)
एक हालिया रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों से निपटने के लिए ईरान ने एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के इंटरनेट का इस्तेमाल किया था. 28 फरवरी को ईरान पर हमला बोला गया था. मार्च में यानी अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के शुरुआती दिनों में ईरान ने एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink का इस्तेमाल अमेरिकी फौज की सेंट्रल कमांड पर हमला करने के किया था. 'द वॉशिंगटन पोस्ट' की एक रिपोर्ट में इस अभियान से जुड़े चार लोगों के हवाले से यह दावा किया है.
आपको बताते चलें कि इजरायली पीएम नेतन्याहू ने यूएन में अपने एक संबोधन के दौरान 24 सितंबर को ईरानी नेताओं को स्टारलिंक की डिवाइस दिखाई थी. इसके बाद संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डैनी डैनन ने वही डिवाइस ईरान के प्रतिनिधि नासिर असदी को तेहरान ले जाने के लिए ये कहते हुए ऑफर की थी कि रख लीजिए आपके काम आएगी. यानी इजरायल सितंबर में ईरान को जंग में इंटरनेट का इस्तेमाल करने की सलाह दे रहा था और ईरान ने 6 महीने पहले ही अपनी जरूरत के हिसाब से बिना पूछे मस्क की इंटरनेट सेवा का मनमाफिक इस्तेमाल कर लिया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने Starlink के जरिए अपने सैन्य अभियानों के लिए कम्युनिकेशन और कमांड सिस्टम को सपोर्ट किया. इसके अलावा, उसने इस सेवा का इस्तेमाल हमलावर ड्रोन के ऑपरेशन पर नजर रखने के लिए भी किया.
अमेरिका और इजरायल के हमलों से सहमें ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर पलटवार किया. इसी दौरान मार्च की शुरुआत में ईरान के Starlink इस्तेमाल किए जाने का पता चला.
मई-जून में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को दी गई एक सीक्रेट वॉर रिपोर्ट में भी इस बात का जिक्र था. रिपोर्ट में बताया गया था कि ईरान ने Starlink का इस्तेमाल सैन्य कमांड और कम्युनिकेशन के साथ-साथ हमलावर ड्रोन के ऑपरेशन को संभालने के लिए किया. हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है.
पेंटागन की प्रवक्ता किंग्सली विल्सन ने कहा, 'रक्षा विभाग को ऐसी किसी रिपोर्ट की जानकारी नहीं है, जो अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से रक्षा मंत्री के कार्यालय को भेजी गई हो.'
उन्होंने इस सवाल का जवाब देने से भी इनकार कर दिया कि क्या ईरान ने वास्तव में Starlink का इस्तेमाल किया था?
1 मार्च को कुवैत के पोर्ट शुएबा स्थित एक सैन्य ठिकाने पर ईरानी ड्रोन हमला हुआ था. इस हमले में 6 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे. हालांकि, द वॉशिंगटन पोस्ट यह पता नहीं लगा पाया कि इस हमले के दौरान ईरान ने Starlink का इस्तेमाल किया था या नहीं.
दूसरी ओर पेंटागन ने भी इस हमले की जांच के नतीजे अब तक सार्वजनिक नहीं किए हैं, इसलिए ईरान ने Starlink का इस्तेमाल किया या नहीं, इस दावे की पुष्टि होना बाकी है.
द वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, स्टारलिंक के मालिक एलन मस्क को जब इसका पता चला तो उन्हें इस बात पर गुस्सा आया कि अमेरिकी सेना ने ड्रोन ऑपरेशन के लिए SpaceX की सैन्य सैटेलाइट सेवा Starshield का इस्तेमाल किया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने जिस सब्सक्रिप्शन के तहत इस सेवा का इस्तेमाल किया, वह जमीन पर इस्तेमाल के लिए लिया गया था, हवाई हमले के लिए नही.
इस मामले का खुलासा होने के बाद उसी वीकेंड में SpaceX ने अपने 2 अफसरों को नौकरी से छुट्टी कर दी थी. पेंटागन की तरह ही मस्क और SpaceX दोनों ने इस मामले पर द वॉशिंगटन पोस्ट के पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया.
हालांकि इस खुलासे के बाद SpaceX ने रीसेलर्स के जरिए अपनी सेवाएं खरीदने वाले ग्राहकों की जांच और सख्त कर दी. कंपनी ने अपनी निगरानी इसलिए बढ़ाई ताकि उसकी सेवाओं का इस्तेमाल तय नियमों के मुताबिक ही हो.