App

Uttarakhand Rain Alert: कुदरत के दो रंग, चोटियों पर हिमपात तो घाटी में बिजली का तांडव... कांपने लगेगी देवभूमि!

Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और उधम सिंह नगर में आज 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है. जबकि, सभी जिलों में बारिश होने की उम्मीद है. इसके अलावा 4200 मीटर से ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आएगी. यहां जानिए वेदर अपडेट...

Uttarakhand Rain Alert: कुदरत के दो रंग, चोटियों पर हिमपात तो घाटी में बिजली का तांडव... कांपने लगेगी देवभूमि!

Uttarakhand Weather Today: अक्सर अक्टूबर की शुरुआत में मौसम सुहाना रहता है, लेकिन इस बार देवभूमि उत्तराखंड में कुदरत का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है और मैदानी हिस्सों में आंधी-बारिश ने राज्यभर में तापमान को गिरा दिया है. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज राज्य के 8 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, जहां आकाशीय बिजली कड़कने के साथ-साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं.

9 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, मैदानी और पर्वतीय इलाकों के तापमान में बड़ा अंतर देखा जा रहा है. बीते 24 घंटों में जहां मैदानों में उमस और गर्मी का असर था, वहीं पहाड़ों पर पारा सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है. उच्च हिमालयी चोटियों पर हो रही बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने के चलते आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है. मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है.

इन जिलों में मूसलाधार बारिश की आशंका
गढ़वाल और कुमाऊं दोनों ही मंडलों में मौसम के तेवर तल्ख नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और उधम सिंह नगर में आज शाम तक आंधी के साथ मूसलाधार बौछारें पड़ सकती हैं. ऋषिकेश और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थलों में सुबह से बादलों का डेरा जमा है और रुक-रुक कर हो रही बारिश से सैलानियों को अभी से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है.

9 से 12 अक्टूबर के बीच बर्फबारी का अलर्ट
दूसरी ओर, 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले शिखरों पर ताजा बर्फबारी हुई है. मौसम विभाग की मानें तो 9 से 12 अक्टूबर के बीच बर्फबारी की सीमा घटकर 3800 मीटर तक आ सकती है. यानी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियां पूरी तरह से सफेद चादर से ढक जाएंगी, जिसका सीधा असर पूरे उत्तर भारत के मौसम पर देखने को मिलेगा.

तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम में आए इस अचानक बदलाव और बर्फबारी को देखते हुए तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. अगर आप भी अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों या चारधाम यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े जरूर रखें और मौसम का ताजा अपडेट लेने के बाद ही अपनी यात्रा शुरू करें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More