बिक्री की रसीद नहीं होतीं, बल्कि मालिकों की खुद की तय की गई मनमानी 'आस्किंग प्राइस' या महज एक पब्लिसिटी स्टंट होती हैं. खुद पशुपालन विभाग के अधिकारी भी समय-समय पर इन दावों का खंडन करते रहे हैं. उदाहरण के लिए, पुष्कर मेले के सरकारी आंकड़ों पर नज़र डालें तो वहां सैकड़ों घोड़ों की कुल मिलाकर बिक्री ही लाख-सवा करोड़ के आसपास सिमट जाती है, और किसी एक घोड़े की वास्तविक अधिकतम बिक्री कुछ लाख रुपये (जैसे 4 से 10 लाख रुपये) तक ही दर्ज हो पाती है.

तो फिर करोड़ों के दावों के पीछे का असली गणित क्या है ?
जब कोई ब्रीडर अपने घोड़े की कीमत 21 करोड़ रुपये बताता है, तो उसका मकसद उस घोड़े को बेचना होता ही नहीं है. इसके पीछे 'स्टड फार्म' (प्रजनन केंद्र) का विशुद्ध मार्केटिंग गणित है.

ब्रीडिंग फीस का खेल : जब किसी घोड़े की कीमत 15 या 21 करोड़ रुपये दिखायी जाती है, तो मुफ्त पब्लिसिटी होती है. इसके बाद उस घोड़े के मालिक अपनी 'कवरिंग फीस' (प्रजनन शुल्क) को 1 लाख से लेकर 2.5 लाख रुपये प्रति सेशन तक ले जाते हैं.

कोई खरीदार नहीं : इन मेलों में न तो कोई 21 करोड़ रुपये लेकर घोड़ा खरीदने आता है और न ही मालिक उसे बेचने के मूड में होता है. ये सिर्फ अपने अस्तबल का नाम चमकाने और भविष्य में उस घोड़े की संतानों (बछड़ों) को ऊंचे दामों पर बेचने की एक रणनीति होती है.

दुनिया और भारत के सबसे महंगे घोड़ों की हकीकत
अगर हम दुनिया भर के अश्व बाजार (Equine Market) की वास्तविक और प्रमाणित नीलामियों को देखें, तो वहां करोड़ों रुपये के सौदे जरूर होते हैं, लेकिन वे रेसिंग और ओलंपिक खेलों के चैंपियन घोड़ों के लिए होते हैं

दुनिया का सबसे महंगा घोड़ा 
इतिहास में अब तक का सबसे महंगा बिका हुआ घोड़ा 'फुसाइची पेगासस' (Fusaichi Pegasus) है. साल 2000 में केंटकी डर्बी जीतने वाले इस अमेरिकन थरोब्रेड रेसिंग घोड़े को आयरलैंड के कूलमोर स्टड ने 70 मिलियन डॉलर में खरीदा था. आज की भारतीय मुद्रा (लगभग 93.5 रुपये प्रति डॉलर) के हिसाब से यह रकम करीब 654 करोड़ रुपये बैठती है.

-इसी तरह, 2018 में ट्रिपल क्राउन विजेता घोड़ा 'जस्टिफाई' (Justify) 60 मिलियन डॉलर (करीब 561 करोड़ रुपये) में बिका था. ड्रेसेज (घुड़सवारी की एक कला) का दिग्गज घोड़ा 'टोटिलास' (Totilas) 21 मिलियन डॉलर (लगभग 196 करोड़ रुपये) में और 'द ग्रीन मंकी' 16 मिलियन डॉलर (करीब 150 करोड़ रुपये) में बिका था.  ध्यान देने वाली बात यह है कि इन घोड़ों की कीमत उनकी रेसिंग जीत की इनामी राशि और उनकी अंतरराष्ट्रीय वंशावली (पेडिग्री) से तय हुई थी.

अब सिर्फ एलीट क्लास का 'स्टेटस सिंबल' और 'शोपीस' हैं घोड़े
इतिहास के पन्नों को पलटें तो सदियों तक घोड़ा -युद्ध के मैदान में सेनाओं की ताकत से लेकर डाक पहुंचाने, माल ढोने, खेती करने और लंबी यात्राओं तक अनिवार्य व्यावसायिक संसाधन था, लेकिन 20वीं सदी में आई औद्योगिक क्रांति और मशीनीकरण ने सब बदल दिया. भारत के ग्रामीण इलाकों में भी अब तांगे या माल ढोने वाले इक्के गिने-चुने ही बचे हैं. सेना और पुलिस में भी घोड़ों की भूमिका अब केवल औपचारिक परेड (जैसे राष्ट्रपति के अंगरक्षक) या दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सीमित गश्त तक सिमट गई है.

वो कहते हैं कि जब किसी की व्यावहारिक उपयोगिता खत्म हो जाती है, तो वो या तो चलन से बाहर हो जाती है या फिर एलीट क्लास के लिए स्टेटस सिंबल बन जाता है, घोड़ों के साथ ठीक यही हुआ है. बड़े उद्योगपतियों, राजनेताओं और रईस परिवारों के फार्महाउस में महंगे घोड़े रखना आज वैसा ही है जैसे किसी के गैराज में विंटेज कारों या लैंबॉर्गिनी का कलेक्शन होना.

हॉर्स रेसिंग और शो-जंपिंग जैसे खेल बेहद खर्चीले हैं. इन खेलों में घोड़े एक एथलीट की तरह इस्तेमाल होते हैं, जहां पैसा सट्टेबाजी, क्लब मेंबरशिप और स्पॉन्सरशिप के ज़रिए घूमता है. वहीं शादियों में बारात की शोभा बढ़ाने या प्री-वेडिंग शूट के लिए सजावटी घोड़ों की मांग बनी हुई है. इसके अलावा, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और ब्रीडर्स के लिए सुंदर घोड़े रील बनाने और व्यूज़ बटोरने का जरिया बन गए हैं.

कुल मिलाकर पुष्कर मेले में 21 करोड़ के घोड़े की बात करना और सुनना अच्छा लग सकता है पर इसका अर्थशास्त्र की वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है. आज के मशीनी दौर में घोड़ा ना तो हमारी अर्थव्यवस्था का पहिया चलाता है और ना ही किसी आम आदमी की आजीविका का बड़ा साधन है. वो अब महज शौकीनों के अस्तबल की शान, शाही खेलों का हिस्सा और मेलों में भीड़ जुटाने वाला एक आकर्षक 'शोपीस' बनकर रह गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pragati Pant Awasthi

Pragati Pant Awasthi

मीडिया की दुनिया में 18 साल का सफर... एंकरिंग से लेकर डिजिटल की स्क्रीन तक, हर नया बदलाव दिल से अपनाया, जो सोचती हूं, वही कहती हूं, बातों को घुमाना मेरी आदत नहीं, दिल की बात जुबां पर रखना पहचान है. फिलहाल 'ज़ी राजस्थान डिजिटल' के साथ सफर जारी है और हर दिन कुछ नया सीखने की ललक बरकरार है और रहेगी. Pragati.Pant@india.com ईमेल के जरिए आप संपर्क कर सकते हैं.
Read More