)
Who is Deepika Anand: बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि भतीजे आकाश आनंद और ईशान के लिए बसपा में कोई जगह नहीं है. हालांकि, परिवार के एक सदस्य को आगे किया है. मायावती ने छोटे भाई आनंद कुमार की एकलौती बेटी दीपिका आनंद के लिए सियासी दरवाजे खोल दिए हैं. मायावती ने दीपिका आनंद को भविष्य में बसपा की जिम्मेदारियों सौंपने की बात कही है. आइए जानते हैं कौन हैं मायावती की भतीजी दीपिका आनंद?.
कौन हैं मायावती की भतीजी दीपिका आनंद?
दीपिका आनंद बसपा प्रमुख मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार की एकलौती बेटी हैं. दीपिका आनंद इस समय वकालत की पढ़ाई कर रही हैं. दीपिका, आकाश आनंद और ईशान की बहन हैं. वर्तमान में दीपिका आनंद राजनीति से दूर हैं. बसपा के राजनीतिक कार्यक्रमों में अभी तक उन्हें नहीं देखा गया है. अब मायावती द्वारा दीपिका आनंद के नाम का जिक्र किए जाने के बाद उनके सियासत में आने के कयास लगने शुरू हो गए.
कौन हैं मायावती के भाई आनंद कुमार?
मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार की बसपा में नंबर दो की हैसियत है. एक समय था आनंद कुमार नोएडा विकास प्राधिकरण में क्लर्क हुआ करते थे. यूपी में बसपा की सरकार बनने के बाद आनंद कुमार की पॉलिटिक्स चमक गई. साल 1999—2000 में आनंद कुमार ने नौकरी छोड़कर पॉलिटिक्स में आ गए. वर्तमान में आनंद कुमार बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं. आनंद कुमार का रियल स्टेट और होटल का कारोबार है.
दोनों भतीजों से भरोसा उठा
मायावती ने पिछले दिनों भतीजे आकाश आनंद को बसपा से सभी पदों से हटा दिया था. बाद में आकाश आनंद को पार्टी से बाहर भी कर दिया था. इसके बाद आकाश आनंद के छोटे भाई ईशान के नाम की चर्चा शुरू हो गई. कयास लगाए गए कि आकाश आनंद की जगह ईशान लेंगे. मायावती ने ईशान का परिचय भी कराया. अब बसपा सुप्रीमो मायावती का दोनों भतीजों आकाश आनंद और ईशान से भरोसा उठ गया है. उन्होंने दोनों को भविष्य में बसपा में कोई पद न देने की बात कही है.