करप्शन रोकने को ट्रंप ने निकाला तगड़ा तोड़! अफसरों की पोल खोलने वाले को ही दे देंगे 1 फीसद कमीशन
डोनाल्ड ट्रंप ने एक यूट्यूबर को सरकारी फंड में हेरफेर की जानकारी देने के बदले में बड़ा इनाम दिया है. साथ ही इस मौके पर उन्होंने एक स्कीम का भी ऐलान किया है, जिसके तहत अब अगर कोई भी इस तरह की जानकारी देता है तो उसे 1 प्रतिशत रकम इनाम में दी जाएगी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बेहद दिलचस्प योजना का ऐलान किया है. इस योजना के तहत आम आदमी को भी बड़ी रकम जीतने का मौका मिलेगा. इसके लिए ज्यादा कुछ करने की भी जरूरत नहीं है. सिर्फ आपको यह बताना है कि अमेरिकी सरकार के पैसों का कहां गलत इस्तेमाल हो रहा है. अगर किसी को भी इस संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वो अधिकारियों को इस बारे में सूचित करे. ऐसा करने पर सरकार की तरफ से उसे बड़ा इनाम दिया जाएगा. इस योजना का नाम 'Fraud Whistleblower Incentive Program' रखा है.
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी का उजागर करने वाले को इनाम के तौर पर 1 प्रतिशत रकम दी जाएगी. यानी अगर आप 100 करोड़ डॉलर की धोखधड़ी पकड़वाते हैं, तो बदले में आपको 1 करोड़ डॉलर मिलेंगे. हालांकि, अमेरिकी न्याय विभाग का बयान ट्रंप के दावे से थोड़ा अलग है. न्याय विभाग ने अपने बयान में कहा है कि सही जानकारी देने वाले को 10000 से 30000 डॉलर तक इनाम दिया जाएगा. जबकि ट्रंप के बयान में सीधे 1 प्रतिशत का दावा किया गया है.
यूट्यूबर को दिए 10 हजार डॉलर
दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप ने अपनी इस योजना की शुरुआत भी कर दी है. सबसे पहले उन्होंने निक शर्ली नाम के एक यूट्यूबर को 10000 डॉलर (करीब 9 लाख रुपये) देने का भी ऐलान किया है. निक शर्ली नाम के यूट्यूबर ने मिनेसोटा राज्य में बच्चों की देखभाल करने वाले कुछ सेंटरों में धोखाधड़ी का दावा करते हुए एक वीडियो बनाया था. हालांकि, शुरुआत में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज कर दिया गया, लेकिन एक महिला ने बाद में धोखाधड़ी के आरोप स्वीकार भी कर लिया. रॉयटर्स ने बताया कि कि शर्ली को इस इनाम के लिए किस प्रक्रिया के तहत चुना गया, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया,'व्हाइट हाउस, न्याय विभाग और ट्रेजरी विभाग ने इस संबंध में पूछे गए सवालों का तुरंत जवाब नहीं दिया. इसके अलावा जब निक शर्ली से बात संपर्क करने की कोशिश की, तो उनसे भी तत्काल संपर्क नहीं हो सका.'
इनाम मिलने के बाद निक ने क्या कहा?
इस मौके पर यूट्यूबर निक ने कहा,'मैं चाहता हूं कि लोग इस बात पर सोचें कि अभी क्या हो रहा है. 24 साल की उम्र में, मैंने बाहर निकलकर इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया. मुझे बस इस बात की चिंता थी कि हमारे टैक्स का पैसा सही जगह इस्तेमाल हो और आज मैं अमेरिका के राष्ट्रपति के बगल में खड़ा हूं.' उन्होंने आगे कहा,'अब तक किसी के पास भी धोखाधड़ी का पर्दाफाश करने का कोई प्रोत्साहन नहीं था, लेकिन जब आप धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हैं, तो आप अमेरिका को बचाने में मदद करते हैं. ये धोखेबाज उन गरीब और जरूरतमंद लोगों का हक मारते हैं, जिन्हें हकीकत में उन सेवाओं की जरूरत होती है, जिनके लिए हम सब कड़ी मेहनत करके टैक्स देते हैं और ये लोग उस पैसे को हड़प लेते हैं, जिससे फिर वे मर्सिडीज जैसी कारें खरीदते हैं.'
ट्रंप ने 2.5 करोड़ का फंड रखा
ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा है कि इस योजना के तहत इनाम देने का ऐलान वो खुद करेंगे. वो खुद ही यह भी तय करेंगे कि किस व्यक्ति को इनाम दिया जाना है और किसे नहीं. उन्होंने यह भी कहा कि हम इनाम देने में किसी भी तरह की कंजूसी नहीं बरतेंगे. इसके लिए 2.5 करोड़ डॉलर का फंड रखा गया है.