Afghanistan school Blast: पढ़ाई के दौरान स्कूल में हुआ भयानक विस्फोट, कई छात्रों के मारे जाने की खबर
स्कूल में यह धमाका सुबह करीब 10 बजे हुआ. फिलहाल मृतकों और घायलों की सटीक संख्या सामने नहीं आ पाई है और न ही विस्फोट के पीछे की वजह साफ हो सकी है.
अफगानिस्तान से बड़ी खबर है. पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में शनिवार सुबह एक स्कूल के अंदर जोरदार धमाका हो गया. इस विस्फोट में कई मासूम छात्रों की मौत हो गई है, जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान ने इस घटना की पुष्टि की है.
फरीद देहकान ने बताया कि यह धमाका सुबह करीब 10 बजे प्रांत के अंदर सेर (Andar Ser) इलाके में स्थित एक स्कूल में हुआ है. इस धमाके में मृतक और घायल छात्रों की संख्या की सटीक डिटेल सामने नहीं आई है. घटना की जानकारी लगते ही पुलिस के अलावा कुनार प्रांत की इन्वेस्टिगेटिव टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं और धमाके के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
गिर गई स्कूल की बिल्डिंग
बताया जा रहा है कि धमाके से स्कूल की बिल्डिंग गिर गई और कुछ बच्चे मलबे में फंसे हो सकते हैं. इस घटना के बाद असदाबाद बाजार बंद कर दिया गया है, और तालिबान सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है.
मलब में दबे बच्चों को निकाला जा रहा
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस धमाके में 30 से ज्यादा बच्चों की मौत हो गई और लगभग 40 अन्य घायल हैं. धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग दोड़कर मौके पर पहुंचे और बच्चों को मलबे से निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया.
अल जजीरा ने अपनी रिपोर्ट में 7 छात्रों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 97 अन्य घायल होने की पुष्टि की है.कुनार प्रोविंशियल हॉस्पिटल के हेड मावला दाद ने अल जजीरा को बताया कि ये आंकड़े शुरुआती हैं. संख्या बढ़ भी सकती है. इसी साल अगस्त में राजधानी काबुल के एक स्कूल कॉम्प्लेक्स में हैंड ग्रेनेड हमले में 9 से 14 साल के 40 से बच्चे घायल हुए थे.
ये भी पढ़ें: पेरू में भारतीय शख्स पर 30 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग: पहले चलती गाड़ी घेर बरसाईं गोलियां, फिर सोना-गहने लूट भागे आरोपी