एलिस हुआंग के पति ली मिंग ने रचा था तस्करी का जाल! अलीबाबा का नाम लेकर उड़ाईं नियमों की धज्जियां, जानिए इनसाइड स्टोरी
अमेरिका के चीन तक एनवीडिया की AI चिप्स की तस्करी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पता चला है कि सिंगापुर से मलेशिया होकर उन चिप्स को सुनियोजित तरीके से चीन तक पहुंचाया गया.
एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग और एलीस हुआंग के कथित संबंधों की जांच के बीच अब एक नया मोड़ आ गया है. चीन तक एनवीडिया की AI चिप्स पहुंचाने के इस खेल में अब एक और अहम किरदार ली मिंग का नाम सामने आया है. वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग के पति और बिजनेस सहयोगी ली मिंग ने दक्षिण-पूर्व एशिया में ऐसा नेटवर्क खड़ा किया, जिसके जरिए चीनी ग्राहकों को एनवीडिया के कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच मिल सके.
कौन हैं ली मिंग और कैसे रचा पूरा जाल?
सिंगापुर के अभियोजकों का आरोप है कि ली मिंग ने सिंगापुर में अपनी कंपनी 'लुक्सुरिएट योर लाइफ' खड़ी की. फिर उस कंपनी के नाम पर एनवीडिया चिप्स से लैस कंप्यूटर सर्वर खरीदे. खरीदारी के वक्त दावा किया गया कि उनका इस्तेमाल सिंगापुर में ही किया जाएगा. लेकिन यह सब ढकोसला था. खरीदारी के बाद उन सर्वर्स को पहले पड़ोसी देश मलेशिया भेजा गया. इसके बाद वहां से किसी तीसरे अज्ञात देश में ट्रांसफर कर दिया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस नेटवर्क में ली मिंग के अलावा, सिंगापुर की कंपनी 'मेगास्पीड' से जुड़ा कांग वेई नाम का शख्स भी गहराई से शामिल था. इस कंपनी में एलिस हुआंग मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में काम कर चुकी थी. कांग वेई का उस कंपनी के फैसलों में बड़ा हाथ होता था. एनवीडिया से चिप्स लेने के फैसले में वह बराबर से शामिल था.
सर्वर चुराने के लिए ऐसा बनाया नेटवर्क
अभियोजनकर्ताओं का कहना है कि ली मिंग, एलिस हुआंग और कांग वेई ने आपस में मिलकर 'सेंटचुरी लोंगटेंग' नाम से एक क्लाउड कंप्यूटिंग वेंचर शुरू किया था. ली मिंग को बाद में इस कंपनी का चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर बनाया गया. इसके बाद जनवरी 2023 में सोशल मीडिया में एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें वो शंघाई की एक एआई उपकरण कंपनी के दौरे में नजर आया.
यह वही समय था, जब मेगास्पीड कंपनी नवंबर 2023 में एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर प्रोग्राम का हिस्सा बनी थी. तब उसने अलीबाबा को अपना मुख्य ग्राहक बताकर एनवीडिया के एडवांस्ड प्रोसेसर्स तक सीधी और पहली पहुंच हासिल कर ली थी. मेगास्पीड कंपनी से जुड़े कांग वेई चीन के डेटा-सेंटर सेक्टर में अपना कारोबार तेजी से बढ़ा रहे थे. वहीं, एलिस हुआंग प्रतिबंधित एनवीडिया चिप्स तक पहुंच बनाने की कोशिश में जुटी थीं.
जांच में हो रहे नए-नए खुलासे
अब मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं. जांच में पता चला है कि एनवीडिया के कुछ सर्वर्स को शंघाई की टेक्नोलॉजी कंपनी 'सेंटचुरी लीटोंग' को ट्रांसफर कर दिया गया था. यह कदम सीधे-सीधे अमेरिका के निर्यात नियंत्रण नियमों का सीधे तौर पर उल्लंघन था.
इस बीच, कांग वेई चीन के डेटा-सेंटर सेक्टर में अपना कारोबार तेजी से बढ़ा रहे थे. एक तरफ एलीस हुआंग प्रतिबंधित एनवीडिया चिप्स तक पहुंच बनाने की कोशिश में जुटी थीं, तो वहीं कांग वेई चीन के कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर उद्योग में अपनी जड़ें मजबूत कर रहे थे.
जब अमेरिकी एजेंसियों को लगी मामले की भनक
हालांकि, अमेरिकी एजेंसियों को धीरे-धीरे इस गोरखधंधे की भनक हो गई थी. जिसके बाद 2024 में मेगास्पीड के खिलाफ एक जांच शुरू की गई थी. वहीं, मई 2025 में एनवीडिया से इस कंपनी को बेचे गए सामानों का ब्योरा मांगा गया. खुद पर शिकंजा कसता देख एनवीडिया ने जून 2025 में मेगास्पीड को अपनी इंटरनल 'नो-सेल' लिस्ट में डाल दिया. उधर, सिंगापुर के अफसरों ने भी 2025 में ही मामले की जांच की थी, लेकिन उन्हें आपराधिक गड़बड़ी के पर्याप्त सबूत नहीं मिले.
चीनी खुफिया एजेंसी से साठगांठ का शक
इस पूरे घटनाक्रम के बीच, इस साल की शुरुआत में कांग वेई को शेयर बाजार में गड़बड़ी के आरोप में शंघाई में हिरासत में ले लिया गया था. दूसरी ओर, जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के कथित संबंधों की अंदरूनी जांच भी जारी है. अमेरिकी एजेंसियों को इस मामले में चीनी खुफिया एजेंसियों के तार जुड़े होने का संदेह है. मामला खुलने पर एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग कंपनी से इस्तीफा दे चुके हैं.