बारिश की बेरुखी से दिन में गुनगुनी धूप, रात-सुबह ठिठुरन; जानें 28 नवंबर तक देवभूमि में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मैदानी इलाकों में धूप और पहाड़ों में ठंड का असर रहेगा. जानें देहरादून, नैनीताल, औली और केदारनाथ का मौसम.
देहरादून: उत्तराखंड में नवंबर खत्म होने को आया है, लेकिन इस बार सर्दी अभी तक अपने पूरे तेवर में नहीं आई है. वजह है बारिश का ना होना. बारिश ना होने से मैदानी इलाकों में दिन में तेज धूप खिल रही है और हल्की गर्मी जैसा लग रहा है. हां, सुबह-शाम जरूर ठंड का अहसास हो रहा है. मौसम विभाग ने बता दिया है कि 28 नवंबर तक प्रदेश में मौसम बिल्कुल सूखा रहेगा. कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं.
आमतौर पर इस टाइम तक उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाती है, लेकिन इस साल मौसम थोड़ा अलग चल रहा है. मैदानों में दिन का पारा सामान्य से ऊपर है. पहाड़ों पर जरूर सुबह और रात को सर्दी महसूस हो रही है.
28 नवंबर तक कैसा रहेगा हाल?
अगले 5 दिन तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा. धूप खिलने से दिन के तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आएगी. 23 नवंबर को पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध दिख सकती है. मैदानी इलाकों में मौसम एकदम साफ रहेगा. दिन में धूप से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात को ठिठुरन बनी रहेगी.
मैदानों में धूप से राहत
देहरादून: दिन में धूप से हल्की गर्माहट, सुबह-रात को ठंड.
हरिद्वार: आसमान साफ, मौसम सूखा.
ऊधमसिंह नगर: दिन सुहावना, सुबह-शाम सर्दी का असर.23 नवंबर के लिए मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
पहाड़ों और पर्यटन स्थलों का हाल
ऋषिकेश: दिन में पारा करीब 24 डिग्री, सुबह-रात को 11 डिग्री तक. मौसम आरामदायक रहेगा.
नैनीताल: आसमान साफ रहने से नैनी झील का नजारा और भी खूबसूरत लगेगा.बारिश के चांस ना के बराबर हैं.
औली: दिन में धूप के साथ तापमान 12 डिग्री के आसपास. सूरज ढलते ही ठंड बढ़ जाएगी और रात को पारा 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है.
केदारनाथ: यहां तो कड़ाके की ठंड है. तेज हवाओं की वजह से ठंड असल तापमान से भी ज्यादा लग रही है. बारिश-बर्फबारी का अनुमान नहीं है. धाम के कपाट सर्दियों के लिए बंद हो चुके हैं.
तो ठंड कब बढ़ेगी?
फिलहाल बारिश ना होने से दिन में ठंड बढ़ने के आसार नहीं हैं. नवंबर के आखिरी हफ्ते में भी मैदानों में धूप से हल्की गर्माहट बनी रहेगी. हां, सुबह और रात के तापमान में फर्क की वजह से ठंड लगती रहेगी. और जैसे-जैसे पहाड़ों पर ऊंचाई बढ़ेगी, ठंड भी उतनी ही ज्यादा बढ़ेगी.