App

आजम खान की फिर बढ़ीं मुश्किलें! घर पहुंची पुलिस, जानें अब किस मामले में कोर्ट ने दिए जांच के आदेश?

रामपुर में सपा नेता आजम खान को 19 साल पुराने दुकान तोड़ने के मामले में नोटिस भेजा गया है. कोर्ट ने 2007 के मामले में दोबारा जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस आजम खान के आवास पहुंची, लेकिन उनके नहीं मिलने पर वहां मौजूद अधिवक्ता को नोटिस सौंपकर लौट गई.

आजम खान की फिर बढ़ीं मुश्किलें! घर पहुंची पुलिस, जानें अब किस मामले में कोर्ट ने दिए जांच के आदेश?
Image Credit: Azam Khan Notice

उत्तर प्रदेश के रामपुर में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान से जुड़े 19 साल पुराने मामले में एक बार फिर जांच शुरू होने जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, साल 2007 में दुकान तोड़ने से जुड़े मामले में कोर्ट ने दोबारा जांच के आदेश दिए हैं. इसी सिलसिले में पुलिस आजम खान को नोटिस देने उनके आवास पहुंची थी. हालांकि, आजम खान घर पर नहीं मिले. इसके बाद पुलिस वहां मौजूद अधिवक्ता को नोटिस सौंपकर वापस लौट गई.

क्या है 2007 का पूरा मामला?

यह मामला रामपुर के गंज थाना क्षेत्र का है. साल 2007 में जिला प्रशासन ने एक जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई की थी. इस दौरान दुकान तोड़े जाने का मामला सामने आया था. दुकान स्वामी ने आरोप लगाया था कि बिना कोई नोटिस दिए कब्जा हटाया गया. साथ ही यह कार्रवाई तत्कालीन सपा नेता आजम खान के इशारे पर किए जाने का आरोप भी लगाया गया था. इस मामले में साल 2007 में मुकदमा दर्ज हुआ था. इसमें तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी और आजम खान का नाम शामिल किया गया था. आजम खान को भी मामले में आरोपी बनाया गया था.

पुलिस ने लगाई थी FR, फिर कोर्ट पहुंचा दुकान मालिक

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की थी. जांच पूरी होने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट (FR) लगा दी थी. हालांकि, दुकान स्वामी पुलिस की रिपोर्ट के बाद दोबारा कोर्ट पहुंचा. अब कोर्ट ने मामले की पुनर्विवेचना यानी फिर से जांच करने के आदेश दिए हैं.

आजम खान के घर नोटिस लेकर पहुंची पुलिस

कोर्ट के आदेश के बाद मामले की दोबारा जांच रामपुर के पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा को सौंपी गई है. सूत्रों के मुताबिक, पटवाई पुलिस आजम खान को नोटिस तामील कराने उनके आवास पहुंची थी. लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने आवास पर मौजूद अधिवक्ता को नोटिस सौंप दिया और वापस लौट गई अब 19 साल पुराने इस मामले में पुलिस की दोबारा जांच पर नजर रहेगी. हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More