SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

विमान क्रैश करना चाहता था, मौत से नहीं डरता... को-पायलट का कबूलनामा; अलकायदा की धमकी- जंग अभी बाकी है

फ्लाईदुबई के को-पायलट ने पूछताछ में एक ऐसी बात कबूल की है, जो बताती है कि वो दिमाग से कितना मजबूत था और दूसरों की जान लेना उसके लिए कोई बात बात नहीं है. उसने कहा कि उसने मरने से डर नहीं लगता और वो विमान को क्रैश कराना चाहता था.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 04, 2026, 17:51 IST | Updated: Oct 04, 2026, 17:57 IST
Image Credit: को-पायलट हमाम अल-हमामी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ.
Join

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला करने वाले को-पायलट हमाम अल-हमामी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है. 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक जब उससे सऊदी अरब में अधिकारियों ने पूछताछ की तो उसने एक्सेप्ट किया कि वह विमान को क्रैश कराना चाहता था और उसे मौत का कोई खौफ नहीं था. कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमले के बाद सऊदी अरब में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी. आरोपी को-पायलट से वहीं पूछताछ हुई और फिर उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को हैंडओवर कर दिया गया.

बीते शनिवार को यूएई के अटॉर्नी जनरल नेसाफ किया था कि को-पायलट ने एक आतंकवादी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी. फिलहाल इस पूरे मामले में सऊदी अरब, यूएई और इजरायल की एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या आरोपी के तार किसी बाहरी ताकत से जुड़े थे.

सीरिया कनेक्शन और कट्टरपंथ की जांच

अब तक आरोपी को-पायलट के बारे में जो डिटेल सामने आई है, उसमें बताया गया है कि को-पायलट ओमान का नागरिक था. उसके पिता ओमानी जबकि मां सीरियाई हैं. हमामी लंबे वक्त से दुबई में रह रहा था. आरोपी सीरिया में चले गृहयुद्ध के दौरान वहां काफी वक्त तक रहा था. जांच एजेंसियां इस पहलू की पड़ताल करने में जुटी हैं कि क्या असद शासन के खिलाफ लड़ रहे इस्लामी चरमपंथियों के संपर्क में आकर वह कट्टरपंथी बना या कोई और वजह है?

आरोपी को-पायलट के सोशल मीडिया अकाउंट्स की बारीकी से जांच की जा रही है. उसका 'एक्स' (ट्विटर) अकाउंट तो डिलीट हो चुका है, लेकिन इंटरनेट आर्काइव से उसकी 3,000 से ज्यादा पुरानी पोस्ट्स निकाली गई हैं. इन पोस्ट्स में वह महिलाओं के नौकरी करने के सख्त खिलाफ नजर आया और उसने पर्दे में रहने वाली धार्मिक महिलाओं की तरफ अपनी पसंद जताई थी. दिसंबर 2021 की एक पोस्ट में उसने खुद माना था कि सऊदी महिलाओं से बातचीत करने के लिए उसने सीरियाई और लेबनानी बनकर फेक अकाउंट बनाए थे. उसने यह भी साफ लिखा था कि उसकी पत्नी कभी नौकरी नहीं करेगी.

फ्लाईदुबई में कैसे मिल गई नौकरी?

फ्लाईदुबई आने से पहले आरोपी हमामी ओमान की सरकारी एयरलाइन 'ओमान एयर' में काम करता था, लेकिन जब कंपनी को भनक लगी कि वह कट्टरपंथी और चरमपंथी वेबसाइट्स खंगालता है, तो एयरलाइन ने तुरंत उसके प्लेन उड़ाने पर रोक लगा दी. इसके बाद उसकी सोच बदलने के लिए उसे 'डी-रेडिकलाइजेशन प्रोग्राम' में भेजा गया और सिर्फ डेस्क का काम थमा दिया गया. आखिरकार उसे नौकरी से निकाल दिया गया.

'ओमान एयर' से हटाए जाने के बाद वह दूसरी जगह हाथ-पैर मारने लगा. उसने 2025 में 'रॉयल एयर मारोक' में जाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. फिर इसी साल यानी फरवरी 2026 में फ्लाईदुबई ने उसे को-पायलट की नौकरी दे दी. अब इस साजिश का खुलासा होने के बाद फ्लाईदुबई के हायरिंग सिस्टम और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.

दरअसल, यूएई में पायलटों को नौकरी देने से पहले बेहद सख्त सिक्योरिटी चेकिंग होती है, लेकिन फ्लाईदुबई ने हमामी को रखते वक्त क्या जांच-पड़ताल की थी, यह अब तक साफ नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि अगर यूएई या फ्लाईदुबई ने संपर्क किया होता तो ओमान सरकार उसकी सारी पुरानी करतूतों की जानकारी दे देती, लेकिन शायद ऐसा नहीं हुआ. इस मामले में यूएई प्रशासन और फ्लाईदुबई ने फिलहाल जांच चलने की बात कहकर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. पढ़ाई की बात करें तो हमामी ने इंग्लैंड की बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी से एविएशन मैनेजमेंट में डिस्टेंस लर्निंग का कोर्स किया हुआ था.

'जंग अभी थमी नहीं है'

फ्लाईदुबई की फ्लाइट को हाईजैक करने की साजिश नाकाम होने के बाद एक धमकी भी आई है. यह धमकी आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़ी एक मैगजीन के जरिए दी गई है. आतंकी समर्थित मैगजीन 'अल-बयान' ने अमेरिका और इजरायल के पैसेंजर प्लेन्स पर फ्लाईदुबई और 9/11 जैसे हमले दोहराने के लिए उकसाया है. इससे जुड़ा भड़काऊ आर्टिकल इसी शुक्रवार मैगजीन के नए अंक में छापा गया है, जिसे जुलाई में ही शुरू किया गया था. अरबी भाषा में लिखे इस आर्टिकल में 2001 के 9/11 हमले और हाल ही में फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 पर हुई घटना का जिक्र है.

मैगजीन के लेख में लिखा गया है, 'जंग अभी थमी नहीं है. इजरायलियों, अमेरिकियों और इस्लाम के दुश्मनों को ढोने वाले जहाज अब भी आसमान में उड़ रहे हैं और उन्हें निशाना बनाना बिल्कुल मुमकिन है, ठीक वैसे ही जैसे 11 और 30 सितंबर को हुआ था.' इस लेख में 2001 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के टावरों से टकराते विमान की फोटो के साथ-साथ बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट पर हुए हमले की तस्वीर भी छपी है. मैगजीन के आधिकारिक टेलीग्राम चैनलों पर शनिवार को यह पोस्ट डाली गई थी, जिसे बाद में कथित तौर पर हटा दिया गया है.

170 से अधिक यात्रियों की जान पर बन आई थी

यह घटना 30 सितंबर की है. दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाइट में ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसके बाद विमान करीब 2 मिनट में 17 हजार फीट नीचे आ गया. विमान में 170 से ज्यादा यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे. कैप्टन स्मित ने बुरी तरह घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था, जिसके बाद केबिन क्रू और यात्रियों ने अंदर घुसकर हमलावर को-पायलट को दबोच लिया.

ये भी पढ़ें: क्रू कहता रहा- छोड़ दो, मुसाफिर बोले नो चांस; फ्लाईदुबाई फ्लाइट में दबोचे गए को-पायलट हम्मामी का बेनकाब हुआ राज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES