)
Roorkee Road Accident: रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में थिथौला पेट्रोल पंप के पास एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया. रविवार को शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक ही परिवार के सदस्यों से भरे ई-रिक्शा को सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. जिससे ई-रिक्शा सवार परिवार के 13 लोग हादसे की चपेट में आ गए.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में बाप-बेटे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हैं.
शादी की खुशियां मातम में तब्दील
जानकारी के मुताबिक, ढंडेरा के मिलापनगर क्षेत्र के एक परिवार के 13 लोग ई-रिक्शा में सवार होकर लक्सर में आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे थे. जैसे ही उनका ई-रिक्शा थिथौला स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी. हादसे की सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची.
हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत
इसके बाद स्थानीय निवासियों की तत्परता से सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में दिलशाद, अरशद और पांच वर्षीय उमर शामिल हैं, जिसमें उमर को दिलशाद का बेटा बताया जा रहा है.
6 गंभीर घायल हायर सेंटर रेफर
हादसे में घायल हुए 10 लोगों में कई बच्चे भी शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने 6 लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है. अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. एक साथ तीन मौतों की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शादी का माहौल गमगीन हो गया.
आरोपी कार चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद कार चालक अपने वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है. मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि फरार कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है.