)
विनोद कांडपाल/हल्द्वानी: हल्द्वानी बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 9 सितंबर का दिन बेहद अहम होने जा रहा है. सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर 9 सितंबर को सुनवाई होनी है. इसी दिन फैसले की उम्मीद भी जताई जा रही है. सभी की नजरें सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है.
30 हेक्टेयर जमीन पर कथित अतिक्रमण का मामला
मामला रेलवे की करीब 30 हेक्टेयर जमीन पर कथित अतिक्रमण से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि अतिक्रमण की जद में 3,500 से ज्यादा मकान हैं. अगर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होती है तो इसका असर करीब 5,236 परिवारों पर पड़ने की संभावना है. वहीं, हजारों लोगों के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं.
प्रशासन को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए
सुप्रीम कोर्ट के संभावित फैसले को देखते हुए गृह विभाग ने नैनीताल जिला पुलिस और प्रशासन को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है. अब सभी की नजरें 9 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं. फैसला क्या आता है और उसका बनभूलपुरा के हजारों परिवारों पर क्या असर पड़ेगा? इस पर हर किसी की नजर है.
सीएम धामी ने क्या कहा?
बनभूलपुरा में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान सामने आया है. मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने पूरी ताकत के साथ पैरवी की है. प्रशासन को जो भी सुप्रीम कोर्ट से निर्देश दिए गए हैं, उन पर काम किया गया है और भविष्य में भी सुप्रीम कोर्ट से जो भी निर्देश होगा, उसका पालन किया जाएगा. इसके लिए प्रशासन पूरी तरीके से तैयार है और कार्य कर रहा है.