AI ले सकता है अरबों की जान: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर बिल गेट्स की चेतावनी, कभी भी बज सकती है खतरे की घंटी
Bill Gates Alerts On Artificial Intelligence: अरबपति और माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल को इंसानों के लिए बड़ा खतरा बताया है. उन्होंने कहा कि AI का अधिक इस्तेमाल 1 अरब लोगों की जान ले सकता है.
Bill Gates Alert On AI: माइक्रोसॉफ्ट के को फाउंडर बिल गेट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि AI इतना शक्तिशाली है कि इससे 1 अरब ( 100 करोड़ ) लोगों की मौत हो सकती है. उन्होंने ये भी कहा कि AI मानवता के एक महत्वपूर्ण हिस्से को खत्म करने के लिए पर्याप्त शक्तिशाली टूल है.
गेट्स ने 'NBC' के 'मीट द प्रेस' इवेंट में एक इंटरव्यू के दौरान कहा,' AI निश्चित रूप से इतना शक्तिशाली है कि यह ऐसी घटनाओं को अंजाम दे सकता है, जिनसे एक अरब लोगों की मौत हो सकती है.' उन्होंने आगे कहा कि बुरे लोगों के नए AI टूल्स के इस्तेमाल से बनने वाला हथियार इतना शक्तिशाली कभी नहीं रहा है.'
इंसानों को समाप्त कर देगा AI?
सिलिकॉन वैली में AI के तेजी से विकास के साथ-साथ इससे होने वाले विनाशकारी नुकसानों को लेकर चेतावनी तेज हो गई है. हाल ही में 'एंथ्रोपिक PBC' के एक कर्मचारी जैकब कॉक्सन ने इस महीने की शुरुआत में अपनी नौकरी छोड़ दी थी. उन्होंने कर्मचारियों पर 'एंथ्रोपिक' और 'OpenAI' के जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल और लोगों की लाइफ के साथ जुआ खेलने का आरोप लगाया. एंथ्रोपिक के एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि उनका मानना है कि अगले दशक में AI के सभी इंसानों को समाप्त कर दिए जाने की संभावना 10 प्रतिशत से भी ज्यादा है.
AI के लिए सुरक्षा निगरानी
बिल गेट्स की इस टिप्पणी ने AI को लेकर लंबे समय से चल रही बहस को और अधिक विवादित बना दिया है. ऐसे में AI इंडस्ट्री से अपनी तकनीक की सुरक्षा के लिए और अधिक कदम उठाने की सार्वजनिक मांग उठ रही है. 'एंथ्रोपिक' के CEO डारियो अमोदेई ने AI डेवलपमेंट को स्लो करने का आग्रह किया है, जिसे 'OpenAI' के CEO सैम अल्टमैन और एलन मस्क जैसे साथियों ने तुरंत समर्थन दिया. गेट्स ने इंटरव्यू में यह भी कहा कि AI में सेल्फ रेगुलेशन पर्याप्त नहीं है. उन्होंने कहा,' कानून प्रवर्तन एजेंसियों और नेताओं को इस बात पर चर्चा में शामिल होना होगा कि सुरक्षा उपाय और निगरानी कैसी होनी चाहिए. यह एक अनिवार्य कदम होना चाहिए.'
बिल गेट्स ने इससे पहले भी अगस्त 2026 में तर्क दिया था कि बुरे लोग साइबर हमलों, धोखाधड़ी, गलत सूचना और अस्पतालों, वित्तीय संस्थानों, पावर ग्रिड और सरकारी सिस्टम के खिलाफ बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने के लिए तेजी से शक्तिशाली AI टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं.