App

Explainer: 1971 की जनगणना से तय होंगी सीटें, 2011 से नया बनेगा निर्वाचन क्षेत्र, परिसीमन में राज्यों का प्रतिनिधित्व कैसे बदलेगा?

भारत में परिसीमन आयोग अधिनियम के तहत अब तक चार बार परिसीमन आयोग गठित किए गए हैं. इनका गठन वर्ष 1952, 1963, 1973 और 2002 में हुआ था. अब एक बार फिर से परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है.

Explainer: 1971 की जनगणना से तय होंगी सीटें, 2011 से नया बनेगा निर्वाचन क्षेत्र, परिसीमन में राज्यों का प्रतिनिधित्व कैसे बदलेगा?
Image Credit: परिसीमन में क्या कुछ बदल जाएगा? (Photo- Zee Media)

17 अप्रैल 2026... यह वही दिन था, जब संसद में मोदी सरकार को विपक्ष ने पटखनी दी थी. परिसीमन बिल पर लोकसभा में विपक्षी एकजुटता के सामने मोदी सरकार को सरेंडर करना पड़ा था. उस वक्त की हार से सबक लेते हुए सरकार ने करीब सात महीनों की लंबी तैयारी की और अब एक बार फिर से मैदान में है. सात महीने पहले जिस संविधान संशोधन विधेयक को जरूरी बहुमत नहीं मिल पाया था, वह अब फिर से संसद के गलियारों में गूंजने को तैयार है. उस वक्त बिल के विरोध में खड़े कुछ चेहरे इस बार सरकार के साथ नजर आ रहे हैं. शरद पवार से लेकर एमके स्टालिन तक इस बार डिलिमिटेशन के समर्थन में हैं. इससे विपक्षी एकजुटता पूरी तरह से तार-तार हो गई है. पर्दे के पीछे सियासी सौदेबाजी और नए गठबंधनों की आहट के बीच परिसीमन को लेकर कुछ सवाल अभी भी खड़े हो रहे हैं. प्रस्ताव के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा सीटों से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी और लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 814-815 हो जाएंगी. नए आवंटन को 2051 तक फ्रीज रखने का भी प्रस्ताव है.

परिसीमन का मतलब है लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करना या उनमें बदलाव करना. इसके साथ ही, लोकसभा में राज्यों को मिलने वाली सीटों की संख्या का सवाल भी जुड़ा है. भारत में जनसंख्या के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण को लेकर लंबे समय से संवैधानिक व्यवस्था और राजनीतिक सहमति का विषय रहा है. 1971 की जनगणना के बाद सीटों के आवंटन में बदलाव पर रोक लगाने की व्यवस्था की गई थी, ताकि जनसंख्या नियंत्रण के प्रयास करने वाले राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व कम न हो.

संविधान में परिसीमन को लेकर क्या प्रावधान हैं?

देश में परिसीमन आयोग अधिनियम 2002 और संविधान के अनुच्छेद 81, 82, 330 और 332 के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय की जाती हैं. वर्तमान समय में लोकसभा सीटों का परिसीमन दो अलग-अलग आधारों पर टिका है. अनुच्छेद 81 में लोकसभा की संरचना यानी सदस्यों की अधिकतम संख्या और राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे को निर्धारित करने का अधिकार दिया गया है. वहीं, अनुच्छेद 82 में प्रत्येक जनगणना के बाद सीटों के परिसीमन की प्रक्रिया बताई गई है. इसी तरह से अनुच्छेद 330 और 332 के तहत जनसंख्या के अनुपात में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए सीटें आरक्षित की जाती हैं. वर्तमान समय में परिसीमन के लिए दो अलग-अलग आधार और धारणाएं हैं.  

पहला आधार- 1971 की जनगणना: साल 1976 में हुए 42वें संविधान संशोधन के तहत 1971 की जनगणना के आधार मानते हुए हर राज्य के लिए लोकसभा सीटों की संख्या तय की गई थी. जैसे उत्तर प्रदेश में 80, बिहार में 40, महाराष्ट्र में 48 लोकसभा की सीटें होंगी और इसे साल 2001 तक के लिए फ्रीज कर दिया गया था. साल 2002 में हुए 84वें संविधान संशोधन के दौरान राज्यों की सीट संख्या को 2026 के बाद की पहली जनगणना तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया था. इसका मतलब यह है कि तबतक इसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता है. दक्षिण भारत के राज्यों को होने वाले राजनीतिक नुकसान को देखते हुए ऐसा किया गया था, क्योंकि उन्होंने परिवार नियोजन नीतियों को सफलतापूर्वक लागू किया था. अगर ऐसा नहीं किया गया होता तो आज उत्तर भारत के राज्यों में जनसंख्या के आधार पर कहीं ज्यादा सीटें होतीं और दक्षिण भारत का प्रतिनिधित्व काफी कम हो जाता.

Delimitation

दूसरा आधार- 2011 की जनगणना: बढ़ती आबादी के कारण परिसीमन की आवश्यक्ता महसूस हुई, लेकिन 42वें संविधान संशोधन के तहत राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या फिक्स हो चुकी थी. ऐसे में सरकार ने 2003 में 87वां संविधान संशोधन किया. इसमें 2011 की जनगणना के आधार पर राज्यों में लोकसभा सीटों के क्षेत्रफल में बदलाव करने का प्रावधान किया गया. हालांकि, राज्यों की सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जा सकता है. वर्तमान समय में इसी आधार पर परिसीमन किया जाता है.

परिसीमन से जुड़े अन्य कुछ जरूरी सवाल और उनके जवाब

सवाल- 1971 में भारत की कुल आबादी कितनी थी? प्रमुख राज्यों की आबादी और लोकसभा सीटें कितनी थीं?

जवाब- 1971 की जनगणना के अनुसार, देश की आबादी करीब 54.81 करोड़ थी. उस वक्त उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों का बंटवारा नहीं हुआ था. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 1971 की जनगणना में यूपी की आबादी 8.38 करोड़ थी और राज्य में लोकसभा की 85 सीटें थीं. इसी तरह से अविभाजित बिहार की आबादी 5.63 करोड़ थी और लोकसभा की सीटें 54 थीं. आंध्र प्रदेश की आबादी 4.35 करोड़ थी और सीटें 42 थीं.

Delimitation

सवाल- 1971 के बाद लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण पर रोक क्यों लगाई गई? इसके पीछे क्या संवैधानिक और राजनीतिक तर्क थे?

जवाब- 1970 के दशक में इंदिरा गांधी सरकार ने 'राष्ट्रीय जनसंख्या नीति' शुरू की थी. उस वक्त दक्षिण भारतीय राज्यों जैसे- तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश ने परिवार नियोजन नीतियों का सख्ती से पालन किया और अपनी जनसंख्या को स्थिर रखा. वहीं, उत्तर भारत के राज्यों जैसे- उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान में यह नीति फेल हो गई. ऐसी परिस्थिति में अगर हर 10 साल पर जनसंख्या के अनुपात में सीटें बढ़ाई जातीं, तो संसद में दक्षिण भारत का प्रतिनिधित्व काफी कम हो जाता. इससे भारत का संघीय ढांचा और राज्यों का आपसी संतुलन बिगड़ जाता. संसद में एकतरफा वर्चस्व रोकने के लिए लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण पर रोक लगा दी गई थी.

सवाल- 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का अनुपात कैसे तय हुआ?

जवाब- उस वक्त अनुच्छेद 81 और 'अनुपातिक प्रतिनिधित्व' के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का अनुपात तय किया गया था. अनुच्छेद 81(2)(a) में राज्यों को लोकसभा में सीटों के आवंटन को परिभाषित किया गया है. इस अनुच्छेद के तहत, भारत के प्रत्येक राज्य को लोकसभा में सीटों का आवंटन इस प्रकार किया जाएगा कि सीटों की संख्या और उस राज्य की जनसंख्या के बीच का अनुपात सभी राज्यों के लिए यथासंभव एक ही हो. इसके लिए एक फॉर्मूला दिया गया था, जिसके तहत

राज्य A की जनसंख्या/राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या अनुपात राज्य B की जनसंख्या\राज्य B में लोकसभा सीटों की संख्या

Delimitation

सवाल- प्रस्तावित 50% सीट वृद्धि के बाद लोकसभा की कुल सीटें कितनी हो सकती हैं? राज्यवार संभावित गणित क्या है?

जवाब- प्रस्तावित परिसीमन बिल का मकसद लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या को 550 से बढ़ाकर 850 करना है. इसके तहत, लोकसभा से विधानसभाओं तक 50% सीटें बढ़ाई जाएंगी. प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा में राज्यों की हिस्सेदारी 1971 के अनुपात पर ही कायम रहेगी और इसे 2051 तक फ्रीज कर देने का प्रावधान है. इससे दक्षिणी राज्यों की कुल हिस्सेदारी घटने की आशंका को दूर करने की कोशिश की गई है. वहीं, 815 सीटों वाली लोकसभा में 33% आरक्षण के तहत 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी. इन सीटों को रोटेशन के आधार पर निर्धारित किया जाएगा.

सवाल- 1971 से 2011 के बीच राज्यों की आबादी में कितना बदलाव हुआ? किन राज्यों की जनसंख्या वृद्धि सबसे ज्यादा और सबसे कम रही?

जवाब- 1971 में हुई जनगणना से लेकर 2011 की जनगणना के बीच देश की आबादी में करीब 121% की वृद्धि हुई है. 1971 की जनगणना में देश की आबादी 54.81 करोड़ थी, जो 2011 में बढ़कर 121.08 करोड़ हो गई थी. इस दौरान राजस्थान में सबसे ज्यादा लगभग 165% की जनसंख्या वृद्धि हुई है. 1971 में यहां 2.58 करोड़ आबादी थी, जो 2011 में 6.85 करोड़ हो गई थी. इसके बाद उत्तर प्रदेश का नंबर आता है. यूपी की आबादी में करीब 160% की वृद्धि हुई है. 1971 में यहां आबादी 8.38 करोड़ थी, जो 2011 में बढ़कर 21.83 करोड़ हो गई थी. इसी तरह से हरियाणा में लगभग 154% की वृद्धि हुई है. 1971 में यहां 1.00 करोड़ आबादी थी, जो 2011 में बढ़कर 2.54 करोड़ हो गई. केरल में सबसे कम 56.8% की वृद्धि हुई है.

सवाल- 2011 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं कैसे तय होंगी? क्या एक लोकसभा क्षेत्र के जिले और विधानसभा क्षेत्र बदल सकते हैं?

जवाब- परिसीमन आयोग के सामने जनसंख्या के अनुपात को सुरक्षित रखते हुए सीटों का परिसीमन करना होगा. 2011 की जनगणना को आधार रखते हुए तय की लोकसभा सीटों में राज्य की आबादी को बराबर-बराबर बांटना होगा. इसके तहत, उस राज्य की कुल लोकसभा या विधानसभा सीटों से भाग देकर एक औसत आबादी निकाली जाती है. हर नए क्षेत्र की आबादी इस औसत के जितना संभव हो उतना करीब रखी जाती है, ताकि हर क्षेत्र के मतदाताओं का प्रतिनिधित्व संतुलित रहे. नए परिसीमन में एक लोकसभा क्षेत्र के जिले और विधानसभा क्षेत्र बदलने की पूरी संभावना होगी. हालांकि, इसका निर्धारण भी आबादी के आधार पर ही होगा.

Delimitation

सवाल- परिसीमन से एससी-एसटी के लिए आरक्षित लोकसभा सीटों की संख्या और स्थिति पर क्या असर पड़ेगा?

जवाब- अनुच्छेद 330 के तहत, किसी राज्य में SC या ST के लिए आरक्षित सीटों की संख्या तय की जाती है. इसके लिए उस राज्य की कुल आबादी में SC या ST की आबादी के प्रतिशत के अनुपात को आधार बनाया जाता है. प्रस्तावित परिसीमन बिल में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने की बात कही गई है. इस आधार पर SC आरक्षित सीटें लगभग 136 और ST आरक्षित सीटें लगभग 70 तक पहुंच सकती हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, कुल सीटों की संख्या नहीं बढ़ती है, तब भी अलग-अलग राज्यों या क्षेत्रों में SC/ST जनसंख्या के अनुपात में आए बदलाव के कारण किसी राज्य या क्षेत्र में आरक्षित सीटों की संख्या घट या बढ़ सकती है.

सवाल- परिसीमन आयोग की भूमिका क्या होगी? उसके फैसले किस प्रक्रिया से लिए जाएंगे और क्या उन्हें अदालत में चुनौती दी जा सकती है?

जवाब- सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता रजनीश कुमार झा के अनुसार, परिसीमन आयोग एक उच्च-अधिकार प्राप्त वैधानिक निकाय है, जिसे संसद द्वारा पारित परिसीमन अधिनियम के तहत प्रत्येक महत्वपूर्ण परिसीमन प्रक्रिया के लिए गठित किया जाता है. उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 82 और अनुच्छेद 170 के तहत परिसीमन की व्यवस्था की गई है और इसी आधार पर परिसीमन आयोग बिना किसी राजनीतिक दवाब के निष्पक्ष तरीके से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और आरक्षित सीटों का निर्धारण करता है. उन्होंने बताया कि आयोग के आदेशों को कानून के समान दर्जा प्राप्त होता है. इन्हें किसी भी न्यायालय में चुनौती नहीं दी जा सकती है, लेकिन संवैधानिक व्याख्या में कुछ सीमित अपवादों पर चर्चा होती रही है. ये आदेश लोकसभा और संबंधित राज्य विधानसभाओं के समक्ष रखे जाते हैं, लेकिन उनमें संशोधन नहीं किया जा सकता. ये राष्ट्रपति द्वारा तय तारीख से लागू होते हैं.

सवाल- 2011 की जनगणना के आधार पर एक लोकसभा सीट की औसत आबादी कितनी होगी?

जवाब- 1971 की जनगणना को आधार मानते हुए जब लोकसभा सीटों की संख्या तय की गई थी, तब एक लोकसभा सीट पर औसत 10.1 लाख की जनसंख्या थी. मौजूदा वक्त में लगभग 22.3 लाख आबादी प्रति लोकसभा सीट पहुंच गया है. प्रस्तावित बिल में लोकसभा सीटें बढ़कर लगभग 815 से 850 हो जाती हैं, तो 2011 की जनसंख्या के हिसाब से औसत आबादी घटकर लगभग 14.2 लाख से 14.8 लाख प्रति सीट के आसपास आ जाएगी.

सवाल- 2026 के बाद परिसीमन को लेकर संवैधानिक व्यवस्था में क्या बदलाव प्रस्तावित हैं?

जवाब- नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी. इसमें लोकसभा की अधिकतम क्षमता 850 सदस्यों की करने का प्रावधान है. इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे. नए प्रस्ताव के तहत, परिसीमन के माध्यम से 33% महिला आरक्षण लागू करने की बात कही गई है. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी करीब एक-तिहाई सीटें संबंधित वर्ग की महिलाओं के लिए निर्धारित होंगी.

ये भी पढ़ें- 

आप की राय

क्या सरकार ने जुटा लिया परिसीमन पर मैजिक नंबर?

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More