)
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की सोशल मीडिया पर जमकर छीछालेदर हो रही है. दरअसल, एक अफगान महिला पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने एक ऐसा इशारा किया, जो लोगों को बेहद आपत्तिजनक लगा. पत्रकार ने उनसे तालिबान के साथ पाकिस्तान के रिश्तों और अफगान महिलाओं के साथ बर्ताव पर पाकिस्तान के रुख के बारे में सवाल पूछा था.
यह बातचीत न्यूयॉर्क में UN जनरल असेंबली के 81वें सत्र के दौरान हुई. पत्रकार ने आसिफ से पूछा कि अफगान महिलाओं को लेकर तालिबान की नीतियों को लेकर पाकिस्तान का क्या संदेश है और जब तालिबान को दोस्त माना जाता था, तब इस्लामाबाद ने उन नीतियों पर सवाल क्यों नहीं उठाए?
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए घटना के एक वीडियो के मुताबिक, पत्रकार ने पूछा, 'अब तालिबान के लिए आपका क्या मैसेज है? क्या उन्हें अफगान महिलाओं को लेकर अपनी नीति बदलनी चाहिए? शुरुआत में पाकिस्तान ने उन्हें यह क्यों नहीं सिखाया?'
आसिफ ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया. फिर उन्होंने पत्रकार के पहनावे की ओर इशारा करते हुए कहा, 'वहां इस तरह वापस मत जाना. वे... वरना वे...' और साथ ही उन्होंने अपनी गर्दन पर हाथ फेरते हुए इशारा किया.
इस इशारे की सोशल मीडिया यूजर्स ने आलोचना की. उनका मानना था कि इस इशारे का मतलब यह था कि अगर पत्रकार अफगानिस्तान लौटती हैं, तो उनका सिर कलम कर दिया जाएगा. यूजर्स ने आसिफ और उनके साथ खड़े लोगों की भी आलोचना की क्योंकि वे उनकी बात सुनकर हंसने लगे थे. उन्होंने कहा कि पत्रकार ने अफगान महिलाओं के प्रति तालिबान की नीतियों और उन पर पाकिस्तान के रुख के बारे में एक गंभीर सवाल उठाया था. Zee News इस वीडियो की सच्चाई की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता.
यह घटना पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव के दौरान हुई है. गुरुवार तड़के पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 जगहों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए. सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि ये हमले एक दिन पहले अफगानिस्तान से छोड़े गए ड्रोनों के जवाब में किए गए थे. पाकिस्तानी अखबार द 'डॉन' के मुताबिक, तरार ने कहा कि जिन जगहों को निशाना बनाया गया, वे कथित तौर पर ड्रोन लॉन्च करने और उन्हें रखने के लिए इस्तेमाल की जाती थीं. उन्होंने इन हमलों को 'सोचा-समझा, सटीक और सही बताया. उन्होंने कहा कि ये हमले सिर्फ उन पहचाने गए सैन्य ठिकानों तक ही सीमित थे, जिनका सीधा संबंध पाकिस्तान पर हमले की कोशिशों से था.
अफगानिस्तान ने इन हमलों को खुली आक्रामकता बताते हुए पाकिस्तान को 'गंभीर नतीजे भुगतने की चेतावनी दी है. अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा, 'इस आपराधिक आक्रामकता में हमारे चार अफगान साथी शहीद हो गए हैं. अफगानिस्तान का इस्लामिक अमीरात इन अंधाधुंध और कायरतापूर्ण हमलों की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता है और इन्हें सभी सिद्धांतों का खुला उल्लंघन, खुली आक्रामकता और एक अपराध मानता है.' दोनों पड़ोसी देशों के बीच सीमा-पार तनाव जारी है और पाकिस्तान अफगानिस्तान में हवाई हमलों समेत सैन्य कार्रवाई कर रहा है.