SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हाई-प्रोफाइल पारिवारिक कलह में नया मोड़: मंत्री रेखा आर्य के आरोपों की होगी SIT जांच, जानिए कौन संभालेगा कमान?

उत्तराखंड सरकार की मंत्री रेखा आर्य मामले में एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया है. एसपी देहात जया बलूनी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है. इस टीम को मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. आपको बता दें, मंत्री ने अपने पति पर धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं, वहीं उनके पति ने भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.

Written By Pooja Singh
Published: Oct 17, 2026, 09:32 AM IST | Updated: Oct 17, 2026, 09:34 AM IST
Join

उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों एक ऐसा पारिवारिक और सियासी भूचाल आया हुआ है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच का विवाद अब सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि वह कानूनी और राजनीतिक गलियारों का सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है. इस मामले की जांच के लिए एसएसपी देहरादून ने 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया है.

अधिकारियों का कहना है कि महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर शारीरिक हमले, उत्पीड़न, जातिसूचक टिप्पणियां करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. इन आरोपों की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है.

एसआईटी टीम में कौन-कौन?
एसआईटी में सीओ सहसपुर अनुज कुमार, शहर कोतवाल कैलाशचंद भट्ट, प्रभारी एसओजी संदीप कुमार, महिला सब इंस्पेक्टर विन्यता चौहान, सब इंस्पेक्टर कमलेश गौड़, सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल किरण कुमार , कांस्टेबल अजय, कांस्टेबल संजीत कुमार को शामिल किया गया है. यह टीम एसपी देहात जया बलूनी की अध्यक्षता में जांच करेगी.

एसपी देहात जया बलूनी का कहना है कि मंत्री के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद हम जांच शुरू करेंगे और इसे जल्द से जल्द पूरा करेंगे.

यह भी पढ़िए: रेखा आर्य विवाद: ‘जब मंत्री सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या?’ करन माहरा और हेमंत पांडे ने उठाए सवाल

मंत्री के रोते हुए वीडियो ने मचाया था हड़कंप
मामले की शुरुआत तब हुई जब मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर गंभीर आरोपों की झड़ी लगा दी. रेखा आर्य का आरोप है कि उनके पति ने उनसे पहली शादी की बात छिपाई और धोखे में रखकर विवाह किया. इतना ही नहीं, उन्होंने पति पर घरेलू हिंसा, अवैध संबंध, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे कई संगीन आरोप लगाए हैं.

गुरुवार शाम रेखा आर्या ने अपने पति के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया. मंत्री का वीडियो जैसे ही सामने आया, वैसे ही हड़कंप मच गया.

पति ने भी लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
दूसरी तरफ, पति गिरधारी लाल साहू ने भी वीडियो शेयर किया और इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपनी पत्नी और मंत्री रेखा आर्य पर ही आरोप जड़ दिए. उन्होंने रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका आरोप है कि मंत्री के पास 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है. इसके साथ ही वीडियो में साहू ने अपनी पत्नी से एफआईआर वापस लेने और अपना बयान बदलने को भी कहा. पति-पत्नी के इस आरोप-प्रत्यारोप ने एक बड़े प्रशासनिक-राजनीतिक स्कैंडल का रूप ले लिया है.

कांग्रेस ने मांगा आरोपों पर स्पष्टीकरण
इस बीच, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अगर आर्य उत्पीड़न का शिकार हुई हैं तो उत्तराखंड की बेटी के तौर पर हमारी सहानुभूति उनके साथ है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रेखा आर्य और मुख्यमंत्री को इन गंभीर आरोपों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए. गोदियाल ने आगे कहा कि चूंकि आर्य एक मंत्री हैं, इसलिए उन्हें बेबस महिला कहना राज्य का अपमान होगा.

बहरहाल, अब यह एसआईटी सभी आरोपों की जांच करने वाली है. देखना दिलचस्प होगा कि जांच की आंच किस दिशा में बढ़ती है और आने वाले दिनों में उत्तराखंड की इस हाई-प्रोफाइल जंग में क्या नया मोड़ आता है.

यह भी पढ़िए: 'आरोप बेबुनियाद, उल्टा वही गुनहगार': मंत्री रेखा आर्य के पति पप्पू गिरधारी का काउंटर अटैक, खुद जड़ दिए संगीन आरोप!

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES