App

धामी कैबिनेट में 13 फैसलों पर मुहर: समूह ‘ग’ की भर्तियों में अग्निवीरों को 10% आरक्षण, हरिद्वार बैठक में पास हुए कई अहम प्रस्ताव

Uttarakhand Cabinet Decisions: उत्तराखंड के हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक के बाद मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैसलों की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर जिले में कैबिनेट बैठक आयोजित करने की दिशा में काम कर रही है। इसकी शुरुआत चंपावत से हुई थी और अब हरिद्वार में बैठक की गई है.

धामी कैबिनेट में 13 फैसलों पर मुहर: समूह ‘ग’ की भर्तियों में अग्निवीरों को 10% आरक्षण, हरिद्वार बैठक में पास हुए कई अहम प्रस्ताव
Image Credit: Uttarakhand Cabinet Meeting 2026

हरिद्वार/देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने जनता के द्वार सरकार पहुंचाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री के हर जिले में कैबिनेट बैठक करने के संकल्प के तहत चंपावत के बाद अब धर्मनगरी हरिद्वार में कैबिनेट की अहम बैठक संपन्न हुई. बैठक के बाद अपर सचिव बंशीधर तिवारी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेस को संबोधित कर फैसलों की विस्तृत जानकारी दी.

हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन से हुई शुरुआत
हरिद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद मेला नियंत्रण भवन में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में कई ऐतिहासिक प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई. 

13 प्रस्तावों पर मुहर, अग्निवीरों को 10% आरक्षण का तोहफा
हरिद्वार कैबिनेट बैठक में कुल 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिसमें युवाओं और सुरक्षाबलों से जुड़ा एक बड़ा फैसला शामिल है.

अग्निवीर आरक्षण
राज्य सरकार ने समूह 'ग' (Group C) की सरकारी भर्तियों में सेवा पूरी कर चुके अग्निवीरों को 10 प्रतिशत का आरक्षण देने का बड़ा ऐलान किया है.

बाल वीरता पुरस्कार
प्रदेश के साहसी बच्चों को सम्मानित करने के लिए 'मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता योजना' को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत वीर बालकों को पुरस्कृत किया जाएगा.

बाढ़ नियंत्रण अधिनियम
सिंचाई विभाग से जुड़ा 'उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्र अधिनियम 2026' लागू कर दिया गया है, जिससे आपदा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी.

पर्यटन और योग का विकास
पर्यटन और आयुर्वेद विभाग के तहत योग व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास के लिए रूपरेखा तैयार की गई है. इसके अलावा फायर सर्विस के मानकों में भी प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के अनुसार बदलाव किए गए हैं.

विधानसभा सत्र
आगामी विधानसभा सत्र के आयोजन का समय और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है.

पीएम मोदी के 25 साल और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के सफलतम 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में देश की प्रगति की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया.

दूसरी ओर, इस बैठक को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज रही. जहां एक ओर सत्ताधारी दल बीजेपी ने इसे विकास को नई रफ्तार देने वाला कदम बताया, वहीं कांग्रेस ने इस बैठक को लेकर सवाल उठाते हुए इसे दिखावा करार दिया. इन सबके बीच धामी कैबिनेट के इन लोकलुभावन फैसलों से प्रदेश के युवाओं और पूर्व सैनिकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन के साथ हुई शुरुआत
हरिद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों ने सबसे पहले पूरी आस्था के साथ हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। मां गंगा का आशीर्वाद लेने के बाद पूरी कैबिनेट मेला नियंत्रण भवन पहुँची, जहां औपचारिक रूप से कैबिनेट की बैठक शुरू हुई. इससे पहले साल 2018 में त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के दौरान और उससे पहले हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में भी हरिद्वार में कैबिनेट बैठकें हो चुकी हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More