)
सतीश कुमार/ऊधम सिंह नगर: ऊधम सिंह नगर के जसपुर कोतवाली क्षेत्र में जसपुर-काशीपुर हाईवे पर बड़ी नहर के पास शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां ऑटो रिक्शा और टाटा 407 की जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है.
ऑटो रिक्शा में सवार थे 7 लोग
जानकारी के मुताबिक, ऑटो रिक्शा में 7 लोग सवार होकर काशीपुर से जसपुर की ओर आ रहे थे. इसी दौरान बड़ी नहर के पास ऑटो रिक्शा की टाटा 407 की आमने सामने की भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो रिक्शा में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जसपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 घायलों का उपचार जारी है.
हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा
वहीं, दुर्घटना के बाद टाटा 407 का चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है. मौके पर पुलिस बल तैनात है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. बताया जा रहा है कि मृतक जसपुर के रहने वाले थे, उनके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है. साथ ही जो गाड़ी का मालिक है, उसकी जानकारी मिल चुकी है, उसे सूचना दी गई है. ड्राइवर मौके से भाग गया था, उसके बारे में उसकी जानकारी की जा रही है.
रामनगर के मोहान में दर्दनाक सड़क हादसा
नैनीताल के रामनगर के मोहान क्षेत्र में देर शाम गढ़वाल यूजर्स की बस और बाइक के बीच हुई टक्कर में 24 वर्षीय गौरव आर्या की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे 35 वर्षीय पुष्कर राम गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. गौरव आर्या सल्ट, अल्मोड़ा जिले का रहने वाला था. वह देर शाम अपने साथी पुष्कर राम निवासी अजोली तल्ली, सल्ट के साथ बाइक से जा रहा था. मोहान क्षेत्र से आगे चिमटा और दुर्गा मंदिर के समीप मोड़ पर गढ़वाल यूजर्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.