रूस-यूक्रेन के बीच एनर्जी सीजफायर का दावा! ट्रंप बोले- 'तुरंत लागू हुआ समझौता, कोई तोड़ने की कोशिश ना करे'
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रूस और यूक्रेन के बीच 'एनर्जी सीजफायर'हुआ है, जिसके बाद दोनों देश एक दूसरे के ऊर्जा और बिजली ठिकानों पर हमले नहीं करेंगे.
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है. ट्रंप का कहना है कि दोनों देश तुरंत प्रभाव से 'एनर्जी सीजफायर' पर सहमत हुए हैं. ट्रंप के अनुसार, दोनों तरफ से अब बिजली और ऊर्जा ठिकानों पर हमले नहीं होंगे. ट्रंप का यह दावा यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के एबीसी न्यूज पर प्रसारित एक इंटरव्यू के तुरंत बाद आया है, जिसमें उन्होंने ट्रंप से गुजारिश की थी कि वो 'कृपया पुतिन से कहें' कि वे यूक्रेन को 2 महीने का सीजफायर दें.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट में लिखा, 'रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में तुरंत ENERGY CEASEFIRE लागू हो गया है. दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं. इसे न तोड़ें, इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद.'
डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से दोनों यूरोपीय देशों के बीच जारी युद्ध को समाप्त कराने की कोशिश में जुटे हैं, हालांकि इस संघर्ष विराम को लेकर अभी तक मॉस्को या कीव की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. ये सिर्फ ट्रंप का दावा है.
एनर्जी सीजफायर का क्या है मतलब?
दरअसल, रूस और यूक्रेन के बीज जारी जंग के दौरान दोनों देश लगातार एक-दूसरे के बिजली ग्रिड, तेल रिफाइनरी और गैस पाइपलाइनों जैसे एनर्जी ठिकानों पर हमले कर रहे हैं. जिससे दोनों देशों को तगड़ा नुकसान हो रहा है. अब अगर यह समझौता लागू होता है तो दोनों देश एक-दूसरे के पावर ग्रिड और बिजली-पानी से जुड़े संयंत्रों पर मिसाइल या ड्रोन से हमला नहीं करेंगे.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान ने बिजली पर झोंके 58 अरब डॉलर, लेकिन नहीं मिल रहा खरीदार! शहबाज को जनता ने दिखा दिया ठेंगा