SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वाशिंगटन में 'डर्टी बम' का खतरा: ईरान की साजिश डिकोड करने का दावा, अमेरिका में अलर्ट

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के मुताबिक ईरान, ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने के विकल्पों पर विचार कर रहा है. ऐसी एक रिपोर्ट में डर्टी बम और रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई है. हालांकि अभी इसे तत्काल खतरा नहीं माना जा रहा है, इसके बावजूद वॉशिंगटन डीसी में सुरक्षा घेरा और मजबूत किया गया है.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 17, 2026, 07:55 IST | Updated: Nov 17, 2026, 08:40 IST
Image Credit: (AI)
Join

ईरान, घायल है इसलिए घातक है. ये दावा अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के सीक्रेट एजेंट्स ने किया है. अमेरिकी खुफिया विभाग के हालिया आकलन के मुताबिक तेहरान में बैठे लोग अब अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी को दहलाने की साजिश रच रहे हैं. उनका ये भी मानना है कि राष्ट्रपति ट्रंप को छूना मुश्किल है, इसलिए उनके करीबी और व्हाइट हाउस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाकर उन पर हमला हो सकता है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मुताबिक ईरान इस काम के लिए डर्टी बम या फिर केमिकल बम से हमले करवा सकता है. 

अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों की रिपोर्ट में राजधानी वॉशिंगटन के कुछ संभावित ठिकानों और वहां किसे टारगेट किया जा सकता है उसका भी जिक्र किया गया है. 

'वाशिंगटन में सुरक्षा बढ़ाई गई'

इसके बाद अमेरिकी एजेंसियों ने किसी संभावित हमले से निपटने की तैयारियां बढ़ा दी हैं. हालांकि खुफिया अधिकारियों ने साफ किया है कि उनके आंकलन का सीधा मतलब यह नहीं है कि ईरान ने हमला करने का फैसला कर ही लिया है या कोई हमला जल्द होने वाला है. व्हाइट हाउस ने कहा है कि सरकार सभी संभावित खतरों पर नजर रख रही है, लेकिन चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है.

ईरान के मंथन पर अमेरिका की नजर 

सीएनएन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में संभावित खतरे से निपटने के उपायों पर अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों की कई बैठकें हो चुकी हैं. क्योंकि ईरान अपने खिलाफ अमेरिका की लगातार जारी सैन्य और आर्थिक कार्रवाई के बीच संघर्ष को खाड़ी क्षेत्र से आगे अमेरिकी धरती तक ले जाने के विकल्पों पर विचार कर रहा है. हालांकि अभी ये भी साफ नहीं है कि ईरान के पास इस तरह की कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जरूरी लोग और ऑपरेशनल क्षमता मौजूद है भी या नहीं.

डर की बात क्या है?

तत्काल खतरा नहीं, फिर भी चिंता की बात ये है कि अमेरिकी एजेंट्स को मिली खुफिया जानकारी में ईरानी संचार के कुछ ऐसे संकेत मिलने की बात कही गई है, जिनसे ये आशंका है कि बम बनाने की सामग्री अमेरिका के भीतर पहुंचाई गई हो सकती है. हालांकि अधिकारी इस जानकारी की विश्वसनीयता को लेकर अभी किसी एक नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं, यानी उनकी राय में मतभेद बना हुआ है,

कुछ अधिकारियों को यह भी आशंका है कि रेडियोधर्मी सामग्री या रासायनिक एजेंट अमेरिका में पहले से मौजूद हो सकते हैं, जिनका इस्तेमाल हमले में किया जा सकता है. लेकिन ईरान के पास ऐसी कार्रवाई करने की वास्तविक क्षमता कितनी है, इस पर भी अभी असमंजस की स्थिति है.

अमेरिकी खुफिया आकलन के मुताबिक, ईरान पहले भी मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कथित कोशिशों से जुड़ा रहा है. जिसमें 2024 में डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के लिए कथित तौर पर सुपारी देने की साजिश भी शामिल थी.

क्या होता है डर्टी बम?

डर्टी बम एक सामान्य विस्फोटक उपकरण होता है, जिसके साथ रेडियम या यूरेनियम जैसी रेडियोधर्मी सामग्री जोड़ी जाती है. धमाके के बाद यह खतरनाक सामग्री आसपास के इलाकों में फैल कर वहां की हवा और पानी को जहरीला बना सकती है.

इसमें परमाणु बम जैसा बड़ा परमाणु धमाका नहीं होता. तत्काल नुकसान मुख्य रूप से विस्फोट से होता है, जबकि रेडियोधर्मी पदार्थ बाद में स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्या पैदा कर सकते हैं. चूंकि ईरान के पास यूरेनियम है, इसलिए अमेरिकी अधिकारी इसे चिंता का विषय मान रहे हैं.

संबंधित खबरें

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES