App

सत्ता की भूख पड़ी भारी: राष्ट्रपति को रास्ते से हटाकर खुद बनना चाहता था 'हैती का हाकिम', अमेरिकी कोर्ट ने सुनाया फैसला

'जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है...' हिंदी भाषा के लेखक रामधारी सिंह की ये पंक्तियां या फ्लोरिडा में रहने वाले हैती मूल के पादरी क्रिश्चियन इमैनुएल सैनोन के ऊपर सच बैठती हैं, जिसे अदालत ने 2021 में हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइज की हत्या से जुड़ी साजिश का दोषी ठहराया है.

सत्ता की भूख पड़ी भारी: राष्ट्रपति को रास्ते से हटाकर खुद बनना चाहता था 'हैती का हाकिम', अमेरिकी कोर्ट ने सुनाया फैसला
Image Credit: (रॉयटर्स)

सत्ता के लालच में आए इंसानों के किसी भी हद तक गिर जाने की खबरें आपने पढ़ी और देखी होंगी, लेकिन आपने ये नहीं सुना होगा कि किसी पादरी ने खुद सत्ता हथियाने के लिए राष्ट्रपति के मर्डर की पटकथा लिख दी हो. दूसरे को अपने रास्ते से हटाकर उसकी जगह लेने की कोशिश करने वाले इस पादरी का नाम सैनोन है, जिसे अमेरिका की एक संघीय अदालत ने आठ हफ्तों तक चली सुनवाई के बाद दोषी करार दिया. मियामी की कोर्ट के इस फैसले के बाद आरोपी सैनोन को उम्रकैद तक की सजा हो सकती है. 68 साल के सैनोन पर राष्ट्रपति मोइज की हत्या की साजिश रचने और उन्हें सत्ता से हटाकर खुद राष्ट्रपति बनने की योजना में शामिल होने का आरोप था.

फंडिंग से लेकर किए हर  इंतजाम

अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा कि दक्षिण फ्लोरिडा इस साजिश की योजना बनाने और उसके लिए धन जुटाने का प्रमुख केंद्र था. साजिश में शामिल लोगों ने शुरुआत में मोइज की जगह सैनोन को राष्ट्रपति बनाने की योजना बनाई थी. अभियोजकों के मुताबिक, सैनोन ने साजिश के लिए धन जुटाने में मदद की और हैती की यात्रा तथा वहां ठहरने की व्यवस्था भी की.

इस योजना में अमेरिका की दो कंपनियों के जरिए कोलंबिया के पूर्व सैनिकों को भर्ती किया गया था. इन लोगों ने कथित तौर पर अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) के एजेंट होने का दिखावा करते हुए राष्ट्रपति के आवास पर धावा बोला था.

पादरी का आरोपों से इनकार

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, सैनोन ने अदालत में अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया. उन्होंने स्वीकार किया कि एक समय उनकी उन लोगों से बातचीत हुई थी जो मोइज को सत्ता से हटाकर नया राष्ट्रपति लाना चाहते थे, लेकिन उनका कहना था कि हत्या से काफी पहले ही साजिशकर्ताओं ने किसी दूसरे उम्मीदवार को समर्थन देना शुरू कर दिया था. उन्होंने राष्ट्रपति की हत्या की योजना की जानकारी होने से भी इनकार किया.

पांच साल बाद दोषी करार

हैती में 7 जुलाई 2021 की रात राष्ट्रपति मोइज की उनके निजी आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमले में उनकी पत्नी मार्टिन मोइज भी घायल हुई थीं. उन्हें इलाज के लिए फ्लोरिडा ले जाया गया था. उन्होंने सैनोन के मुकदमे में अहम गवाह के रूप में बयान दिया. मार्टिन मोइज ने अब एक दशक से अधिक समय बाद होने वाले हैती के पहले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी भी दर्ज कराई है.

अभियोजन पक्ष के अनुसार, साजिश का खाका अप्रैल 2021 में दक्षिण फ्लोरिडा में सैनोन, हैती के एक पूर्व सीनेटर, और कुछ अमेरिकी कारोबारियों की बैठक के बाद तैयार हुआ. योजना थी कि सैनोन के सत्ता में आने पर फ्लोरिडा की दो कंपनियों को बुनियादी ढांचे, सुरक्षा बलों और सैन्य उपकरणों से जुड़े ठेके दिए जाएंगे. शुरुआत में सैनोन की सुरक्षा के लिए कोलंबिया के करीब 18 पूर्व सैनिकों को भी नियुक्त किया गया था.

पेचीदा मामला

हालांकि, जून 2021 तक साजिशकर्ताओं को लगा कि सैनोन के पास राष्ट्रपति बनने के लिए न तो संवैधानिक पात्रता है और न ही पर्याप्त जनसमर्थन. इसके बाद उन्होंने हैती के पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश वेंडेल कोक थेलो को अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया. थेलो की जनवरी 2025 में फरार रहते हुए मौत हो गई थी.

इस मामले में अमेरिकी अभियोजकों ने 40 से अधिक लोगों पर आरोप लगाए हैं और करीब एक दर्जन लोगों को दोषी ठहराया जा चुका है. इनमें पांच लोग उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. सैनोन का मामला पहले चार अन्य आरोपियों के साथ चलना था, जिन्हें इस साल की शुरुआत में दोषी ठहराया गया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उनकी सुनवाई अलग कर दी गई थी.

मोइज की हत्या के बाद से हैती में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा बढ़ी है. सशस्त्र गिरोहों का प्रभाव राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस और आसपास के इलाकों में फैल गया है. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, हिंसा के कारण करीब 15 लाख लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More