App

दुश्मन से डील, 100 से ज्यादा सीक्रेट्स लीक... चीन ने गद्दार अधिकारी को सुनाई मौत की सजा

चीनी मंत्रालय के अधिकारी 'मा' (Ma) को जासूसी के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने 100 से अधिक सरकारी सीक्रेट फाइलों को विदेशी खुफिया एजेंसी को बेचा था. वह दो देशों के लिए काम कर रहा था.

दुश्मन से डील, 100 से ज्यादा सीक्रेट्स लीक... चीन ने गद्दार अधिकारी को सुनाई मौत की सजा
Image Credit: चीन ने गद्दार अधिकारी को सुनाई मौत की सजा (AI तस्वीर)

चीन ने अपने एक अधिकारी को देश से गद्दारी करने के आरोपों में मौत की सजा सुनाई है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'मा' (Ma) उपनाम वाले इस अधिकारी को जासूसी करने और दुश्मन को खूफिया जानकारियां बेचने का दोषी पाया गया है. चीनी प्रशासन ने आरोपी की संपत्ति को कुर्क करने का फरमान जारी किया है. इतना ही नहीं आरोपी को सभी संवैधानिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं से वंचित कर दिया गया है.

हनी ट्रैप का शिकार हुआ था आरोपी

चीनी न्यूज चैनल 'जिनचेंग प्रेस' के सोशल मीडिया चैनल 'बाओमिगुआन' ने अपनी एक रिपोर्ट में लिखा कि चीनी मंत्रालय के अधिकारी 'मा' (Ma) को जासूसी के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह अधिकारी हनी ट्रैप का शिकार हो गया था. इस अधिकारी को पहले अपने जाल में फंसाया गया और फिर ब्लैकमेल करके उससे दर्जनों सरकारी फाइलों को एक विदेशी खुफिया एजेंसी को सौंपने के लिए मजबूर किया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने 100 से अधिक सरकारी सीक्रेट फाइलों को विदेशी खुफिया एजेंसी को बेचा था.

दो देशों को भेजता था खूफिया जानकारियां

इस रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि आरोपी पर जासूसी का मुकदमा कब चला या उसे कब सजा सुनाई गई थी. यह फैसला चीन की किस अदालत ने दिया है, सजा पर अमल किया गया है या नहीं, इसके संबंध में भी कोई जानकारी नहीं है. यह भी नहीं बताया गया है कि 'मा' किस सरकारी मंत्रालय में काम करता था और उसने किस विदेशी देश के लिए जासूसी की थी. 'बाओमिगुआन' ने अपनी रिपोर्ट में विदेशी देशों को केवल 'देश A' और 'देश B' के रूप में दिखाया है.

दिन में ऑफिस, रात को जासूसी

रिपोर्ट में कहा गया कि हनी ट्रैप में फंसे 'मा' ने 'देश B' के खुफिया एजेंटों के लिए काम किया था. उसने एक समझौते पर दस्तखत किए, जिसके तहत उसे यह काम गुप्त रखना था और उनके प्रति वफादार रहना था. दुश्मन 'देश B' ने सीक्रेट मैसेज भेजने के लिए 'मा' को एक लैपटॉप दिया था. यही नहीं जासूसी करने पर उसे हर महीने पैसे मिलते थे. रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश से चीन लौटने के बाद 'मा' ने अपने मंत्रालय में लंबे समय तक जासूसी की. वह दफ्तर के काम के दौरान 'देश B' के कहे अनुसार गोपनीय कागजात इकट्ठा करता था और रात में घर जाकर उन्हें गुप्त वेबसाइटों के जरिए आगे भेज देता था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More