)
जयपाल/वाराणसी: वाराणसी में रैपिडो चालक की शर्मनाक हरकत सामने आई है. एक यात्री ने डाफी से बनारस रेलवे स्टेशन जाने के लिए रैपिडो बुक किया. आरोप है कि रैपिडो चालक की लोकेशन काफी देर तक एक ही जगह दिख रही थी. इस पर यात्री ने रैपिडो चालक को फोन किया. आरोप है कि रैपिडो चालक ने फोन उठाकर कहा कि शराब पी रहा हूं, पीकर आऊंगा... इसके बाद यात्री ने राइड कैंसिल कर दी. मामले में कंपनी ने रैपिडो चालक को सस्पेंड कर दिया है.
वाराणसी की घटना
दरअसल, आशुतोष त्रिपाठी नाम के युवक को वाराणसी से हरिद्वार जाना था. आशुतोष को बनारस रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी. आशुतोष ने बताया कि उन्होंने डाफी से बनारस रेलवे स्टेशन जाने के लिए राइड बुक की. रैपिडो ने राइड बुक कर ली. आरोप है कि रैपिडो चालक काफी देर तक एक ही लोकेशन पर आकर रुका रहा. आशुतोष कुछ देर तक इंतजार किए. इसके बाद रैपिडो चालक को फोन मिला दिया.
कंपनी से शिकायत की
आरोप है कि रैपिडो चालक ने फोन उठाया, इस पर आशुतोष ने पूछा कितनी देर में आ रहे हैं. रैपिडो चालक का जवाब आया. शराब पी रहा हूं, पीकर आऊंगा. रैपिडो चालक का आडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं, आशुतोष को हरिद्वार जाने में परेशानी हुई. इसकी शिकायत उन्होंने कंपनी से की. कंपनी ने माफी मांगते हुए रैपिडो चालक का अकाउंट सस्पेंड कर दिया. आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि यह 5 अक्टूबर की घटना है. रैपिडो चालक की हरकत की वजह से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी
रैपिडो चालक का ऑडियो वायरल
आशुतोष ने बताया कि ड्राइवर के नशे में होने की बात सुनकर उन्होंने तुरंत अपनी बुक की गई राइड कैंसिल कर दी. ड्राइवर की शर्मनाक बातचीत का ऑडियो भी वायरल हो रहा है. पीड़ित यात्री ने पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर कंपनी को भी भेज दिया. रात्रि में कैब और ऑटो बुक करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रैपिडो के सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. मामला तूल पकड़ने के बाद रैपिडो प्रबंधन हरकत में आया और घटना पर लिखित माफी मांगी है. कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है.