'योगी की पाती' के 50 हफ्ते पूरे, लखनऊ में मुख्यमंत्री करेंगे कॉफी टेबल बुक का विमोचन
मुख्यमंत्री योगी के संवाद कार्यक्रम 'योगी की पाती' के सफलतापूर्वक 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर राजधानी लखनऊ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस मौके पर मुख्यमंत्री 'योगी की पाती' कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे.
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साप्ताहिक संवाद श्रृंखला ‘योगी की पाती’ ने 50 सप्ताह का सफर पूरा कर लिया है. इस खास मौके पर सोमवार को सीएम योगी ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे. इसके साथ ही 1090 परिसर में एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा.
कॉफी टेबल बुक का विमोचन
'योगी की पाती' के 50 हफ्तों के सफर, जनसंवाद और सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावों को संकलित कर एक विशेष कॉफी टेबल बुक तैयार की गई है, जिसका औपचारिक विमोचन स्वयं मुख्यमंत्री योगी करेंगे.
1090 परिसर में विशेष प्रदर्शनी
इस उपलब्धि को आम जनता के बीच साझा करने के लिए लखनऊ के गोमती नगर स्थित 1090 चौराहा परिसर में एक विशेष प्रदर्शनी (Exhibition) का आयोजन भी किया जाएगा. इस प्रदर्शनी के माध्यम से पिछले 50 हफ्तों में जारी की गई 'पाती' के प्रमुख अंशों और प्रदेश की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा.
X पर जताई खुशी
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा -“प्रदेशवासियों से पाती के माध्यम से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, पता ही नहीं चला।”
सिर्फ पत्र नहीं, जनभावनाओं की आवाज
सीएम योगी ने कहा कि बीते एक साल में लिखे गए ये पत्र उनके लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें आवाज देने और उनके अनुरूप व्यापक दृष्टिकोण साझा करने का माध्यम बने हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की विशेष प्रसन्नता है कि संवाद की यह श्रृंखला प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है.
विश्वास का सेतु बने यह संवाद
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस संवाद श्रृंखला को और मजबूत बनाने की अपील की. उन्होंने कहा -“विचारों की यह साझेदारी सरकार और समाज के बीच विश्वास का सेतु बने. हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।”