'1:14 पर उड़ान, 1:22 पर सब खत्म...' जोशीमठ हेलीकॉप्टर क्रैश की मिनट-टू-मिनट टाइमलाइन; जानिए कैसे धुंध में समा गईं 6 जिंदगियां?
चमोली में दर्दनाक हादसा हो गया है. यहां बद्रीनाथ धाम से वापस लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें पायलट समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई है. आर्मी की सूचना पर प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हादसे की पुष्टि कर दी है. इस हादसे पर सीएम धामी ने दुख जताया है.
उत्तराखंड के चमोली जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. बद्रीनाथ धाम से ऋषिकेश-देहरादून के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर बद्री घाटी में क्रैश हो गया है. बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच यह हादसा हुआ है, जिसमें पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई.
उड़ान के 8 मिनट बाद ही गायब हुई लोकेशन
जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन का एयरबस H125 हेलीकॉप्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX) दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से 5 यात्रियों को लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ था. उड़ान भरने के महज 7 से 8 मिनट बाद ही अचानक चॉपर का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया और उसकी लोकेशन गायब हो गई. हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम में हड़कंप मच गया.
खराब मौसम और धुंध बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम से ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की तरफ जा रहा था. खराब मौसम की वजह से चांई और थैंग (थायंग) गांव के ऊपर यह दर्दनाक हादसा हो गया. आर्मी की ओर से दी गई सटीक जानकारी के आधार पर जिला प्रशासन ने लोकेशन को ट्रेस किया, जहां हेलीकॉप्टर के मलबे के साथ हादसे की आधिकारिक पुष्टि हुई. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार का कहना है कि लोकेशन ट्रेस होते ही SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया.
जोशीमठ पोस्ट के सब-इंस्पेक्टर मनोहर कन्याल ने बताया कि 14:21 बजे जोशीमठ के SDM से सूचना मिली कि जोशीमठ इलाके में चाई गांव के ऊपर एक हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई है. इस संबंध में UCADA के अधिकारियों ने बताया कि बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहे 'ट्रांस भारत' (Trans Bharat) हेलीकॉप्टर की लोकेशन चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास दिख रही है. इसमें 5 यात्री और 1 पायलट सवार थे.
हादसे पर क्या बोले एसपी?
चमोली एसपी सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर आज, 30 अक्टूबर को दोपहर लगभग 1:12 बजे श्री बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से रवाना हुआ था, लेकिन दोपहर 1:14 बजे जोशीमठ के पास इसका संपर्क टूट गया. पास की एक सेना चौकी के आधार पर पांडुकेश्वर के घंटाकर्ण मंदिर से करीब एक किलोमीटर ऊपर घाटी की ओर जाते हुए हेलीकॉप्टर को देखा गया था. घटना की जानकारी मिलते ही पांडुकेश्वर और जोशीमठ दोनों दिशाओं से पुलिस, एनडीआरएफ और थलसेना के जवानों वाली दो टीमों को रवाना किया गया है और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया. लापता हेलीकॉप्टर में दिल्ली निवासी पायलट हिमांशु सबरवाल और कर्नाटक के पांच यात्री सवार थे.
हादसे पर क्या बोले UCADA के CEO?
वहीं, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रतीक जैन ने बताया कि ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था. जब यह हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के पास से गुजर रहा था, तब से इसका पता नहीं चल पा रहा है. इस जानकारी के मिलते ही, हमने चमोली जिला प्रशासन, SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और सेना की एक टुकड़ी को घटना स्थल के पास भेजा है, ताकि बचाव अभियान (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू किया जा सके. एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई.
उन्होंने बताया कि ANI को फोन पर बताया कि बद्रीनाथ धाम (चमोली) से देहरादून जा रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है. इस हादसे में पायलट समेत सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई है. यह हेलीकॉप्टर आज उड़ान भरने के बाद लापता हो गया था.
इन लोगों की गई जान
इस भीषण हादसे में जिन 6 लोगों की जान गई है, उनके कैप्टन हिमांशु सभरवाल (पायलट), अरुण सालुंके (यात्री), एच. एस. नागराजा (यात्री), प्रताप बच्चिहल्ली निंगराजन (यात्री), शंकरगौड़ा वी.बी. (यात्री), सुधीर के. (यात्री) के नाम शामिल हैं. सभी के शवों को बरामद कर लिया गया है.
मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक
इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि जोशीमठ के पास चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है. उन्होंने बताया कि वह खुद पूरे रेस्क्यू अभियान पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन को हर संभव राहत एवं त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं.
(देहरादून से राम अनुज की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: उत्तराखंडः बद्रीनाथ धाम से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार