SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'शायद मैं जिंदा वापस न आऊं...', पाकिस्तान के शीर्ष जजों को इमरान खान का खुला खत, पत्नी बुशरा बीबी के लिए भी लगाई गुहार

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शीर्ष जजों को खुला खत लिखकर अपनी और पत्नी बुशरा बीबी की सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई है.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 16, 2026, 17:53 IST | Updated: Nov 16, 2026, 18:12 IST
Image Credit: जेल से इमरान खान की भावुक अपील! चीफ जस्टिस को खत लिखकर जताई जान की चिंता, बुशरा बीबी के इलाज की भी की मांग
Join

पाकिस्तान की सियासत के सबसे चर्चित चेहरों में से एक पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान मौजूदा वक्त अपने जीवन के सबसे कठिनतम दौर से गुजर रहे हैं. रावलपिंडी की अदियाला जेल की कालकोठरी में बंद 74 वर्षीय इमरान खान ने अब देश की सर्वोच्च न्यायपालिका के सामने अपनी और अपनी पत्नी बुशरा बीबी की जिंदगी बचाने की गुहार लगाई है. सोमवार को सामने आए एक खुले पत्र के जरिए इमरान खान ने फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट (FCC), सुप्रीम कोर्ट (SC) और इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) के मुख्य न्यायाधीशों से अपने और अपनी पत्नी के उचित इलाज की अपील की है.

यह पत्र इमरान खान के वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किया है. सफदर ने 2 नवंबर और 11 नवंबर को अदियाला जेल में इमरान खान से मुलाकात की थी. पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 11 नवंबर की मुलाकात के दौरान इमरान ने सफदर को निर्देश दिया था कि वे उनके शब्दों को जजों तक पहुंचाएं. सफदर के हस्ताक्षर वाले इस पत्र में लिखा गया है कि उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री की बात को ज्यों का त्यों सामने रखा है.

 

 

‘जिंदगी भर अस्पताल बनाए, आज खुद इलाज के लिए तरस रहा हूं’

अपने इस बेहद भावुक पत्र में इमरान खान ने अपनी और बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत का ब्यौरा देते हुए अदालत से इलाज की इजाजत मांगी है. उन्होंने लिखा, 'मैंने अपनी पूरी जिंदगी ऐसे अस्पताल बनाने में लगा दी, ताकि जो लोग इलाज का खर्च नहीं उठा सकते, उन्हें मुफ्त में बेहतर चिकित्सा मिल सके. लेकिन आज मैं सिर्फ इतना मांग रहा हूं कि मुझे और मेरी पत्नी को इलाज मुहैया कराया जाए.'

इमरान ने बताया कि वे यह पत्र एक एकांत कोठरी से लिख रहे हैं, क्योंकि अब यही एकमात्र जरिया बचा है जिससे उनकी आवाज जेल की इन ऊंची दीवारों के बाहर जा सकती है. उन्होंने खुद को एक पूर्व प्रधानमंत्री या किसी राजनीतिक दल के प्रमुख के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे नागरिक के रूप में पेश किया जिसने अपना सब कुछ पाकिस्तान को दे दिया. इमरान ने लिखा, 'मैंने क्रिकेट के मैदान पर, समाज सेवा और परोपकार के कार्यों में और देश के 22वें प्रधानमंत्री के रूप में इस राष्ट्र की सेवा की. 70 साल की उम्र तक मेरे नाम पर एक भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं था.'

70 साल की उम्र के बाद शुरू हुआ मुकदमों का सिलसिला

इमरान खान ने पत्र में अपने खिलाफ चल रहे मुकदमों को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया. उन्होंने लिखा कि 70 वर्ष की आयु के बाद उनके खिलाफ राजनीतिक उत्पीड़न का एक अभूतपूर्व और क्रूर अभियान शुरू किया गया. अनगिनत मुकदमे दर्ज किए गए, अदालतों में सौ से ज्यादा पेशियां हुईं, बार-बार गिरफ्तारी से पहले जमानत की गुहार लगानी पड़ी और यहां तक कि उन पर जानलेवा हमला भी हुआ, जिसमें अल्लाह के करम से उनकी जान बच गई. उन्होंने आगे लिखा, 'इन सबके बावजूद मैंने कानून का रास्ता चुना. मैंने तय किया कि मैं इन सभी राजनीति से प्रेरित मामलों का अदालतों में डटकर मुकाबला करूंगा और मैं कभी पीछे नहीं हटा.' इमरान के मुताबिक, समय-समय पर अदालतों से मिलने वाली राहत से उनका यह विश्वास मजबूत होता था कि अंततः जीत न्याय की ही होगी.

यह भी पढ़ेंः PAK में उलटी गंगा! चारों प्रांत शहबाज सरकार को देंगे 57.46 अरब रुपये का चंदा, पहली बार केंद्र के सामने ऐसी नौबत क्यों आई?

लेकिन संवैधानिक संशोधनों के बाद हालात पूरी तरह बदल गए. इमरान ने दुख जताते हुए कहा कि उन संशोधनों के बाद अदालतों से मिलने वाली राहत का दायरा सिमटता गया और फिर पूरी तरह बंद हो गया. उन्होंने आगे लिखा, 'मुझे यह कहते हुए बेहद दुख हो रहा है कि जब मुझे सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब जिस व्यवस्था पर मैंने भरोसा किया था, वह मेरी मदद के लिए आगे नहीं आई. अदियाला की दीवारों के भीतर मेरी पत्नी और मैंने एक के बाद एक आपराधिक मुकदमों का सामना किया और हमारी अपीलें आज भी फैसले का इंतजार कर रही हैं. इसके बावजूद मैंने कभी बीमारी का बहाना बनाकर या मेडिकल आधार पर राहत नहीं मांगी. मैंने हमेशा पूरे आत्मविश्वास के साथ गुण-दोष के आधार पर अपनी लड़ाई लड़ी और आज भी लड़ रहा हूं.'

तोशाखाना-2 फैसले के बाद और सख्त हुई कैद

पूर्व प्रधानमंत्री ने बताया कि 'तोशाखाना-2' मामले में फैसला आने के बाद सब कुछ बदल गया. गौरतलब है कि मई 2021 में सऊदी क्राउन प्रिंस द्वारा आधिकारिक यात्रा के दौरान भेंट किए गए एक महंगे 'बुलगारी' (Bulgari) आभूषण सेट को बेहद कम कीमत पर खरीदने के मामले में इमरान और उनकी पत्नी को 17 साल जेल की सजा सुनाई गई है. इमरान ने आरोप लगाया कि इस फैसले के बाद उन्हें बाहरी दुनिया से पूरी तरह काट दिया गया. उन्होंने लिखा, 'मुझे हर संवैधानिक अधिकार और जेल नियमों के तहत एक कैदी को मिलने वाली हर सुविधा को दरकिनार करते हुए, दिन में 22 घंटे तक बेहद यातनापूर्ण एकांत कारावास में रखा गया. न परिवार से मिलने की इजाजत थी, न वकीलों से, न मेरे बेटों से फोन पर बात कराई गई, न किताबें दी गईं और न ही टेलीविजन.'

उन्होंने बताया कि महीनों तक वकील से संपर्क न हो पाने के बाद, सुप्रीम कोर्ट द्वारा बैरिस्टर सफदर को 'एमिकस क्यूरी' (न्याय मित्र) नियुक्त किए जाने के बाद 10 फरवरी को उन्हें मिलने की इजाजत मिली. इमरान के अनुसार, 'सफदर ने पाया कि मेरी दाहिनी आंख की 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी थी और इस बारे में न तो मेरे परिवार को बताया गया था और न ही मेरे वकील को. उस मुलाकात के बाद फिर से वही अलगाव लौट आया और जेल प्रशासन ने बदले की भावना से काम करते हुए मुझे एक बार फिर एकांत में डाल दिया.'

जेल प्रशासन का अमानवीय व्यवहार

इमरान खान ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे साल में उन्हें अपने वकील से केवल चार बार मिलने दिया गया, जबकि बुशरा बीबी को उनके वकील से सिर्फ एक बार मिलने की अनुमति मिली. उन्होंने इसे जेल के नियमों और हर कैदी के बुनियादी अधिकारों का खुला उल्लंघन बताया, जिसकी वजह से वे उन मुकदमों में अपना बचाव करने में भी असमर्थ हो गए हैं जो उन पर चल रहे हैं.

उन्होंने लिखा, 'लंबे समय तक एकांत कारावास और किसी भी तरह के मानवीय संवाद के अभाव ने मेरे मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला है. यह सिर्फ मेरा दावा नहीं है; खुद जेल के मेडिकल बोर्ड ने मेरी बेचैनी और चिंता को दर्ज किया है और सलाह दी है कि मुझे मेरी पत्नी और परिवार से अधिक बार मिलने दिया जाए, साथ ही पढ़ने की सामग्री और टेलीविजन उपलब्ध कराया जाए. लेकिन उस सलाह पर भी अमल नहीं किया गया.'

इमरान ने यह भी आरोप लगाया कि जेल अधिकारियों ने बिना किसी कारण या स्पष्टीकरण के उनकी पत्नी के साथ होने वाली साप्ताहिक मुलाकात को भी रोक दिया. उन्हें पता चला कि उनकी बहनें भी हिरासत में हैं, लेकिन उन्हें उनसे मिलने नहीं दिया गया. अदालती आदेशों के बावजूद उनके बेटों, कासिम और सुलेमान को फोन करने की इजाजत नहीं दी गई. इमरान ने जेल के भीतर के माहौल का जिक्र करते हुए लिखा, 'जेल में किसी को भी मुझसे बात करने या मेरी बात का जवाब देने की इजाजत नहीं है न तब जब मैं उन्हें सलाम करता हूं और न तब जब मैं पवित्र कुरान की कोई आयत पढ़ता हूं. मैं बस यही निष्कर्ष निकाल सकता हूं कि इसका मकसद मुझे बीमार करना और मेरे हौसले को तोड़ना है.'

बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी जाने का खतरा

अपनी तकलीफों से ज्यादा इमरान खान अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर चिंतित नजर आए. उन्होंने खुलासा किया कि अप्रैल के महीने में बुशरा बीबी की आंख का रेटिना अपनी जगह से खिसक गया था (रेटिनल डिटैचमेंट), जिसके बाद गुपचुप तरीके से उनकी आंख की एक जटिल सर्जरी की गई और उन्हें वापस एकांत कारावास में भेज दिया गया.

यह भी पढ़ेंः हर महीने 90 किलो सोना चोरी... इतना गोल्ड कहां से आता और किसके पास जाता था? पाकिस्तान के गवर्नर के खुलासे से मचा हड़कंप

इमरान ने भावुक होते हुए लिखा, "जब मैंने इस महीने उन्हें देखा, तो वह न तो रोशनी बर्दाश्त कर पा रही थीं और न ही अपनी आंखें खोल पा रही थीं. एक और सर्जरी के बिना वह हमेशा के लिए अपनी आंखों की रोशनी खो सकती हैं. महिला कैदियों के प्रति कानून की सहानुभूति के बावजूद, उनकी मेडिकल रिपोर्ट छिपाई जा रही हैं, उन्हें अपने डॉक्टरों से मिलने नहीं दिया जा रहा है और उनकी सजा निलंबित करने की याचिका पर सुनवाई तक नहीं हो रही है."

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी और जान का खतरा

इमरान ने याद दिलाया कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि उन्हें दो दिनों के भीतर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए, उनकी जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित किया जाए और उन्हें परिवार से मिलने दिया जाए.

उन्होंने कहा, 'उस आदेश को आज तक लागू नहीं किया गया है. मेरा मामला अब फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट (FCC) के पास सुनवाई के इंतजार में पड़ा है.' उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि दंपति के स्वास्थ्य और अनसुने अदालती आदेशों से जुड़ी पुरानी याचिकाओं के बजाय अल-कादिर ट्रस्ट मामले में उनकी अपील पर पहले सुनवाई की जा रही है.

अपने गिरते स्वास्थ्य के आंकड़े साझा करते हुए इमरान ने लिखा, 'मेरी पत्नी की जाती हुई रोशनी और माननीय सुप्रीम कोर्ट के उस अधूरे आदेश ने मुझे यह पत्र लिखने के लिए मजबूर किया है. एकांत कारावास में मेरा रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) अनियंत्रित हो गया है. पहले 130, फिर 150, फिर 170 और पिछले हफ्ते 10 नवंबर को यह 192 और 193 तक पहुंच गया. डॉक्टरों का कहना है कि मुझे ब्रेन हेमरेज और कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) का बहुत अधिक खतरा है और मेरे दिल को पहले ही नुकसान पहुंच चुका है. 74 साल की उम्र में यह लगातार बिगड़ती स्थिति मुझे एक ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट सकूं.'

पत्र के अंत में उन्होंने जजों से कोई एहसान नहीं, बल्कि केवल न्याय और मानवीय करुणा की मांग की. उन्होंने लिखा, "मैं माननीय न्यायाधीशों से किसी रियायत की मांग नहीं करता. मैं न्याय के रूप में बस इतना चाहता हूं कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू किया जाए और हमारी बीमारियों का उचित इलाज हो. मैं अपनी बेगुनाही तभी साबित कर पाऊंगा जब मैं जिंदा रहूंगा. मैं मानवीय करुणा के सबसे बुनियादी आधार पर आपसे अपील करता हूं: बहुत देर होने से पहले मुझे न्याय दें."

क्या है दोनों की सेहत का पिछला घटनाक्रम?

गौरतलब है कि इमरान खान 5 अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं, जबकि उनकी पत्नी बुशरा बीबी को एक अन्य मामले में सजा सुनाए जाने के बाद 17 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया गया था. इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने इमरान को मंगलवार और गुरुवार को सप्ताह में दो बार परिवार और वकीलों से मिलने की अनुमति दी है, लेकिन इसके बावजूद उनकी मुलाकातों पर कड़ा प्रतिबंध रहा है.

जनवरी के अंत में इमरान की दाहिनी आंख में 'सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन' की गंभीर समस्या सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें कई बार अस्पताल ले जाया गया. 18 अगस्त को जब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल भेजने का आदेश दिया, तो सरकार ने उन्हें वहां ले जाने के बजाय 'पिम्स' (PIMS) अस्पताल पहुंचाया और फिर वापस जेल भेज दिया. 

उस समय सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने अस्पताल के बाहर पीटीआई कार्यकर्ताओं द्वारा पैदा की गई सुरक्षा स्थिति को इसका जिम्मेदार ठहराया था, जिसे पार्टी ने सिरे से खारिज कर दिया था. दूसरी ओर, बुशरा बीबी भी अपनी आंखों की रोशनी बचाने के लिए अपने खर्च पर पसंदीदा डॉक्टरों से इलाज कराने की अनुमति मांग रही हैं, क्योंकि डॉक्टरों ने उनकी आंख में 'पका हुआ मोतियाबिंद' की पुष्टि करते हुए तत्काल एक और सर्जरी की सलाह दी है.

यह भी पढ़ेंः भीख की जमीन पर शेख चिल्ली वाले सपने: शहबाज देख रहे पाक के छठी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने के ख्वाब

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES