App

कौन हैं डॉ. ढाल सिंह बिसेन? उत्तराखंड चुनाव से पहले मिली अहम जिम्मेदारी, सीएम धामी हुए गदगद

Dehradun News: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कम ही समय बचा हुआ है. इससे पहले राज्य में बड़ा बदलाव किया गया है.

कौन हैं डॉ. ढाल सिंह बिसेन? उत्तराखंड चुनाव से पहले मिली अहम जिम्मेदारी, सीएम धामी हुए गदगद
Image Credit: Dr Dhal Singh Bisen

Dehradun News: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश को नया राज्यपाल मिल गया है. मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है. वह सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की जगह लेंगे. डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के 9वें राज्यपाल होंगे. राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु ने उनकी नियुक्ति की है.  

कौन हैं डॉ. ढाल सिंह बिसेन? 
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पि​परिया के रहने वाले हैं. एमपी के बालाघाट लोकसभा सीट से पूर्व सांसद रह चुके हैं. वह मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं. उनके पास वन, परिवहन, खनिज साधन, स्कूल शिक्षा, जेल विभाग की जिम्मेदारी थी. इससे पहले वह साल 1990, 1993, 1998 और 2003 में चार बार विधायक रह चुके हैं. साल 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे चुके हैं.

सीएम धामी ने दीं शुभकामनाएं 
डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड के नए राज्यपाल के पद पर नियुक्ति मिलने पर सीएम धामी ने उन्हें बधाई दी. सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में आपका दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण एवं सार्वजनिक जीवन में योगदान उल्लेखनीय रहा है. मां गंगा एवं बाबा केदार से आपके सफल, यशस्वी एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना करता हूं.

 

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के बारे में
अभी तक उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह थे. उन्हें 2021 में उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया था. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी नियुक्ति की गई थी. अब 2027 चुनाव से पहले उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है. गुरमीत सिंह सेना में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. गुरमीत सिंह उत्तराखंड में सिख समुदाय से ताल्लुक रखने वाले दूसरे राज्यपाल थे. उनसे पहले राज्यपाल सरदार सुरजीत सिंह बरनाला थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More