)
Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर रंग बदलने की तैयारी में है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में आज आंधी और भारी बारिश का तांडव देखने को मिलेगा, उनमें देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और नैनीताल शामिल हैं.
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र में मैदानी इलाकों की तुलना में मौसम ज्यादा एक्टिव रह सकता है. आज देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ समेत उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली चमकने के साथ बादल भी गरजेंगे. इतना ही नहीं, आज 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी.
बारिश/बर्फबारी और आंधी-तूफान की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तेज हवाओं और बिजली गिर सकती है. सभी जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी या आंधी-तूफान आने की संभावना है.
कल कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के मुताबिक, आज देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच सकता है. जबकि, न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक रहने की संभावना है. 7 अक्टूबर को अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने के आसार हैं.
घर से निकलने से पहले वेदर अपडेट पर रखें नजर
मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में घर से निकलने से पहले मौसम और सड़क संबंधी अपडेट पर नजर रखें. खास तौर से किसानों के लिए हिदायत दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश से फसलें खराब हो सकती हैं. पिछले 24 घंटों में मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी इलाकों में यह सामान्य से ऊपर तक पहुंच गया.
मौसम विभाग का कहना है कि 6 अक्टूबर से लेकर 10 अक्टूबर तक पर्वतीय जिलों में छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज आंधी-तूफान आने की पूरी संभावना है. यहां लोगों को ज्यादा सावधान रहने की सलाह दी गई है.
बाबा केदार के दर्शन करने उमड़ी भीड़
बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा पर असर देखने को मिला. बारिश के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई थी, लेकिन अब एक बार फिर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. अब तक 16 लाख 38 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके है. श्रद्धालुओं की संख्या हर दिन बढ़ रही है.